Panna News: मध्य प्रदेश का पन्ना एक बार फिर यहां मिलने वाले बेशकीमती हीरों को लेकर चर्चा में है. इस बार झांसी के रहने वाले पति-पत्नी की करीब छह महीने की कड़ी मेहनत रंग लाई है. राजकुमार श्रीवास और उनकी पत्नी गुड्डी देवी को पन्ना के सरकोहा क्षेत्र में हीरा खदान से एक साथ चार हीरे मिले हैं. चारों हीरों का कुल वजन 5.16 कैरेट है. इनकी अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपये आंकी जा रही है.
दरअसल, राजकुमार श्रीवास को सोशल मीडिया के माध्यम से पन्ना में हीरा मिलने और लोगों की किस्मत बदलने की कई खबरें देखने को मिली थीं. इन खबरों से प्रेरित होकर उन्होंने पन्ना में हीरा खदान लगाने का फैसला किया. राजकुमार की पत्नी गुड्डी देवी का मायका भी पन्ना में है. इसके बाद दंपत्ति ने सरकोहा क्षेत्र में खदान का पट्टा लेकर हीरे की तलाश शुरू की.
एक साथ मिले चार हीरे
करीब छह महीने तक दंपत्ति ने खदान में लगातार मेहनत की. दिन-रात की मेहनत के बाद आखिरकार उनकी किस्मत चमक गई और उन्हें एक साथ चार हीरे मिल गए. इनमें 1.62 कैरेट और 1.29 कैरेट के दो उज्ज्वल किस्म के हीरे शामिल हैं, जबकि 1.44 कैरेट और 0.81 कैरेट के दो हीरे मैला किस्म के बताए गए हैं.
चारों हीरों को नियमानुसार हीरा कार्यालय में जमा कराया गया है. हीरा पारखी अनुपम सिंह के अनुसार, इन चारों हीरों की अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपये हो सकती है. हालांकि, हीरों की वास्तविक कीमत आगामी शासकीय नीलामी में तय होगी. नीलामी के बाद प्राप्त राशि में से नियमानुसार रॉयल्टी और अन्य शासकीय शुल्क काटकर शेष राशि दंपत्ति को मिलेगी.
दंपति की बदली किस्मत
हीरा मिलने के बाद राजकुमार श्रीवास और उनकी पत्नी बेहद खुश हैं. राजकुमार ने अपनी इस सफलता को माता रानी का आशीर्वाद और छह महीने की अटूट मेहनत का परिणाम बताया. दंपत्ति का कहना है कि हीरों की नीलामी से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल वे अपने बच्चों की बेहतर शिक्षा और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए करेंगे. इसके साथ ही वे इस राशि से अपने व्यवसाय को भी आगे बढ़ाने की योजना बना रहे हैं.

राकेश पाठक
राकेश पाठक पिछले 20 वर्षों से निरंतर पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने सन 2006 में इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के नेशनल चैनल जैन टीवी में पन्ना जिला संवाददाता के रूप में कार्य शुरू किया. प्रिंट मीडिया में दैनिक जागरण ग्वालियर, दैनिक जागरण रीवा तथा राज एक्सप्रेस समाचार पत्र में भी काम कर चुके हैं. इसके अलावा ETV भारत में विधानसभा कॉरेस्पॉन्डेंट के रूप में भी कार्य किया. सन 2019 से निरंतर देश के सबसे बड़े न्यूज नेटवर्क TV9 भारतवर्ष में पन्ना जिले के स्ट्रिंगर के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं.
Read More