
फिरकी का जादू बिखेर रहे युजवेंद्र चहल. (फोटो-GETTY)
Yuzvendra Chahal in One Day Cup: भारतीय टीम से लंबे समय से बाहर चल रहे स्टार लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल इंग्लैंड के घरेलू वन-डे कप में अपनी फिरकी का जादू बिखेर रहे हैं. काउंट टीम नॉर्थहैम्पटनशर के लिए खेलते हुए चहल लगातार विरोधी टीमों के बल्लेबाजों को अपनी उंगलियों पर नचा रहे हैं. हाल ही में समरसेट के खिलाफ खेले गए मुकाबले में चहल ने एक बार फिर अपनी धारदार गेंदबाजी का नजारा पेश किया. उन्होंने इस टूर्नामेंट के हर एक मुकाबले में विकेट चटकाया है.
समरसेट के खिलाफ बरपाया कहर
समरसेट के खिलाफ मैच में युजवेंद्र चहल ने काफी किफायती और घातक गेंदबाजी की. उन्होंने अपने कोटे के 10 ओवरों में सिर्फ 35 रन देकर 3 अहम बल्लेबाजों को पवेलियन का रास्ता दिखाया. चहल के इस शानदार स्पैल की बदौलत नॉर्थहैम्पटनशर ने समरसेट की पूरी टीम को महज 185 रनों पर ढेर कर दिया और बाद में 7 विकेट से आसान जीत हासिल कर ली.
7 मैचों में लगाई विकेट की झड़ी
इस टूर्नामेंट में चहल का प्रदर्शन काफी निरंतर रहा है. वो वन डे कप में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले विदेशी गेंदबाज बन गए हैं. अब तक खेले गए 7 मुकाबलों में उन्होंने 21.00 की औसत से कुल 15 शिकार किए हैं. उन्होंने इस टूर्नामेंट की शुरुआत वार्विकशर के खिलाफ 2 विकेट लेकर की थी. फिर केंट के खिलाफ भी 2 बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया था. लीस्टरशर के खिलाफ उन्हें एक ही सफलता मिली थी, लेकिन लंकाशर के खिलाफ वापसी करते हुए उन्होंने 4 विकेट झटक दिए. इसके बाद वो नॉटिंघमशर के खिलाफ भी 2 सफलता हासिल करने में कामयाब रहे.
3 साल से टीम इंडिया में मौके का इंतजार
एक तरफ जहां चहल विदेशी सरजमीं पर इंग्लिश बल्लेबाजों को अपनी गेंदों पर नचा रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ भारतीय नेशनल टीम में उन्हें लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है. चहल पिछले लगभग 3 सालों से भारत के लिए कोई इंटरनेशनल मुकाबला नहीं खेल पाए हैं. हालांकि, इंग्लैंड में उनके इस दमदार प्रदर्शन ने एक बार फिर सेलेक्टर्स और फैंस का ध्यान अपनी ओर खींचा है.

मोहिद खान
मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.
Read More