
सचिन तेंदुलकर (फाइल फोटो)Image Credit source: GettyImages
क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर ने भले ही खेल से सन्यास ले लिया हो, लेकिन वह किसी ने किसी वजह से चर्चाओं में रहते हैं. अब सचिन तेंदुलकर प्रॉपर्टी में निवेश को लेकर चर्चा में हैं. सचिन तेंदुलकर ने महाराष्ट्र के लोनावला में करीब 3.9 एकड़ जमीन खरीदी है. इस जमीन के लिए उन्होंने तीन अलग-अलग सौदे किए हैं और इनकी कुल कीमत करीब 70 करोड़ रुपये बताई जा रही है.
द इकोनॉमिक्स टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, इन तीनों सौदों का रजिस्ट्रेशन 4 सितंबर को हुआ. पूरी जमीन का क्षेत्रफल करीब 15,601.78 वर्ग मीटर यानी लगभग 1.68 लाख वर्ग फीट है. यह जमीन लोनावला के एच वार्ड में चार अलग-अलग सिटी सर्वे नंबरों में मौजूद है.
इस तरह हुआ जमीन का सौदा
इनमें सबसे बड़ा सौदा करीब 63.69 करोड़ रुपये का है. इसके तहत सचिन ने लगभग 3.09 एकड़ जमीन खरीदी है. इस जमीन पर पहले से करीब 2,100 वर्ग फीट का बना हुआ स्ट्रक्चर भी मौजूद है. इस हिस्से की प्रभावी कीमत करीब 4,735 रुपये प्रति वर्ग फीट बैठती है. बाकी दो सौदों में सचिन तेंदुलकर ने दो अलग-अलग जमीन के हिस्सों में 50-50 प्रतिशत का अविभाजित हिस्सा खरीदा है. इनमें से एक सौदा करीब 4.56 करोड़ रुपये का है. इसमें 2,302.27 वर्ग मीटर जमीन शामिल है. वहीं, तीसरी डील करीब 1.75 करोड़ रुपये की है और इसमें 803.93 वर्ग मीटर जमीन का हिस्सा शामिल है.
इन दोनों सौदों को मिलाकर करीब 0.77 एकड़ जमीन के हिस्से का लेनदेन हुआ है. रजिस्ट्रेशन दस्तावेजों के आधार पर तीनों सौदों को मिलाने पर जमीन की प्रभावी औसत कीमत करीब 4,168 रुपये प्रति वर्ग फीट आती है. वहीं, आखिरी दो सौदों में खरीदे गए जमीन के हिस्से की कीमत करीब 1,888 रुपये प्रति वर्ग फीट बैठती है. इन प्रॉपर्टी डील पर सचिन तेंदुलकर ने करीब 4.20 करोड़ रुपये की स्टांप ड्यूटी भी चुकाई है. हालांकि, सचिन तेंदुलकर या उनकी टीम की ओर से इस सौदे को लेकर अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई है.
लोनावला क्यों है खास?
लोनावला महाराष्ट्र के पुणे जिले में स्थित एक लोकप्रिय हिल स्टेशन है. यह मुंबई और पुणे के बीच होने के कारण लंबे समय से सेकेंड होम और छुट्टियां बिताने के लिए घर खरीदने वालों की पसंद रहा है. यहां लग्जरी विला, बड़े प्लॉट और हॉलिडे होम की मांग लगातार बनी हुई है. मुंबई और पुणे से अच्छी कनेक्टिविटी के कारण लोनावला में बड़े निवेशकों और सेलिब्रिटीज की दिलचस्पी भी बढ़ी है. अमीर निवेशक अब सिर्फ तैयार मकान या फ्लैट खरीदने के बजाय बड़े जमीन के टुकड़ों में निवेश कर रहे हैं. इससे उन्हें अपनी पसंद के हिसाब से घर या विला बनाने की ज्यादा आजादी मिलती है.
ये भी पढ़ें- नहीं थमेगी इकोनॉमी की रफ्तार! FY27 में भी 7% से ज्यादा रह सकती है GDP ग्रोथ

महेंद्र भार्गव
महेंद्र भार्गव एक अनुभवी बिजनेस और ऑटोमोबाइल जर्नलिस्ट हैं, जो 2018 से डिजिटल मीडिया इंडस्ट्री में सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं. वर्तमान में महेंद्र TV9 Bharatvarsh के साथ जुड़े हुए हैं, जहां बिजनेस और ऑटोमोबाइल से जुड़ी लेटेस्ट अपडेट्स, रिव्यू, एक्सक्लूसिव स्टोरीज़ और इन-डेप्थ एनालिसिस पर काम कर रहे हैं. ऑटोमोबाइल और बिजनेस सेगमेंट में 5+ सालों के अनुभव के साथ, Mahendra ने कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम किया है. महेंद्र नवदुनिया (दैनिक जागरण ग्रुप) अखबार से रिपोर्टर के तौर पर शुरुआत की. आगे ETV Bharat, Dainik Bhaskar, News18 और Zee News में उन्होंने डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में कई भूमिकाओं में काम किया.
Read More