Aug 31, 2026 09:53 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान

Boltt ने Ace 5G और Evo फोन के लिए तीन बड़े Android अपडेट और 4 साल तक सिक्योरिटी अपडेट देने का ऐलान किया है। कंपनी की यह 3+4 सॉफ्टवेयर पॉलिसी बजट स्मार्टफोन सेगमेंट में यूजर्स के लिए फायदेमंद साबित हो सकती है।

Boltt ने अपने डिवाइसेज को 4 बड़े अपडेट्स देने का फैसला किया है।
भारतीय स्मार्टफोन मार्केट में नई एंट्री करने वाले ब्रैंड Boltt ने अपने पहले दो स्मार्टफोन Ace 5G और Evo के लिए सॉफ्टवेयर अपडेट पॉलिसी की घोषणा कर दी है। कंपनी ने दोनों फोन के लिए 3+4 सॉफ्टवेयर कमिटमेंट पेश किया है। इसके तहत यूजर्स को तीन बड़े Android OS अपडेट और चार साल तक सिक्योरिटी अपडेट मिलेंगे। यह घोषणा दोनों स्मार्टफोन की पहली सेल से ठीक पहले की गई है।
Boltt के मुताबिक, Ace 5G और Evo दोनों को तीन बड़े Android OS अपग्रेड्स मिलेंगे। दोनों स्मार्टफोन फिलहाल Android 16 पर काम करते हैं। इसका मतलब है कि कंपनी ने इन डिवाइसेज के लिए तीन बड़े Android वर्जन अपग्रेड का वादा किया है। इसके अलावा दोनों फोन्स को चार साल तक सिक्योरिटी अपडेट मिलेंगे। कंपनी के मुताबिक सिक्योरिटी पैच कम से कम हर तिमाही यानी तीन महीने में एक बार रिलीज किए जाएंगे। अगर कोई गंभीर खामी सामने आती है, तो उसके लिए कंपनी रेग्युलर क्वॉर्टर अपडेट का इंतजार नहीं करेगी और जरूरत पड़ने पर एक्सट्रा सिक्योरिटी अपडेट रिलीज कर सकती है।
कब से शुरू होगा अपडेट का सपोर्ट पीरियड?
Boltt ने बताया है कि सॉफ्टवेयर सपोर्ट पीरियड प्रत्येक फोन की आधिकारिक लॉन्च डेट से शुरू होगी। हालांकि कंपनी ने यह भी साफ किया है कि अपडेट का शेड्यूल चिपसेट और प्लेटफॉर्म सपोर्ट, Google की सर्टिफिकेशन नीड्स और दूसरी बातों पर डिपेंड कर सकता है। यह बात इसलिए इंपॉर्टेंट है क्योंकि तीन OS अपडेट का वादा होने का मतलब यह नहीं है कि हर नया Android वर्जन लॉन्च होते ही उसी दिन फोन पर उपलब्ध हो जाएगा। अपडेट का रोलआउट कंपनी के सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट और संबंधित प्लेटफॉर्म सपोर्ट पर निर्भर करेगा।
1 सितंबर से होगी पहली सेल
Boltt Ace 5G और Boltt Evo भारत में 1 सितंबर, 2026 से Flipkart पर एक्सक्लूसिव तौर पर सेल के लिए उपलब्ध होंगे। कंपनी ने दोनों फोन के लिए Day 1 ऑफर भी अनाउंस किया है। Boltt Ace 5G की शुरुआती कीमत 13,999 रुपये है, जबकि Day 1 ऑफर के तहत इसकी शुरुआती कीमत 12,999 रुपये होगी। वहीं Boltt Evo की शुरुआती कीमत 10,999 रुपये है और पहली सेल के दौरान यह 9,999 रुपये से शुरू होगा।
Boltt Ace 5G में क्या मिलेगा?
Boltt Ace 5G में 6.79 इंच का HD+ LCD डिस्प्ले दिया गया है। स्क्रीन में 120Hz रिफ्रेश रेट और 600 निट्स तक की पीक ब्राइटनेस मिलती है। फोन में Unisoc T8200 प्रोसेसर दिया गया है और यह 4GB, 6GB और 8GB RAM विकल्पों के साथ आता है। स्टोरेज के लिए 64GB और 128GB विकल्प मिलते हैं। माइक्रोएसडी कार्ड के जरिए स्टोरेज को 1TB तक बढ़ाया जा सकता है। कैमरे की बात करें तो फोन में 64MP का मुख्य रियर कैमरा और 8MP का फ्रंट कैमरा दिया गया है। इसमें 6,000mAh की बैटरी मिलती है और 18W वायर्ड चार्जिंग का सपोर्ट है। कनेक्टिविटी में 5G के अलावा NFC, Wi-Fi, Bluetooth 5.0 और USB Type-C शामिल हैं।
ऐसे हैं Boltt Evo के फीचर्स
Boltt Evo में भी 6.79 इंच का HD+ डिस्प्ले है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट और 600 निट्स तक की ब्राइटनेस सपोर्ट करता है। इसमें Unisoc T7250 प्रोसेसर दिया गया है। फोन 4GB और 6GB RAM तथा 64GB और 128GB स्टोरेज ऑप्शंस में आता है। इसमें भी माइक्रोएसडी कार्ड के जरिए स्टोरेज को 1TB तक बढ़ाया जा सकता है। फोटोग्राफी के लिए Evo में 50MP मेन कैमरा और 2MP मैक्रो कैमरा दिया गया है, जबकि सेल्फी के लिए 8MP फ्रंट कैमरा मिलता है। फोन में 6000mAh की बैटरी दी गई है और यह Android 16 पर चलता है।
बजट सेगमेंट में खास है अपडेट पॉलिसी?
स्मार्टफोन खरीदते वक्त सिर्फ प्रोसेसर, कैमरा और बैटरी ही महत्वपूर्ण नहीं हैं। लंबे समय तक मिलने वाले सॉफ्टवेयर और सिक्योरिटी अपडेट भी जरूरी हैं। ऐसे में 10,000 रुपये से 15,000 रुपये के आसपास के सेगमेंट में तीन बड़े Android अपडेट और चार साल के सिक्योरिटी अपडेट का वादा Boltt के लिए एक बड़ा कदम है। खासकर उन यूजर्स के लिए जो अपना स्मार्टफोन दो साल के बाद बदलने के बजाय लंबे समय तक इस्तेमाल करना चाहते हैं।
लेखक के बारे में
Pranesh Tiwari
प्राणेश वर्तमान में 'लाइव हिन्दुस्तान' में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं, जहां वे पिछले चार वर्षों से टेक्नोलॉजी सेक्शन का अहम हिस्सा हैं। खुद को दिल से लेखक और पेशे से पत्रकार मानने वाले प्राणेश के पास पत्रकारिता के क्षेत्र में आठ वर्षों से अधिक का अनुभव है। उन्होंने अपने पूरे करियर में साइंस और टेक्नोलॉजी की जटिलताओं को आम पाठकों के लिए सरल, सहज और रोचक भाषा में प्रस्तुत करने पर विशेष ध्यान दिया है।
विशेषज्ञता और कार्यशैली
प्राणेश की विशेषज्ञता गैजेट्स, टेक इनसाइट्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसे विषयों में है। वे तकनीकी बारीकियों और
कठिन शब्दावली को इस तरह प्रस्तुत करते हैं कि एक सामान्य पाठक भी तेजी से बदलती डिजिटल दुनिया को आसानी से समझ सके। लेटेस्ट
गैजेट्स का रिव्यू करना और नए मोबाइल ऐप्स के फीचर्स को आजमाना उनके काम का पसंदीदा हिस्सा है। उनकी लेखन शैली में स्पष्टता,
रिसर्च और कहानी कहने का संतुलन देखने को मिलता है।
अब तक का सफर और उपलब्धियां
प्राणेश ने अपने प्रोफेशनल करियर की शुरुआत नवभारत टाइम्स ऑनलाइन से की। इसके बाद उन्होंने न्यूजबाइट्स (NewsBytes) में
सीनियर टेक जर्नलिस्ट के रूप में काम किया, जहां उन्होंने तकनीकी रिपोर्टिंग में अपनी अलग पहचान बनाई। वे भारतीय जनसंचार
संस्थान (IIMC), नई दिल्ली के पूर्व छात्र हैं और अपनी प्रतिभा के लिए प्रतिष्ठित PTI अवॉर्ड से सम्मानित हो चुके हैं।
लेखन और व्यक्तिगत रुचियां
पत्रकारिता के साथ-साथ प्राणेश एक संवेदनशील और रचनात्मक लेखक भी हैं। लॉकडाउन के दौरान उन्होंने ‘सिर्फ दोस्त: नए जमाने की
प्रेम कहानियां’ नामक लघुकथा संग्रह लिखा, जिसमें रिश्तों की बारीकियों को भावनात्मक रूप से प्रस्तुत किया गया है।
उन्हें स्मार्टफोन, कंज्यूमर टेक और डिजिटल इनोवेशन से जुड़े विषयों पर गहराई से रिसर्च करना और पढ़ना पसंद है। काम के अलावा, उन्हें यात्रा करना भी बेहद पसंद है। उनके लिए यात्राएं केवल सुकून का जरिया नहीं, बल्कि नए अनुभवों और कहानियों को खोजने का तरीका हैं।
चाहे वह किसी नए AI टूल की पड़ताल हो या किसी अनदेखी जगह की यात्रा.. प्राणेश का लक्ष्य हमेशा एक बेहतरीन कहानी बुनना ही होता है।
और पढ़ेंSee Less