Bokaro Road Accident: झारखंड के बोकारो जिले में एनएच-32 पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन से चार लोग घायल हो गए. घटना पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के नागेन मोड़ के पास की है, जहां अनियंत्रित ट्रेलर सड़क किनारे स्थित एक होटल में जा घुसा. हादसे के समय होटल में कुछ लोग चाय पी रहे थे. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
जानकारी के अनुसार, ट्रेलर पुरुलिया की ओर जा रहा था. इसी दौरान सड़क पर एक मोटरसाइकिल को बचाने के प्रयास में चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा. बेकाबू ट्रेलर सीधे सड़क किनारे बने होटल में जा घुसा. हादसा इतना भीषण था कि होटल के साथ-साथ पास की एक अन्य दुकान को भी भारी नुकसान पहुंचा.
हादसे में दो लोगों की मौत
इस दुर्घटना में दो लोगों की जान चली गई. मृतकों की पहचान गुहीराम झा और सिदाम राय के रूप में हुई है. हादसे में तीन से चार अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक महिला के भी शामिल होने की सूचना है. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे. राहत एवं बचाव कार्य चलाकर घायलों को बाहर निकाला गया. दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम
हादसे में दो लोगों की मौत से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने एनएच-32 पर सड़क जाम कर दिया. प्रदर्शनकारी मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने समेत अन्य मांगें कर रहे थे. सड़क जाम होने से मार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा. सूचना मिलने पर चास प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी मौके पर पहुंचे. उन्होंने प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत की और सरकारी नियमों के तहत सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

अशोक कुमार
अशोक कुमार को पत्रकारिता के क्षेत्र में 7 वर्षों से अधिक का अनुभव है. राजनीति, क्राइम और ऑफबीट खबरों में दिलचस्पी रखने के कारण इन क्षेत्रों की खबरों पर बेहतरीन पकड़ है. नई जगहों को एक्सप्लोर करने के साथ पढ़ने-लिखने का शौक रखते हैं. झारखंड की स्थानीय न्यूज़ चैनल में विभिन्न पदों पर काम करने के साथ-साथ, इन्होंने एपीएन न्यूज़ में बतौर ब्यूरो चीफ के रूप में भी काम किया है. अशोक कुमार ने झारखंड में पिछले 7 वर्षों के दौरान हुई छोटी-बड़ी राजनीतिक हलचलों को रिपोर्ट किया है. वर्तमान में वो टीवी9 डिजिटल से जुड़े हैं.
Read More