October 18, 2026

रतलाम में नकली सोना-चांदी बेचने की कोशिश, 6 आरोपी गिरफ्तार: 3 महिलाएं भी शामिल, पुलिस ने ₹30 हजार नकद; 14Kg नकली आभूषण जब्त किए - Ratlam News

रतलाम में नकली सोने-चांदी के आभूषण असली बताकर ठगी करने की कोशिश के मामले में पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

.

इनमें 3 महिलाएं शामिल हैं। आरोपी पिछले 11 दिन से शहर के महावीर नगर में किराये के मकान में रह रहे थे।

आरोपियों के पास से नकली सोने-चांदी के आभूषण, चांदी के सिक्के, 30 हजार रुपए नकद और इलेक्ट्रिक तौल कांटा बरामद किया गया है।

एसपी अमित कुमार ने रविवार दोपहर पुराने कंट्रोल रूम में मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 16 अक्टूबर को सूचना मिली थी कि हरियाणा के फरीदाबाद से आए कुछ महिला और पुरुष रतलाम में नकली सोने-चांदी के आभूषण बेचने की फिराक में हैं।

पुलिस गिरफ्ट में ठग गणेश, सागर, मानसिंह।

पुलिस गिरफ्ट में ठग गणेश, सागर, मानसिंह।

आरोपियों ने रतलाम में बर्तन व्यवसायी मुस्तफा तांबावाला की दुकान पर जाकर सोने का एक टुकड़ा असली बताकर बेचने की कोशिश की थी।

व्यापारी को संदेह होने पर उसने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद माणकचौक थाना पुलिस की विशेष टीम ने निगरानी कर तीन पुरुषों और तीन महिलाओं को पकड़ा।

पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ में उत्तर प्रदेश-बिहार में भी ठगी की घटनाओं में उनकी संभावित संलिप्तता की जानकारी मिली है।

इन मामलों की पुष्टि और अन्य संभावित वारदातों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। पुलिस मुख्यालय भोपाल की सीआईडी को भी आरोपियों के संबंध में जानकारी दी जा रही है।

11 दिन से महावीर नगर में किराये पर रह रहे थे

पुलिस जांच के मुताबिक, आरोपी पिछले 11 दिन से स्टेशन रोड थाना क्षेत्र के महावीर नगर में एक किराये के मकान में रह रहे थे। पुलिस मकान मालिक से भी पूछताछ करेगी। मकान मालिक की संलिप्तता सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

तीन पुरुष आरोपियों की पहचान बताई

  • सागर (29): पिता गणेश राठौर, निवासी आदर्श नगर, बल्लभगढ़, जिला फरीदाबाद, हरियाणा।
  • गणेश (55): पिता गंगाराम राठौर, निवासी आदर्श नगर, बल्लभगढ़, जिला फरीदाबाद, हरियाणा।
  • मानसिंह (36): पिता वीरचंद राय, निवासी बदालीखेड़ा, एमजेएसएस पब्लिक स्कूल के पास, कानपुर रोड, थाना सरोजनी नगर, लखनऊ।

पुलिस के मुताबिक, इन तीनों के अलावा तीन महिलाओं को भी गिरफ्तार किया गया है। तीन महिलाओं को जेल भेजा गया है। जबकि शेष तीन आरोपियों को कोर्ट से एक दिन का रिमांड मिला है।

आरोपियों से यह सामग्री जब्त की

  • पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से निम्न सामग्री बरामद की गई:
  • चांदी के 9 सिक्के, कुल वजन 400 ग्राम
  • नकली चांदी के आभूषण, कुल वजन 2.200 किलोग्राम
  • नकली सोने के आभूषण और मूर्ति, कुल वजन 11.800 किलोग्राम
  • नकद 30 हजार रुपए
  • इलेक्ट्रिक तौल कांटा, 1 नग

एसपी अमित कुमार ने व्यापारियों और आमजन से सोने-चांदी के आभूषण खरीदते समय उनकी प्रामाणिकता की जांच करने की अपील की है।

उन्होंने कहा कि कोई अनजान व्यक्ति असामान्य रूप से कम कीमत पर सोना-चांदी बेचने की पेशकश करे तो सतर्क रहें।

ठगी की आशंका होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर अन्य संभावित वारदातों और गिरोह की गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है।