Bhagalpur Flood Tragedy: बिहार में भागलपुर जिले के सुल्तानगंज नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 27 स्थित विष्णु टोला में सोमवार को एक भीषण हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. कर्मा-धर्मा पूजा के पावन अवसर पर उत्साह के साथ स्नान करने गए छह मासूम बच्चे बाढ़ के पानी के गहरे आगोश में समा गए, जिससे उन सबकी मौत हो गई.
यह हृदयविदारक घटना तरैटा नारायणपुर बहियार में घटी, जहां पूजा की तैयारियों के बीच अचानक खुशियां मातम में बदल गईं. मृत सभी बच्चों की उम्र करीब 12 वर्ष के आसपास थी, जो स्नान करने के दौरान दुर्घटनावश गहरे पानी में चले गए और डूब गए. घटना की भनक लगते ही आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर दौड़े और बच्चों की तलाश शुरू की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी.
इलाके में मची चीख पुकार
इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले बच्चों की पहचान पूजा, ज्योति, मिंकी, राहुल, आयुष और विकास के रूप में हुई है. सभी इसी विष्णु टोला के निवासी थे. इस दर्दनाक दुर्घटना के बाद से पूरे इलाके में चीख पुकार मच गई है. पीड़ित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. इस घटना ने एक बार फिर बाढ़ के पानी की भयावहता और सुरक्षा के प्रति लापरवाही को उजागर कर दिया है.
इसके बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ऐसे संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और जागरूकता अभियान चलाने की पुरजोर मांग की है. बीते 10 सितंबर को भागलपुर के बाईपास थाना क्षेत्र स्थित कोयली-खुटाहा गांव में बाढ़ के पानी में डूबने से एक महिला, चार बच्चे समेत पांच लोगों की मौत हो गई थी.
गहरे गड्ढे में गए थे डूब
मृतकों में खुटाहा साह टोला निवासी मुकेश साह की 35 वर्षीय पत्नी मंचो देवी, उनके बच्चे अभिषेक कुमार (10), अक्षय कुमार (8) और सोनाक्षी कुमारी (13) तथा पड़ोस में रहने वाली 17 वर्षीय अंशु प्रिया शामिल थीं. परिजनों के मुताबिक सभी खेत की ओर जा रहे थे और पगडंडी के किनारे बाढ़ के पानी से भरे गहरे गड्ढे में एक के बाद एक डूब गए.
ग्रामीणों ने सभी को पानी से निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. प्रशासन ने मृतकों के आश्रितों को सरकारी प्रावधान के तहत प्रति मृतक 4 लाख रुपये, यानी कुल 20 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की.
ये भी पढ़ें: कौन थे भोला पासवान शास्त्री? जिनके लिए बिहार कांग्रेस ने उठाई भारत रत्न देने की मांग

शिवम
घूमने का शौक, The-VOB , Daily hunt न्यूज़ में 3 साल से ज्यादा के काम का अनुभव.
Read More