September 6, 2026

World's Narrowest House: सिर्फ 72 सेंटीमीटर चौड़ा है ये घर, फिर भी है बेडरूम, किचन और टॉयलेट! दुनिया के सबसे संकरे घर की VIDEO कर देगी हैरान

World's Narrowest House: आपने आज तक महल जैसे बड़े, बहुत छोटे या लंबे घरों के बारे में जरूर सुना होगा. लेकिन क्या आपने कभी भी ऐसे घर की कल्पना की है, जिसकी चौड़ाई इतनी कम हो कि उसमें दो लोग भी मुश्किल से आमने-सामने खड़े हो पाएं? अगर नहीं, तो आप हैरान होने वाले हैं. अब सोचिए इतनी कम जगह में अगर बैठने के लिए स्पेस, काम करने की जगह, किचन, टॉयलेट, शॉवर और यहां तक कि सोने के लिए बेड भी मौजूद हो, तो ये आपको किसी अजूबे से कम नहीं लगेगा. इससे ज्यादा चौंकाने वाली बात ये है कि ये अजूबा दुनिया में मौजूद है. पोलैंड की राजधानी वारसॉ में बना दुनिया का सबसे संकरा घर लोगों का ध्यान खींच रहा है.

अपनी बेहद संकरी बनावट के बावजूद इस घर में जरूरत की लगभग हर चीज के लिए जगह बनाई गई है. घर की खासियत सिर्फ इसका छोटा साइज ही नहीं, बल्कि जिस तरह से हर इंच जगह का स्मार्ट तरीके से इस्तेमाल किया गया है, वो भी है. इसे देखकर पहली नजर में यकीन करना मुश्किल हो सकता है कि इतनी कम चौड़ाई में एक पूरा घर आराम से डिजाइन किया जा सकता है. चलिए देखते हैं कि दुनिया का सबसे संकरा घर आखिर अंदर से दिखता कैसा है और इसमें क्या-क्या चीजें हैं.

घर नहीं, किसी संकरी गली जैसा आता है नजर
वारसॉ में मौजूद ये घर बाहर से इतना संकरा दिखाई देता है कि पहली नजर में समझ ही नहीं आता कि ये रहने की जगह है. ताज्जुब की बात ये है कि अगर आपको घर के अंदर जाना है तो इसके सामने की तरफ कोई गेट नहीं है. अंदर जाने के लिए आपको चारों तरफ से पूरा घूमकर दूसरी तरफ आना पड़ेगा. जहां अमूमन घरों की एंट्रेंस आने से होती है, लेकिन इस घर का मेन गेट पीछे की तरफ है.

इस घर की सबसे खास बात इसका बेहद छोटा चौड़ाई वाला डिजाइन है. ये पूरी तरह रेक्टेंगुलर भी नहीं है. इसकी सबसे चौड़ी जगह करीब 122 सेंटीमीटर, जबकि सबसे संकरी जगह सिर्फ 72 सेंटीमीटर है.

सम्बंधित ख़बरें

फर्स्ट फ्लोर पर पहुंचकर गेट बंद करना पड़ता है, तभी चल पाते हैं. (Photo: Instagram/@blessedarch)

तीन लेवल में बांटा गया है पूरा घर
इतनी कम जगह में घर की सभी जरूरतों को पूरा करने के लिए इसे अलग-अलग लेवल में डिजाइन किया गया है. ग्राउंड फ्लोर पर सिर्फ और सिर्फ घर की एंट्री है. यानी वहां और कुछ नहीं है. इसके बाद ऊपर के हिस्सों में घर के दूसरे कामों के लिए जगह बनाई गई है.

ईंट-पत्थर वाली सीढ़ियों की जगह यहां एक लकड़ी की सीढ़ी का इस्तेमाल किया गया है, जिससे फर्स्ट फ्लोर तक पहुंचा जा सकता है. यानी घर में जगह बचाने के लिए डिजाइन का लगभग हर हिस्सा सोच-समझकर तैयार किया गया है.

घर में सिंक और स्टोव लगा है. (Photo: Instagram/@blessedarch)

छोटी सी जगह में बैठने और काम करने की जगह
घर के अंदर प्रवेश करने के बाद दरवाजा बंद करना जरूरी है, क्योंकि दरवाजा बंद होने के बाद ही अंदर का पूरा फ्लोर एरिया इस्तेमाल किया जा सकता है.

अंदर एक छोटा सा सोफा रखा गया है, जहां बैठा जा सकता है. पास में लाइट भी लगाई गई है, ताकि यहां बैठकर पढ़ने या काम करने जैसी चीजें की जा सकें. कम जगह के बावजूद इंटीरियर को इस तरह रखा गया है कि स्पेस बेकार न जाए.

फर्स्ट फ्लोर के सबसे कोने में एक काउच पड़ा है. (Photo: Instagram/@blessedarch)

इतनी छोटी जगह में किचन, टॉयलेट और शॉवर भी
घर की सबसे चौंकाने वाली बात ये है कि यहां सिर्फ बैठने और सोने की जगह ही नहीं है. एक छोटे से हिस्से में किचन बनाई गई है, जबकि दूसरी तरफ टॉयलेट और शॉवर भी मौजूद है.

टॉयलेट के अंदर शीशा भी लगाया गया है और शॉवर की फैसिलिटी भी दी गई है. यानी जिस तरह नॉर्मल घरों में सरी जरूरी सुविधाएं होती हैं, वैसे ही इसमें भी मौजूद हैं. 

बाथरूम में टॉयलेट सीट से लेकर शॉवर तक लगा है. (Photo: Instagram/@blessedarch)

ऊपर चढ़ते ही मिलता है छोटा बेडरूम
सीढ़ी के जरिए और ऊपर पहुंचने पर सोने की जगह बनाई गई है. यहां एक बेड रखा गया है, जिसके साथ खिड़की भी है. खिड़की से बाहर देखा जा सकता है और घर के आसपास का इलाका भी नजर आता है.

ये हिस्सा भी काफी मिनिमल रखा गया है. यहां जरूरत से ज्यादा फर्नीचर या सामान नहीं रखा गया, क्योंकि इतने छोटी जगह में हर इंच की अहमियत है.

छत पर बना स्काइलाइट पूरे घर को देता है नेचुरल रोशनी
इस घर का डिजाइन सिर्फ छोटा और कॉम्पैक्ट होने की वजह से खास नहीं है. इसमें नेचुरल रोशनी का भी खास ध्यान रखा गया है. छत के एक बड़े हिस्से में बिल्ट-इन स्काइलाइट दिया गया है, जिससे दिन के समय घर के अंदर नेचुरल रोशनी आती है.

घर के ढांचे के हिस्सों को छिपाने के बजाय इन्हें भी किसी डिजाइन की तरह बनाया गया है. इन्हीं हिस्सों के साथ लाइट्स इस तरह लगाई गई हैं कि पूरे घर का इंटीरियर और भी खूबसूरत नजर आता है.

ये घर दिखाता है कि रहने के लिए हमेशा बड़े-बड़े कमरों और ज्यादा फर्नीचर की जरूरत नहीं होती. यहां हर सुविधा को उपलब्ध जगह के हिसाब से छोटा और कॉम्पैक्ट बनाया गया है. किचन से लेकर बाथरूम और बेडरूम तक, हर चीज को इस तरह ऑर्गनाइज किया गया है कि कम से कम जगह में ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल हो सके.

---- समाप्त ----