देश
- Edited by: मोनू झा
- Updated Aug 14, 2026, 09:08 PM IST
80वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देश की रक्षा में अदम्य साहस दिखाने वाले सशस्त्र बलों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के 78 जवानों के लिए वीरता पुरस्कारों की मंजूरी दी है। इनमें 13 मरणोपरांत पुरस्कार शामिल हैं।
![]()
राष्ट्रपति मुर्मू ने कीर्ति और शौर्य चक्र विजेताओं के नामों की घोषणा की (फाइल फोटो)
Photo :
PTI
देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भारतीय सशस्त्र बलों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF) के जवानों के अदम्य साहस और बेमिसाल पराक्रम को नमन करते हुए 78 वीरता पुरस्कारों को मंजूरी दी है। इस बार घोषित पुरस्कारों में देश के लिए अपनी जान न्योछावर करने वाले 13 जांबाजों को मरणोपरांत सम्मानित किया जाएगा।
मंजूर किए गए इन वीरता पुरस्कारों में 9 'कीर्ति चक्र', 19 'शौर्य चक्र', 5 'बार टू सेना मेडल (वीरता)' और 36 'सेना मेडल (वीरता)' शामिल हैं। गौरतलब है कि 'कीर्ति चक्र' भारत का दूसरा सबसे बड़ा शांतिकालीन वीरता पुरस्कार (अशोक चक्र के बाद) है, जबकि 'शौर्य चक्र' तीसरा सर्वोच्च शांतिकालीन वीरता पुरस्कार माना जाता है।
इन जाबांजों को मिलेगा कीर्ति चक्र
इस साल कीर्ति चक्र पाने वाले जीवित शूरवीरों में 21 पैरा (स्पेशल फोर्सेज) के लेफ्टिनेंट कर्नल मनोज फ्रांसिस और 2 पैरा (स्पेशल फोर्सेज) के मेजर जितेंद्र राठी शामिल हैं। इसके अलावा 7 अन्य वीरों को मरणोपरांत कीर्ति चक्र से अलंकृत किया गया है। मरणोपरांत सम्मान पाने वाले अमर शहीदों में 2 पैरा (स्पेशल फोर्सेज) के हवलदार गजेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल जगबीर सिंह व बशीर अहमद, कांस्टेबल जसवंत सिंह, बलविंदर सिंह व तारिक हुसैन और इंस्पेक्टर सुनील कुमार शामिल हैं।
शौर्य चक्र विजेताओं के नाम
इसी तरह शौर्य चक्र विजेताओं में 36 राष्ट्रीय राइफल्स के मेजर परमवीर, 57 राष्ट्रीय राइफल्स के मेजर तरुण वासुदेवन, 12 डोगरा रेजीमेंट के मेजर केशव कुमार, 21 ग्रेनेडियर्स के मेजर गौरव सिंह बृजवाल, 11 राष्ट्रीय राइफल्स के मेजर विपिन कुमार, 3 असम राइफल्स के नायब सूबेदार शंकर राम और 21 पैरा (स्पेशल फोर्सेज) के नायब सूबेदार डब्बल सिंह बिष्ट शामिल हैं।
इसके अलावा 4 पैरा (स्पेशल फोर्सेज) के हवलदार जगत्तर सिंह, 9 राष्ट्रीय राइफल्स के लांस नायक नरेंद्र सिंधु (मरणोपरांत), 11 राष्ट्रीय राइफल्स के लांस नायक कपिल देव, 7 सिख लाइट इन्फैंट्री के सिपाही जसविंदर सिंह, भारतीय नौसेना के लेफ्टिनेंट कमांडर शिवम कुमार और भारतीय वायुसेना के स्क्वाड्रन लीडर सुधीर कुमार को भी शौर्य चक्र प्रदान किया गया है। पुलिस बलों से डिप्टी एसपी धीरज सिंह कटोच, इंस्पेक्टर अजय सिंह छिब, डिप्टी एसपी सुखवीर सिंह, एएसआई नियाज अहमद, डिप्टी कमांडेंट अंजनी कुमार और कांस्टेबल दीपक साह को भी शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया है।
![]()
मोनू झाauthor
मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।
और पढ़ें
- Hindi News
- India
End of Article