Published: Monday, September 14, 2026, 17:11 [IST]
Nafisa Ali: बॉलीवुड की दिग्गज एक्ट्रेस नफीसा अली लंबे समय से कैंसर के खिलाफ जंग लड़ रही हैं। अपनी बीमारी के बीच भी एक्ट्रेस का हौसला और सकारात्मक रवैया उनके फैंस को प्रेरित करता रहा है। अब 69 साल की नफीसा अली ने सोशल मीडिया पर अपनी सेहत को लेकर एक नया अपडेट दिया है, जिसने उनके चाहने वालों को भावुक कर दिया है। एक्ट्रेस ने बताया कि उनके स्टेज 4 ओवेरियन और पेरिटोनियल कैंसर में अब प्रोग्रेशन देखने को मिला है और लिवर की सतह पर कैंसर के नए डिपॉजिट पाए गए हैं।
लिवर की सतह पर मिले कैंसर के नए डिपॉजिट
नफीसा अली ने अपने इंस्टाग्राम पर अस्पताल के बिस्तर से अपनी एक तस्वीर शेयर की है। तस्वीर में वह लेटी हुई नजर आ रही हैं और चेहरे पर मुस्कान बनाए हुए हैं। इसके साथ उन्होंने अपने हालिया PET/CT स्कैन की जानकारी शेयर की है।
ओवेरियन और पेरिटोनियल कैंसर के बढ़ने के संकेत
-नफीसा अली ने बताया कि जांच में ओवेरियन और पेरिटोनियल कैंसर के बढ़ने के संकेत मिले हैं। स्कैन में लिवर की सतह पर कैंसर के नए डिपॉजिट भी नजर आए हैं। मौजूदा स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उनके इलाज का तरीका बदल दिया है और अब उन्हें टारगेटेड थेरेपी दी जा रही है।
-नफीसा अली ने अपने पोस्ट में ये भी साफ किया है कि वह इस मुश्किल वक्त में हिम्मत नहीं हार रही हैं और मजबूती के साथ बीमारी का सामना कर रही हैं। उन्होंने अपने फैंस और शुभचिंतकों का लगातार प्यार और हौसला देने के लिए शुक्रिया भी अदा किया।
फैंस और सेलेब्स ने बढ़ाया हौसला
नफीसा अली की हेल्थ अपडेट सामने आने के बाद उनके फैंस और इंडस्ट्री के दोस्तों ने कमेंट सेक्शन में उनके लिए दुआएं और शुभकामनाएं भेजी हैं। कई लोगों ने उन्हें मजबूत रहने और जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। फैशन डिजाइनर फराह खान अली ने भी नफीसा का हौसला बढ़ाया है। उन्होंने एक्ट्रेस के जज्बे की तारीफ करते हुए उनके लिए प्यार और दुआएं भेजी हैं।
साल 2018 में नफीसा को कैंसर का पता चला था
नफीसा अली को पहली बार साल 2018 में पेरिटोनियल और ओवेरियन कैंसर का पता चला था। उस वक्त ये जानलेवा बीमारी स्टेज 3 में थी। इसके बाद से वो लगातार इलाज करा रही हैं। बीमारी के लंबे सफर के दौरान वह कई बार अपने स्वास्थ्य को लेकर फैंस के साथ अपडेट शेयर करती रही हैं। कुछ महीने पहले भी नफीसा अली ने बताया था कि वो कैंसर के खिलाफ अपनी तीसरी रेमिशन की स्थिति से गुजर रही हैं। हालांकि अब स्कैन में बीमारी के बढ़ने की जानकारी सामने आई है।
'कैंसर ने मेरे परिवार को भी प्रभावित किया'
जुलाई 2026 में नफीसा अली ने एक इंटरव्यू में कैंसर के अपने जीवन और परिवार पर पड़े प्रभाव को लेकर खुलकर बात की थी। उन्होंने बताया था कि ये बीमारी सिर्फ मरीज को ही नहीं बल्कि पूरे परिवार को प्रभावित करती है। एक्ट्रेस ने कैंसर के सफर को अपनी जिंदगी के सबसे मुश्किल दौर में से एक बताया था। उनका कहना था कि पहले वह दुनिया और समाज से जुड़े मुद्दों के लिए लड़ सकती थीं लेकिन अब उनकी सबसे बड़ी लड़ाई अपनी जिंदगी को बचाने की है।
'बीमारी ने बदली जिंदगी लेकिन हिम्मत नहीं हारी'
नफीसा अली ने पहले भी कहा है कि कैंसर ने उन्हें जीवन को अलग नजरिए से देखने का मौका दिया। उन्होंने अपने बच्चों, परिवार और युवाओं के लिए भी एक संदेश शेयर किया था। एक्ट्रेस का कहना है कि इस बीमारी के बावजूद वो पीछे हटने वाली नहीं हैं। वो अपनी आवाज को बनाए रखना चाहती हैं और अपने अनुभवों के जरिए लोगों तक अपनी बात पहुंचाना चाहती हैं।
नफीसा अली का फिल्मी सफर
नफीसा अली ने हिंदी सिनेमा में अपने अभिनय से अलग पहचान बनाई है। वो जुनून, मेजर साब, यमला पगला दीवाना और लाइफ इन ए...मेट्रो जैसी फिल्मों में नजर आ चुकी हैं। लंबे समय तक फिल्मों से दूरी बनाने के बाद भी उन्होंने समय-समय पर फिल्मों और अन्य प्रोजेक्ट्स में काम किया है। इसी साल वो निर्देशक पद्माकुमार नरसिम्हामूर्ति की फिल्म मैक्स, मिन एंड म्याउजाकी में भी दिखाई दी थीं। अभिनय के साथ नफीसा अपनी सामाजिक सक्रियता के लिए भी जानी जाती हैं।
नफीसा अली का परिवार और निजी जिंदगी
-नफीसा अली का जन्म कोलकाता में हुआ था। उनके पिता अहमद अली बंगाली थे जबकि उनकी मां फिलोमेना टोरेसन एंग्लो-इंडियन परिवार से थीं। नफीसा के दादा एस. वाजिद अली बंगाली साहित्य के चर्चित लेखक रहे हैं।
-नफीसा अली ने पोलो खिलाड़ी और अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित कर्नल रविंदर सिंह सोढ़ी से शादी की थी। शादी के बाद उन्होंने कुछ समय के लिए अभिनय से दूरी बनाई और अपने परिवार और बच्चों की परवरिश पर ध्यान केंद्रित किया। उनके तीन बच्चे हैं, जिनमें बेटियां अरमाना और पिया और बेटा अजीत शामिल हैं।
-नफीसा अली की कैंसर के साथ लंबी लड़ाई आसान नहीं रही है। बीमारी के बढ़ने की नई खबर निश्चित रूप से चिंताजनक है लेकिन एक्ट्रेस का हौसला अब भी कायम है. टारगेटेड थेरेपी के साथ वह एक बार फिर इस मुश्किल दौर का सामना कर रही हैं। उनके फैंस और चाहने वाले उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।