
पुष्कर मेला 2026 इस बार कई नए और आकर्षक आयोजनों का गवाह बनेगा। मेले में पहली बार ‘लगान’ फिल्म की तर्ज पर क्रिकेट मैच कराने की तैयारी है। इसके अलावा घोड़ों की फिटनेस जांच के लिए 60 किलोमीटर की एंड्योरेंस राइडिंग प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें घोड़ों की रफ्तार के साथ उनकी हार्ट बीट, डिहाइड्रेशन और फिटनेस की भी जांच होगी। वहीं ऊंटनी के दूध की प्रतियोगिता कराने पर भी चर्चा चल रही है।
10 नवंबर से शुरू होगी मेले की अनौपचारिक शुरुआत
पुष्कर मेले की अनौपचारिक शुरुआत 10 नवंबर से होगी, जबकि इसका औपचारिक आगाज 17 नवंबर को किया जाएगा। 17 नवंबर को पूजा, फ्लैग होस्टिंग और नगाड़ा वादन के साथ मेले का शुभारंभ होगा। इसके बाद विभिन्न सांस्कृतिक और खेल गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।पुष्कर मेला 24 नवंबर तक चलेगा। जिला प्रशासन ने 17 से 24 नवंबर तक होने वाले कार्यक्रमों का कैलेंडर भी तैयार कर लिया है।
तीन चरणों में आयोजित होता है पुष्कर मेला
पुष्कर मेला मुख्य रूप से तीन चरणों में आयोजित किया जाता है। इसमें पशु मेला, सांस्कृतिक मेला और धार्मिक मेला शामिल हैं। हर साल देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक और श्रद्धालु पुष्कर पहुंचते हैं।इस बार प्रशासन ने पारंपरिक आयोजनों के साथ कुछ नए कार्यक्रम जोड़ने की तैयारी की है, जिससे मेले में आने वाले पर्यटकों को अलग अनुभव मिल सके।
इस बार घोड़ों के लिए एंड्योरेंस राइडिंग प्रतियोगिता खास आकर्षण होगी। इसमें घोड़ों को 60 किलोमीटर की दूरी तक दौड़ाया जाएगा। प्रतियोगिता के दौरान सिर्फ घोड़े की गति ही नहीं, बल्कि उसकी फिटनेस का भी आकलन किया जाएगा।घोड़ों की हार्ट बीट, शरीर में डिहाइड्रेशन की स्थिति और अन्य फिटनेस मानकों की जांच की जाएगी। इस तरह यह प्रतियोगिता घोड़ों की सहनशक्ति और स्वास्थ्य पर आधारित होगी।
ऊंटनी के दूध की प्रतियोगिता पर भी चर्चा
पुष्कर मेले में ऊंटनी के दूध की प्रतियोगिता कराने पर भी विचार किया जा रहा है। इसमें निर्धारित प्रक्रिया के तहत यह देखा जाएगा कि किस ऊंटनी ने सबसे अधिक दूध दिया। यदि यह आयोजन शामिल किया जाता है तो यह मेले के प्रमुख आकर्षणों में से एक हो सकता है।
17 नवंबर को फुटबॉल मैच से शुरुआत
17 नवंबर को सुबह 10 बजे मेला ग्राउंड में पूजा, फ्लैग होस्टिंग और नगाड़ा वादन के साथ औपचारिक कार्यक्रम शुरू होगा। इसके बाद स्कूल की छात्राओं की मांडना प्रतियोगिता और ग्रुप डांस का आयोजन होगा।सुबह 11 बजे ‘चक दे राजस्थान’ फुटबॉल मैच खेला जाएगा। इसमें स्थानीय खिलाड़ियों और विदेशियों की टीमें आमने-सामने होंगी।इसके अलावा इस बार मेले में ‘लगान’ फिल्म की तर्ज पर क्रिकेट मैच कराने की तैयारी भी है। ऐसे में पशु, संस्कृति, धर्म और खेल गतिविधियों के मेल से पुष्कर मेला 2026 पहले से ज्यादा खास नजर आने वाला है।