August 1, 2026

एलन मस्क के 600 अरब डॉलर स्वाहा, आधी रह गई दुनिया के पहले खरबपति की दौलत

Aug 01, 2026 06:45 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान

Follow us on Google News

share

मुख्य बातें

  • पिछले महीने कुछ समय के लिए दुनिया के पहले ट्रिलियन डॉलर से अधिक संपत्ति वाले व्यक्ति बनने वाले मस्क की नेटवर्थ अब करीब आधी रह गई है
  • एलन मस्क की दौलत में इतनी बड़ी गिरावट की वजह उनकी कंपनी SpaceX के शेयरों का क्रैश होना है
Elon Musk

एलन मस्क

SpaceX share news: दुनिया के इकलौते खरबपति एलन मस्क की दौलत में रिकॉर्ड गिरावट दर्ज की गई है। इस गिरावट की वजह से एलन मस्क की नेटवर्थ अपने हाई से आधी रह गई है। ब्लूमबर्ग बिलेनियर्स इंडेक्स के मुताबिक पिछले महीने कुछ समय के लिए दुनिया के पहले ट्रिलियन डॉलर से अधिक संपत्ति वाले व्यक्ति बनने वाले मस्क की नेटवर्थ अब करीब आधी रह गई है। उनका नेटवर्थ करीब 600 बिलियन डॉलर घटकर 684 बिलियन डॉलर पर रह गया है।

दौलत में गिरावट की वजह?

एलन मस्क की दौलत में इतनी बड़ी गिरावट की वजह उनकी कंपनी SpaceX के शेयरों का क्रैश होना है। इसके अलावा, टेस्ला के कमजोर तिमाही नतीजे का भी असर पड़ा है। आंकड़े बताते हैं कि SpaceX के शेयर कंपनी के बड़े मार्केट डेब्यू के बाद अपने पीक से 46% गिर गए। 16 जून को मस्क की संपत्ति लगभग 1.33 ट्रिलियन डॉलर के पीक पर थी। ये वो वक्त था जब SpaceX के शेयर $202 प्रति शेयर के अब तक के सबसे ऊंचे क्लोजिंग लेवल पर पहुंच गए थे। कंपनी के शेयर अपने उच्चतम स्तर से करीब 46% टूटकर 108.37 डॉलर प्रति शेयर पर आ गए हैं। गौर करने वाली बात है कि 600 बिलियन डॉलर से ज्यादा की संपत्ति का यह नुकसान खुद एलन मस्क को छोड़कर किसी भी दूसरे अरबपति की कुल संपत्ति से ज्यादा है। अगर भारतीय अरबपतियों से तुलना करें तो एलन मस्क का नुकसान भारत के टॉप 2 अरबपतियों की कुल दौलत से तीन गुना ज्यादा है।

भारत के टॉप 2 अरबपतियों की दौलत

गौतम अडानी: 112 बिलियन डॉलर

मुकेश अंबानी: करीब 87 बिलियन डॉलर

IPO से स्पेसएक्स ने जुटाए 75 बिलियन डॉलर

इतिहास के सबसे बड़े IPO से स्पेसएक्स ने 75 बिलियन डॉलर जुटाए थे। इसके बाद, SpaceX ने जून में 150 डॉलर प्रति शेयर पर ट्रेडिंग शुरू की, जो इसके 135 डॉलर के IPO प्राइस से 11% अधिक था। लिस्टिंग के बाद, कंपनी के शेयरों में सिर्फ तीन सेशन में 50% से ज्यादा की जबरदस्त तेजी आई। तब से एलन मस्क की कंपनी के शेयर लगभग 46% गिरकर 108.37 डॉलर प्रति शेयर के रिकॉर्ड निचले स्तर पर आ गए हैं।

विश्लेषकों का मानना है कि आने वाले दिनों में स्पेसएक्स के शेयरों पर और दबाव आ सकता है क्योंकि इस महीने 91.15 करोड़ शेयर लॉक-इन अवधि समाप्त होने के बाद कारोबार के लिए उपलब्ध हो जाएंगे। इससे बाजार में शेयरों की आपूर्ति बढ़ने और कीमतों पर अतिरिक्त दबाव बनने की आशंका है।

टेस्ला के नतीजे

एलन मस्क की संपत्ति में गिरावट की दूसरी बड़ी वजह टेस्ला के शेयरों में आई कमजोरी भी है। 22 जुलाई को दूसरी तिमाही के नतीजे जारी होने के बाद से टेस्ला के शेयरों में 17% की गिरावट आई है। एलन मस्क की EV बनाने वाली कंपनी दो साल से ज्यादा समय में पहली बार मुनाफे के अनुमानों को पूरा करने में नाकाम रही और उसने नेगेटिव फ्री कैश फ्लो की रिपोर्ट दी।