Snake Safety Tips In Monsoon: बारिश का मौसम आते ही चारों तरफ हरियाली बढ़ जाती है, लेकिन इसके साथ सांपों के दिखने की घटनाएं भी बढ़ जाती हैं. लोगों के घरों में रखे पेड़-पौधे भी खूब हरे-भरे हो जाते हैं. हरियाली और घने पौधे सांपों के छिपने के लिए बढ़िया जगह साबित होते हैं. ऐसे में लोग अपने गार्डन से सांपों को दूर रखने के लिए तो पूखता इंतजाम कर लेते हैं, लेकिन टेरेस गार्डन को छोड़ देते हैं. कई लोगों को लगता है कि अगर उनका घर ऊपरी मंजिल पर है या बालकनी और टेरेस गार्डन है, तो वहां सांप नहीं आ सकते. अगर आप भी उनमें शामिल हैं, तो ऐसा होना जरूरी नहीं है.
अगर आपको लगता है कि दूसरी, तीसरी या चौथी मंजिल पर बना आपका टेरेस गार्डन पूरी तरह सुरक्षित है और वहां सांप कभी नहीं पहुंच सकते, तो ये सोच गलत हो सकती है. मॉनसून में कुछ सांप पेड़ों की शाखाओं, दीवारों, पाइप और बेलों का सहारा लेकर ऊंचाई तक पहुंच जाते हैं. ऐसे में अगर आपकी बालकनी या टेरेस गार्डन में कुछ छोटी-छोटी लापरवाहियां हैं, तो वो सांपों के लिए छिपने की जगह बन सकती है. आइए जानते हैं कैसे अपने टेरेस गार्डन को सांपों से सुरक्षित रखा जा सकता है.
क्या सच में ऊपरी मंजिल तक पहुंच सकते हैं सांप?
जी हां, सभी सांप ऐसा नहीं कर सकते, लेकिन रैट स्नेक जैसी कुछ प्रजातियां बेहतरीन क्लाइंबर होती हैं. अगर आपकी बिल्डिंग के पास पेड़ की शाखाएं, मोटी बेलें, खुरदरी दीवारें या पाइप हैं, तो उनके सहारे ये सांप आसानी से ऊपर तक पहुंच सकते हैं.
1. घर की खत पर बने गार्डन को कबाड़घर न बनने दें: पुराने गमले, खाली डिब्बे, ईंटें, लकड़ियां, सूखे पत्ते और कोनों में पड़ा सामान सांपों के छिपने की सबसे पसंदीदा जगह बन सकता है. इसलिए समय-समय पर पूरी सफाई करें.
2. छोटे-बड़े गैप को करें बंद: सांप छोटी-छोटी दरारों और खुली जगहों से भी अंदर आ सकते हैं. ऐसे में दरवाजे के नीचे की जगह, ड्रेनेज होल, AC पाइप या वेंटिलेशन के आसपास बने गैप को नजरअंदाज न करें. इन जगहों पर जाली लगाकर या सीलिंग कराके बंद करवाना ही अच्छा रहता है.
सम्बंधित ख़बरें
3. गमलों में जमा पानी बढ़ा सकता है खतरा: बारिश के बाद गमलों की ट्रे, बाल्टी या किसी बर्तन में पानी जमा हो जाता है. इससे कीड़े और मेंढक आते हैं. कीड़े और मेंढक, सांपों का खाना बनते हैं. ये उन्हें आपके टेरेस गार्डन की तरफ आकर्षित कर सकते हैं.
4. पेड़ की शाखाएं और बेलें काटते रहें: अगर किसी पेड़ की शाखा आपकी बालकनी तक पहुंच रही है या बेलें दीवार और रेलिंग पर फैली हुई हैं, तो उनकी नियमित तौर पर छंटाई करते रहें. यही सांपों के ऊपर आने का रास्ता बन सकती हैं.
5. देसी नुस्खों पर आंख बंद करके भरोसा न करें: लहसुन, लौंग का तेल, नीम की पत्तियां या नेफ्थलीन जैसी चीजों का इस्तेमाल लोग करते हैं, लेकिन इन्हें सांप भगाने का वैज्ञानिक रूप से पक्का तरीका नहीं माना जाता. इन्हें सिर्फ एक्स्ट्रा सावधानी के रूप में ही इस्तेमाल करें. पूरी तरह से इनपर निर्भर ना रहें.
6. रातभर तेज सफेद लाइट जलाकर न रखें: टेरेस गार्डन में तेज सफेद लाइट जलाकर न रखें. तेज रोशनी की वजह से कीड़े-मकोड़े ज्यादा आते हैं और उनके पीछे सांप भी पहुंच सकते हैं. पीली LED या मोशन सेंसर लाइट लगाना ज्यादा अच्छा ऑप्शन हो सकता है.
अगर सांप दिख जाए तो सबसे पहले क्या करें?
अगर टेरेस गार्डन में सांप दिख जाए तो बिल्कुल भी घबराएं नहीं. सांप को पकड़ने या मारने की कोशिश बिल्कुल न करें. सुरक्षित दूरी बनाकर रखें और तुरंत वन विभाग या स्थानीय स्नेक रेस्क्यू टीम को सूचना दें.
---- समाप्त ----