बांसवाड़ा में अनाज व्यापारी के घर की कुंदी तोड़कर चोर करीब 250 ग्राम सोने की ज्वेलरी, 15 किलो चांदी और 13 लाख कैश समेत करीब 75 लाख रुपए का सामान ले गए।
.
घटना के समय व्यापारी पत्नी के साथ घर के आगे कमरे में सो रहे थे। घटना जिला मुख्यालय से करीब 70 किलोमीटर दूर कुशलगढ़ थाना क्षेत्र के टीमेड़ा बस स्टैंड क्षेत्र में सोमवार की रात करीब 12 बजे हुई। कारोबारी की तीन बेटियां है, जिनमें एक लंदन(इंग्लैंड) और दो बेंगलुरु में मल्टीनेशनल कंपनी में कार्यरत हैं।
कुशलगढ़ थानाधिकारी प्रवीण सिंह सिसोदिया ने बताया कि पीड़ित व्यापारी अशोक कुमार पुत्र महावीर प्रसाद अग्रवाल की ओर से मंगलवार को मिली रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बदमाशों ने घर में पड़ी अलमारी का ताला तोड़ दिया।
अलमारी तोड़कर ज्वेलरी और कैश ले गए रिपोर्ट में व्यापारी अशोक कुमार ने बताया कि वारदात के समय वे अपनी पत्नी के साथ मकान के आगे के कमरे में सो रहे थे। घर के पीछे की तरफ मगरी माता पहाड़ी की ओर कुछ अतिरिक्त कमरों का निर्माण कार्य चल रहा है, जिसका फायदा उठाकर चोर घर के पिछले हिस्से से घुस गए।
जब तड़के 3:30 बजे अशोक कुमार उठे, तो घर के तीनों दरवाजे खुले हुए थे। कमरों में जाने पर पता चला कि तिजोरी टूटी थी और अलमारियों का सारा सामान अस्त-व्यस्त बिखरा था। अलमारी में रखे सोने-चांदी के पुश्तैनी जेवर और कैश भी गायब था। घर में रखी चांदी की गाय की मूर्ति को कांच के बॉक्स सहित उठाकर रसोई में ही छोड़ गए।
सूचना पर कुशलगढ़ थानाधिकारी प्रवीण सिंह सिसोदिया पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और मुआयना किया। मौके पर पहुंची एफएसएल टीम ने फिंगरप्रिंट्स और अन्य सबूत जुटाए। साइबर टीम ने मोबाइल टावर डंप और एक्टिव नंबर्स को खंगालकर जांच शुरू की।

चोर तिजोरी को तोड़कर कैश और ज्वेलरी ले गए।
थानाधिकारी बोले- सीसीटीवी कैमरों से जांच कर रहे हैं थानाधिकारी ने बताया- आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की गई, जिसमें रात करीब सवा 12 बजे एक संदिग्ध व्यक्ति घर की तरफ आता दिखाई दिया है। सीसीटीवी और तकनीकी इनपुट्स के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। इस बीच घटना की जानकारी मिलते ही जिले के दूसरे कारोबारी बजरंग भाई अग्रवाल, अशोक भाई, प्रीतेश भाई पडियार, राहुल भाई बटेब्रा सहित कई व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से गहरी नाराजगी जताई।
व्यापारियों ने थानाधिकारी से कहा कि क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाए। साथ ही आरोपियों को जल्दी गिरफ्तार कर चोरी गया माल बरामद किया जाए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सूचना पर पहुंची साइबर सेल की टीम अनुसंधान करते हुए।