September 27, 2026

यूपी में बारिश का तांडव, 60 घंटे में 56 लोगों की गई जान, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

UP Weather Update : उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही बारिश से कई जिलों में जनजीवन काफी प्रभावित है. जलभराव, तेज हवाओं, पेड़ गिरने और कच्चे मकानों के क्षतिग्रस्त होने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई है. पिछले 60 घंटों में अतिवृष्टि और आंधी-तूफान से 56 लोगों की मौत की सूचना है. 117 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं, जबकि चार पशुहानि और पांच लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने भी उत्तर प्रदेश में बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है. 27 सितंबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है.

दक्षिण-पूर्वी यूपी में बना डिप्रेशन

मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर बना डिप्रेशन उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है. इसके चलते पूर्वी और पश्चिमी यूपी के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. IMD के अनुसार यह मौसम सिस्टम धीरे-धीरे कमजोर होगा. विभाग इसकी लगातार निगरानी कर रहा है. लखनऊ में लगे डॉप्लर मौसम रडार के जरिए भी सिस्टम की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है.

60 घंटे में 56 मौतें, 117 मकान क्षतिग्रस्त

प्रदेश में पिछले 60 घंटों के दौरान बारिश और आंधी-तूफान से 56 लोगों की मौत की सूचना है. पांच लोग घायल हुए हैं और चार पशुहानि भी दर्ज की गई है. 117 मकानों के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी सामने आई है. लखीमपुर खीरी में सबसे ज्यादा चार लोगों की मौत हुई है. अयोध्या में दो लोगों की जान गई, जबकि अमेठी, बहराइच, बांदा, बाराबंकी, बस्ती, फतेहपुर, हमीरपुर, हरदोई और कानपुर नगर में एक-एक मौत की सूचना है.

बांदा में 32, जालौन में 21 मकानों को नुकसान

बारिश और तेज हवाओं से मकानों को भी नुकसान पहुंचा है. बांदा में सबसे ज्यादा 32 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं. जालौन में 21 और हरदोई में 14 मकानों के क्षतिग्रस्त होने की सूचना है. कई जिलों में कच्चे मकानों की दीवारें गिरने और पेड़ गिरने की घटनाएं भी सामने आई हैं. निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को जलभराव के कारण ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

63 जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश

शनिवार को उत्तर प्रदेश के 63 जिलों में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई. पिछले 24 घंटे में प्रदेश में सामान्य से करीब 19 गुना ज्यादा बारिश होने की जानकारी सामने आई है. लखनऊ में शनिवार सुबह तक 21 घंटे में 125.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. फतेहगढ़ में 224 मिलीमीटर, बांदा में 227.6 मिलीमीटर, बहराइच के नानपारा में 217 मिलीमीटर, हरदोई में 214 मिलीमीटर और कन्नौज में 204 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई.

इन जिलों में अचानक बाढ़ का खतरा

मौसम विभाग ने मध्य और तराई यूपी के कुछ जलग्रहण क्षेत्रों में अगले 24 घंटे के दौरान अचानक बाढ़ का हल्का से मध्यम खतरा जताया है. आजमगढ़, बलिया, गाजीपुर, गोरखपुर, बस्ती, सुल्तानपुर, अयोध्या, गोंडा, हरदोई, लखनऊ, उन्नाव, रायबरेली, बाराबंकी, अमेठी, कौशांबी और चित्रकूट समेत कई जिलों में प्रशासन को सतर्क रहने को कहा गया है. नेपाल में भी भारी बारिश को देखते हुए सीमावर्ती जिलों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं. पूर्वी यूपी की नदियों का जलस्तर बढ़ने की आशंका के बीच प्रशासन को अलर्ट रहने को कहा गया है.

मुख्यमंत्री ने राहत कार्य तेज करने के दिए निर्देश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बारिश और बाढ़ से प्रभावित लोगों को तत्काल राहत पहुंचाने के निर्देश दिए हैं. जनहानि और पशुहानि पर नियमानुसार मुआवजा देने के साथ बारिश से घर गिरने पर प्रभावित परिवारों को सहायता उपलब्ध कराने को कहा गया है. मुख्यमंत्री ने फसलों के नुकसान का आकलन कर प्रभावित किसानों को नियमानुसार मुआवजा देने के निर्देश भी दिए हैं. बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत और शरणालय केंद्रों तक पहुंचाने तथा वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर रहकर स्थिति की निगरानी करने को कहा गया है.

बिजली व्यवस्था पर भी नजर

लगातार बारिश के बीच बिजली व्यवस्था को लेकर भी विभागों को सतर्क किया गया है. स्थानीय फॉल्ट को जल्द ठीक करने के निर्देश दिए गए हैं. बिजली से जुड़ी किसी भी समस्या की सूचना 1912 हेल्पलाइन पर देने की अपील की गई है. IMD के मौजूदा पूर्वानुमान के अनुसार 27 सितंबर को यूपी के कई हिस्सों में बारिश का असर बना रह सकता है. इसके बाद 28 सितंबर से यूपी के लिए जारी उप-विभागीय चेतावनी में कोई चेतावनी नहीं दी गई है.

Also Read : मंजिल पाने के जुनून में गंवा दी पूरी जिंदगी, 59 साल की उम्र में मिली सरकारी नौकरी, पूरा हुआ 27 साल पुराना सपना