विज्ञापन
सार
Guru Ravidas Maharaj: संत गुरु रविदास महाराज के 650वें प्रकाश पर्व पर भाजपा 29 जुलाई 2026 से वाराणसी के सीर गोवर्धनपुर से राष्ट्रव्यापी 'श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान' शुरू करेगी।

जानकारी देते हुए समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण (सोर्स- फोटो नवभारत)
विस्तार
Guru Ravidas 650th Prakash Parv: संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज के 650वें प्रकाश पर्व के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी 29 जुलाई से राष्ट्रव्यापी ‘श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान’ की शुरुआत करने जा रही है। अभियान का शुभारंभ गुरु पूर्णिमा के दिन वाराणसी के सीर गोवर्धनपुर स्थित संत रविदास जन्मस्थली से होगा। इस मौके पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और डेरा सच्चखण्ड बल्ला के प्रमुख संत गुरु निरंजन दास महाराज मौजूद रहेंगे।
सेवा और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना उद्देश्य
वाराणसी के सर्किट हाउस में आयोजित पत्रकार वार्ता में भाजपा अनुसूचित वर्ग मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने बताया कि यह अभियान 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक देशभर में चलेगा। इसका उद्देश्य संत गुरु रविदास महाराज के समरसता, समानता, सेवा और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से सामाजिक समरसता को मजबूत करने और विकसित भारत के निर्माण में सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
पांच चरणों में संचालित होगा अभियान
अभियान पांच चरणों में संचालित होगा। इसमें कलश वंदन अभियान, संत संपर्क अभियान, जालंधर से काशी तक समरसता यात्रा, छात्रावास संपर्क अभियान और विभिन्न सामाजिक कार्यक्रम शामिल हैं। समरसता यात्रा जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, दिल्ली, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों से होकर गुजरेगी।
सम्बंधित ख़बरें
यह भी पढ़ें- आगरा में जया किशोरी की कथा में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं से भाव-विभोर हुए लोग
समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने बताया कि 28 जुलाई को सीर गोवर्धनपुर में माटी पूजन होगा। इसके बाद 131 कलशों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। देशभर से आए प्रतिनिधि इन कलशों में पावन मिट्टी लेकर अपने-अपने राज्यों में समरसता का संदेश पहुंचाएंगे। 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के दिन विधिवत पूजन के साथ अभियान का औपचारिक शुभारंभ होगा।
अभियान के तहत रविदास घाट पर 11 हजार दीपों से दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा। साथ ही देशभर के रविदास मंदिरों और भाजपा के मंडल स्तर तक दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम आयोजित होंगे। भाजपा का कहना है कि यह अभियान केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, राष्ट्रीय एकता और समरसता का व्यापक जनआंदोलन होगा।
