यमुनानगर के करहेड़ा चौक पर श्री राम गो रक्षा दल के सदस्यों ने एक पिकअप को रोक उसमें करीब 600 किलो मांस पकड़ा। दल के अनुसार यह गोमांस था, जिसे पिकअप के पिछले हिस्से में रखे प्लास्टिक के क्रेटों के नीचे छिपाकर ले जाया जा रहा था।
.
सूचना मिलने के बाद दल के सदस्य मौके पर पहुंचे और पिकअप की जांच की। मांस मिलने के बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और तीन लोगों को पुलिस के हवाले कर दिया गया। मामले में यमुनानगर सदर थाना पुलिस ने तीनों के खिलाफ हरियाणा गौवंश संरक्षण एवं गौसंवर्धन अधिनियम, 2015 की धारा 13(3) के तहत केस दर्ज किया है।

वाहन में क्रेटों के नीचे छिपाकर रखा गया मांस।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचा गो रक्षा दल
श्री राम गो रक्षा दल से शिकायतकर्ता हर्षित ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि एक पिकअप में गाय का मांस ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर दल के सदस्य करहेड़ा चौक स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर पहुंचे। वहां अशोक लीलैंड पिकअप को रोककर उसकी जांच की गई। हर्षित के अनुसार पिकअप के पीछे प्लास्टिक के क्रेट लगे हुए थे और इन क्रेटों के नीचे मांस छिपाकर रखा गया था।
शिकायतकर्ता के मुताबिक सूचना मिलने के बाद दल ने मौके पर पहुंचकर वाहन को पकड़ा। पिकअप की तलाशी लेने पर क्रेटों के नीचे गठड़ियों में छिपाकर रखा मांस बरामद हुआ। इसके बाद दल के सदस्यों ने पुलिस को मौके पर बुलाया। पुलिस के पहुंचने के बाद पिकअप और उसमें सवार तीनों लोगों को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
आरोपियों की पहचान अनीश निवासी इंदौली खेड़ा, जिला सहारनपुर, उत्तर प्रदेश; शाहरुख निवासी गढ़ी, जिला यमुनानगर और नाजिम निवासी शादीपुर, जिला यमुनानगर के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। शिकायतकर्ता ने मांस की मात्रा करीब 600 किलो बताई है।

जमीन खोदकर मांस को मिट्टी में दबाते हुए।
बरामद मांस को गड्ढा खोदकर दबाया
हर्षित ने बताया कि पुलिस को सूचना देने और आरोपियों को पुलिस के हवाले करने के बाद बरामद मांस को मौके पर गड्ढा खोदकर मिट्टी में दबा दिया गया। वहीं पुलिस का कहना है कि मांस की प्रकृति और उसकी पुष्टि से संबंधित तथ्य पुलिस की जांच और आवश्यक जांच रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होंगे।
मामले की जांच ASI प्रदीप सिंह को सौंपी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मांस कहां से लाया गया था, इसे कहां ले जाया जा रहा था और इस मामले में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस द्वारा आरोपियों से पूछताछ के साथ वाहन और बरामदगी से जुड़े तथ्यों की भी जांच की जा रही है।