July 16, 2026

मुस्लिम टीचर ने 6 साल के बच्चे को दिया इस्लाम से जुड़ा होमवर्क, हिंदू संगठनों ने मचाया बवाल

हैदराबाद के एक निजी स्कूल में 6 साल के छात्र के होमवर्क में मजहबी कंटेंट लिखे जाने के विवाद के बाद टीचर को बर्खास्त कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

तेलंगाना के हैदराबाद में एक निजी स्कूल की टीचर को नौकरी से हटा दिया गया है। यह कार्रवाई उस विवाद के बाद हुई, जिसमें आरोप लगाया गया कि 6 साल के एक हिंदू छात्र के होमवर्क में इस्लाम से जुड़ी धार्मिक जानकारी पढ़ने का निर्देश लिखा गया था। न्यूज एजेंसी PTI के अनुसार, पुलिस को छात्र के एक रिश्तेदार की ओर से शिकायत मिली है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोप है कि 'सक्सेस ग्रुप ऑफ एजुकेशन इंस्टीट्यूशन' की टीचर शेख आयशा परवीन ने दूसरी कक्षा के छात्रों को मजहबी होमवर्क दिया था।

परिवार ने होमवर्क में मजहबी कंटेंट पर जताई आपत्ति

विवाद तब शुरू हुआ जब बच्चे के परिवार ने उसकी होमवर्क डायरी में लिखे गए निर्देशों पर सवाल उठाया। परिवार का कहना है कि असाइनमेंट में छात्र को मुसलमानों की एक प्रमुख धार्मिक मान्यता से जुड़ी जानकारी पढ़ने के लिए कहा गया था। बच्चे की आंटी के अनुसार, उन्होंने इस मुद्दे को लेकर स्कूल प्रशासन से बात की। उनका आरोप है कि प्रिंसिपल ने कहा कि यह एक धार्मिक विषय है, जिसे सभी छात्रों के लिए पढ़ना जरूरी है।

टीचर ने बताया- गलती से लिखा गया निर्देश

परिवार का दावा है कि बाद में संबंधित टीचर ने कहा कि छात्र की किताब में यह निर्देश गलती से लिख दिया गया था। बच्चे की आंटी ने स्कूल की डायरी दिखाते हुए कहा कि धर्म से जुड़े विषय केवल उन्हीं छात्रों को पढ़ाए जाने चाहिए, जो उन्हें स्वेच्छा से पढ़ना चाहते हों। उन्होंने शिक्षा विभाग से मामले की जांच और उचित कार्रवाई की मांग भी की।

स्कूल मैनेजमेंट ने टीचर को किया बर्खास्त

विवाद बढ़ने के बाद स्कूल प्रबंधन ने गुरुवार को पुष्टि की कि संबंधित टीचर को नौकरी से हटा दिया गया है। हालांकि, स्कूल की ओर से इस फैसले के बारे में कोई विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच के दौरान सभी पक्षों के बयान और उपलब्ध तथ्यों की समीक्षा की जाएगी। इसके बाद कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मामले पर राजनीतिक प्रतिक्रिया भी सामने आई

इस घटना पर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंडी संजय कुमार और विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने भी प्रतिक्रिया दी है। दोनों ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। संजय कुमार ने घटना पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि स्कूल प्रबंधन की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि इस मामले पर तथाकथित सेक्युलर संगठन चुप क्यों हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यदि 2028 के विधानसभा चुनाव के बाद तेलंगाना में बीजेपी की सरकार बनती है, तो सभी हिंदू छात्रों के लिए 'तिलक' लगाने को अनिवार्य किया जाएगा।

VHP ने मान्यता रद्द करने की मांग की

विश्व हिंदू परिषद (VHP) के नेता रविनुथला शशिधर ने भी इस मामले में स्कूल के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकार को स्कूल की मान्यता रद्द करने पर भी विचार करना चाहिए।

Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।