July 21, 2026

उद्धव ठाकरे पहुंचे सुप्रीम कोर्ट, 6 बागी सांसदों को लेकर लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के फैसले को दी चुनौती| Navbharat Live

Updated On: Jul 21, 2026 | 03:54 PM IST

विज्ञापन

सार

Shiv Sena UBT In Supreme Court: शिवसेना (यूबीटी) ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला द्वारा अपने 6 सांसदों के एकनाथ शिंदे गुट में विलय को मंजूरी देने के फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है।

Shiv Sena UBT Challenged Om Birla Decision Six mps merger in Eknath Shinde faction

उद्धव ठाकरे, लोकसभा स्पीकर ओम बिरला व एकनाथ शिंदे (डिजाइन फोटो)

विस्तार

Shiv Sena UBT Challenges Om Birla Decision: महाराष्ट्र की राजनीति में जारी घमासान अब एक बार फिर देश की सर्वोच्च अदालत की चौखट पर पहुंच गया है। उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी) ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के 6 सांसदों को लिए गए फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है। ओम बिरला ने उद्वव ठाकरे गुट के 6 सांसदों का उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में विलय मंजूर कर लिया गया था।

सुप्रीम कोर्ट में जल्द सुनवाई की मांग

मंगलवार को शिवसेना (यूबीटी) की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता देवदत्त कामत ने प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति विपुल एम. पंचोली की पीठ के सामने इस संवेदनशील मामले का उल्लेख किया।

अधिवक्ता कामत ने पीठ से मामले की गंभीरता को देखते हुए याचिका को तत्काल बुधवार को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध करने का आग्रह किया। इस पर प्रधान न्यायाधीश ने संक्षिप्त टिप्पणी करते हुए कहा, “हम देखेंगे।”

सम्बंधित ख़बरें

राष्ट्रीय स्तर पर बन रही है खतरनाक प्रवृत्ति

वरिष्ठ अधिवक्ता देवदत्त कामत ने सुप्रीम कोर्ट को बताया कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने 18 जुलाई को शिवसेना (यूबीटी) के 6 सांसदों के शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में विलय को मंजूरी दे दी थी। कामत ने दलील दी कि यह राष्ट्रीय स्तर पर एक नयी प्रवृत्ति बन गई है, जिसमें सांसद उन दलों में शामिल हो रहे हैं जिनके खिलाफ उन्होंने चुनाव लड़ा और जीत हासिल की थी।

मानसून सत्र से ठीक पहले आया था फैसला

गौरतलब है कि संसद के मानसून सत्र की शुरुआत से ठीक पहले, 18 जुलाई को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने शिवसेना (यूबीटी) के इन 6 सांसदों के एकनाथ शिंदे गुट में विलय की अधिसूचना को हरी झंडी दी थी। इस फैसले के बाद संसद भवन में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई थीं और ठाकरे गुट ने इसे लोकतंत्र और दलबदल विरोधी कानून की भावना के खिलाफ करार दिया था।

यह भी पढ़ें:- किसान दिल्ली आएंगे तो संसद छोड़ भागेगी मोदी सरकार; संजय राउत का CJP प्रदर्शन-शिवसेना विवाद को लेकर बड़ा हमला

उद्धव ठाकरे के इन 6 सांसदों ने बदला पाला

बता दें कि पिछले दिनों महाराष्ट्र में चले ऑपरेशन टाइगर के तहत उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी) के 6 सांसद बागी होकर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल हो गए थे। इनमें परभणी सांसद संजय जाधव, यवतमाल-वाशिम के संजय देशमुख, हिंगोली के नागेश पाटिल आष्टीकर, शिर्डी के भाऊसाहेब वाकचौरे, मुंबई उत्तर-पूर्व से संजय दिना पाटील और धाराशिव सांसद ओमराजे निंबालकर शामिल हैं। अब यह देखना बेहद दिलचस्प होगा कि सुप्रीम कोर्ट इस याचिका पर सुनवाई के लिए क्या तारीख तय करता है और क्या लोकसभा अध्यक्ष के इस फैसले पर कोई अंतरिम रोक लगाई जाती है या नहीं।

Follow Navbharatlive whatsapp