July 19, 2026

उत्तर प्रदेश में पीएम सूर्य घर योजना ने लगाई लंबी छलांग, 6.75 लाख घरों में आया उजाला

UP News: सीएम योगी के नेतृत्व में आज उत्तर प्रदेश विकास की नई ऊंचाईयां छू रहा है. हर क्षेत्र में तेजी से विकास हो रहा है. ऐसे में सोलर एनर्जी के क्षेत्र में भी उत्तर प्रदेश ने नया मुकाम हासिल कर लिया है. दरअसल, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत राज्य में घरेलू रूफटॉप सोलर स्थापना नए रिकॉर्ड बना रही है.

यूपी ने महाराष्ट्र को छोड़ा पीछे

 अब उत्तर प्रदेश ने सोलर रूफटॉप लगाने के मामले में महाराष्ट्र को पीछे छोड़ दिया है और देशभर में दूसरा ऐसा राज्य बन गया है जहां के घरों में सोलर रूफटॉप से बिजली पहुंच रही है. पहले दूसरे स्थान पर महाराष्ट्र था लेकिन अब यूपी ने महाराष्ट्र को पीछे कर दूसरा स्थान हासिल कर लिया है और महाराष्ट्र तीसरे स्थान पर खिसक गया है. जबकि गुजरात अभी भी पहले स्थान पर बना हुआ है.

जानें किस राज्य में अब तक कितने लगे सोलर रूफटॉप पैनल?

बता दें कि उत्तर प्रदेश में अब तक 6,74,393 घरेलू रूफटॉप सोलर संयंत्रों लग चुके हैं और इन घरों में सोलर ऊर्जा से बिजली पहुंचने लगी है. जबकि पीएम सूर्य घर योजना की राष्ट्रीय रैंकिंग में गुजरात अभी भी पहले स्थान पर हैं. जहां कुल 7,49,839  सोलर रूफटॉप पैनल की स्थापना हो चुकी है.

जबकि महाराष्ट्र 6,73,717 सोलर रूफटॉप पैनल के साथ तीसरे स्थान पर पहुंच गया है. बता दें कि यूपी की योगी सरकार ने उपभोक्ताओं को योजना से जोड़ने से लेकर सोलर संयंत्रों की स्थापना, बैंक ऋण, डिस्कॉम निरीक्षण और सब्सिडी प्रक्रिया को गति देने के लिए विभिन्न स्तरों पर लगातार कोशिश की है और ये कोशिश अभी भी जारी है.

यूपी में अब तक 2.28 गीगावाट सोलर क्षमता का हुआ विस्तार

इस बारे में उत्तर प्रदेश नेडा के निर्देशक रविन्दर सिंह ने कहा कि राज्य में घरेलू रूफटॉप सोलर का तेजी से विस्तार हो रहा है. जिसके चलते यूपी में अब तक लगभग 2,283.8 मेगावाट यानी 2.28 गीगावाट सौर ऊर्जा क्षमता स्थापित हो चुकी है. उन्होंने बताया कि इसके साथ ही राज्य में लाखों घर अपनी छतों पर स्वच्छ ऊर्जा का उत्पादन कर रहे हैं. रविन्दर सिंह ने बताया कि रूफटॉप सोलर से उपभोक्ताओं की पारंपरिक ग्रिड बिजली पर निर्भरता कम हुई है और उससे उनका मासिक बिजली बिल भी काफी कम हो गया है.

यूपी के उपभोक्ता को हो रही हर दिन 6.5 करोड़ की बचत

इन सोलर रूपटॉप पैनल के लगने के बाद से राज्य में लाखों परिवार हर दिन 6.5 करोड़ रुपये मूल्य की मुफ्त सौर बिजली प्राप्त कर रहे हैं. यह बदलाव राज्य को सिर्फ बिजली उपभोग करने वाली व्यवस्था से आगे बढ़ाकर विशेष आर्थिक दिशा में लेकर जा रहा है. जहां उपभोक्ता खुद अपने घर की छत पर बिजली का उत्पादन कर अपनी ऊर्जा जरूरतों को पूरा कर रहे हैं साथ सोलर रूफटॉप से पैदा हो रही अतिरिक्त बिजली को ग्रिड में भेजकर पैसा भी कमा रहे हैं.

ये भी पढ़ें: सीएम योगी ने किया SDMA के नए मुख्यालय का उद्घाटन, 200 करोड़ रुपये आई है इस पर लागत

सात हजार से अधिक कंपनियां और 85 हजार रोजगार

बता दें कि राज्य में पीएम सूर्य घर योजना के विस्तार से यूपी को एक मजबूत सोलर इकोनॉमी ईकोसिस्टम को विकसित करने में मदद मिली है. राज्य में सोलर सेक्टर से जुड़ी 7,000 से अधिक कंपनियां और व्यावसायिक इकाइयां सक्रिय हैं, जिनसे 85,000 से अधिक लोगों के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिल रहा है. इनमें सोलर पैनल इंस्टॉलेशन से लेकर सर्वे, डिजाइनिंग, इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल कार्य, नेट मीटरिंग, लॉजिस्टिक्स, सेल्स, मार्केटिंग और ऑपरेशन और मेंटेनेंस तक के क्षेत्र में रोजगार पैदा हुआ है.

ये भी पढ़ें: यूपी के इस रेलवे स्टेशन की अमृत भारत योजना से चमकी किस्मत, यात्रियों को मिलेंगी विश्वस्तरीय सुविधाएं