भारत अपनी वायुसेना की भविष्य की ताकत बढ़ाने के लिए छठी पीढ़ी के लड़ाकू विमान (6th Generation Fighter Aircraft) की दिशा में आगे बढ़ रहा है. रक्षा मंत्रालय ने फ्रांस के नेतृत्व वाले Future Combat Air System (FCAS) कार्यक्रम से जुड़ने की तैयारी शुरू कर दी हैं. यह जानकारी संसद की समिति को रक्षा मंत्रालय की ओर से दिए गए एक्शन टेकन रिप्लाई में दी गई है.
संसदीय समिति ने अपनी सिफारिश में कहा था कि दुनिया में छठी पीढ़ी के लड़ाकू विमानों पर तेजी से काम हो रहा है. ऐसे में भारत को भी अपनी भविष्य की हवाई युद्ध क्षमता को ध्यान में रखते हुए 6th Gen Fighter की योजना पर तुरंत काम शुरू करना चाहिए.
फ्रांस के FCAS में शामिल होने की कोशिश
समिति के मुताबिक, दुनिया में दो बड़े 6th Generation Fighter कार्यक्रम आगे बढ़ रहे हैं. इनमें एक ब्रिटेन-इटली-जापान का GCAP कार्यक्रम है, जबकि दूसरा फ्रांस-जर्मनी के नेतृत्व वाला FCAS कार्यक्रम है.
समिति ने सुझाव दिया था कि भारत को इनमें से किसी एक कार्यक्रम के साथ जुड़ने की संभावनाओं पर विचार करना चाहिए, ताकि भविष्य की अत्याधुनिक लड़ाकू विमान तकनीक में भारत पीछे न रह जाए.
AMCA के साथ 6th Gen Fighter पर भी फोकस
भारत पहले से ही Advanced Medium Combat Aircraft (AMCA) पर काम कर रहा है. समिति ने कहा कि दुनिया में फाइटर जेट तकनीक तेजी से बदल रही है और मौजूदा सुरक्षा चुनौतियों को देखते हुए विमानों की तकनीकी क्षमता को अपग्रेड करना जरूरी है. इसी को देखते हुए समिति ने रक्षा मंत्रालय से 6th Generation Aircraft के विकास और संभावित अधिग्रहण के लिए स्पष्ट रोडमैप और टाइमलाइन तैयार करने को कहा है.
संसद की समिति ने मांगी विस्तृत रिपोर्ट
समिति ने रक्षा मंत्रालय से अगली Action Taken Statement के दौरान 6th Generation Fighter Aircraft को लेकर विकास और अधिग्रहण की स्थिति, तैयार रोडमैप और संभावित टाइमलाइन की विस्तृत जानकारी देने को कहा है.
साथ ही समिति ने AMCA के विकास और निर्माण की मौजूदा स्थिति की रिपोर्ट भी मांगी है. यानी भारत अब AMCA के साथ-साथ अगली पीढ़ी के फाइटर जेट की तैयारी पर भी नजर रख रहा है. फ्रांस के FCAS कार्यक्रम से जुड़ने की कोशिश को इसी रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है.
ये भी पढ़ें- जर्मनी से डील टूटी तो फ्रांस ने भारत से मिलाया हाथ, अब दोनों मिलकर बनाएंगे दुनिया का सबसे एडवांस फाइटर जेट!

अंजू निर्वाण
अंजू निर्वाण भारत की लीडिंग डिफेंस पत्रकारों में से एक हैं, जो राष्ट्रीय सुरक्षा और रणनीतिक मामलों पर अपनी सटीक रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जानी जाती हैं. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में दो दशकों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने इंडिया टीवी, न्यूज़ 24, ज़ी न्यूज़, इंडिया न्यूज़, ईटीवी और रिपब्लिक भारत जैसे प्रमुख समाचार चैनलों में रिपोर्टर, एंकर, प्रोड्यूसर और खोजी पत्रकार के रूप में काम किया है. सितंबर 2022 से अंजू निर्वाण टीवी9 भारतवर्ष में एसोसिएट एडिटर के रूप में कार्यरत हैं, जहां वह रक्षा मामलों की कवरेज का नेतृत्व करती हैं, भारत के सैन्य आधुनिकीकरण, नौसेना की प्रगति, मिसाइल प्रणालियों और भू-राजनीतिक घटनाक्रमों पर कवरेज करती हैं. अंजू निर्वाण ने युद्ध क्षेत्रों से रिपोर्टिंग की है, अग्रिम पंक्ति के सैन्य अभ्यासों को कवर किया है और शीर्ष रक्षा अधिकारियों के इंटरव्यू किए हैं.
Read More