September 23, 2026

6 भवनविहीन स्कूलों पर खर्च होंगे 10.98 करोड़: 94 विद्यालय पूरी तरह जर्जर, 91 को जमींदोज करने के आदेश, 3 के मामले में तकनीकी उलझन - Bikaner News

बीकानेर जिले के छह सरकारी स्कूलों को जल्द ही नए भवन मिलेंगे। इन विद्यालयों में भवन निर्माण के साथ पढ़ाई के लिए जरूरी आधुनिक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद ने नाबार्ड के आरआईडीएफ-32 के तहत जिले के छह स्कूलों के लिए कुल 10.98

.

स्वीकृत राशि का उपयोग केवल भवन निर्माण तक सीमित नहीं रहेगा। इसके तहत स्कूलों में फर्नीचर, लैब उपकरण, स्मार्ट क्लासरूम के साथ बिजली-पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं भी विकसित की जा सकेंगी। दरअसल, जिले में 94 राजकीय विद्यालय भवन पूर्णतः जर्जर हैं। इनमें से 91 विद्यालयों को जमींदोज करने के आदेश जारी किए जा चुके हैं। शेष तीन विद्यालयों के मामलों में अलग-अलग स्थिति है। इनमें एक विद्यालय का नाम सूची में दो बार दर्ज है, जबकि एक विद्यालय आंगनबाड़ी केन्द्र और एक किराये के भवन में संचालित हो रहा है।

भास्कर ने 16 सितंबर को उठाया था मुद्दा

विदित रहे कि दैनिक भास्कर के बीकानेर संस्करण ने 16 सितंबर को ‘संभाग के 574 स्कूलों में 3461 कमरे जर्जर, 221 स्कूल असुरक्षित, 3 दिन में मांगी रिपोर्ट’ शीर्षक से खबर प्रकाशित कर संभाग के जर्जर और असुरक्षित स्कूल भवनों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया था। खबर में जर्जर भवनों में संचालित स्कूलों की स्थिति और विद्यार्थियों की सुरक्षा से जुड़े सवालों को सामने रखा गया था। इसके बाद अब बीकानेर जिले के जर्जर विद्यालयों के लिए नए भवनों की स्वीकृति और प्रस्ताव भेजे जाने की स्थिति सामने आई है।

जिले में 18 विद्यालयों के नवीन भवन निर्माण के कार्य स्वीकृति के बाद प्रगति पर हैं। इनमें 8 विद्यालयों में निर्माण कार्य समसा तथा 10 विद्यालयों में मार्केटिंग बोर्ड के माध्यम से कराया जा रहा है। अब नाबार्ड-32 के तहत छह और विद्यालयों को भवन निर्माण के लिए बजट मिल गया है। वहीं, शेष 67 विद्यालयों के भवन निर्माण के प्रस्ताव राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद, जयपुर को भेजे जा चुके हैं। इन विद्यालयों के लिए स्वीकृति मिलने के बाद भवन निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी।

किस स्कूल पर कितना खर्च

ब्लॉकविद्यालयस्वीकृत राशि
बज्जू खालसाएमजीजीएस नगरासर2.54 करोड़ रुपए
बज्जू खालसाजीपीएस 9 एएम41 लाख रुपए
बीकानेरएमजीजीएस लाडेरा2.54 करोड़ रुपए
लूणकरणसरएमजीजीएस वार्ड 3-7 जैतपुर2.54 करोड़ रुपए
लूणकरणसरएमजीजीएस कपूरीसर2.54 करोड़ रुपए
नोखाजीपीएस हरनाथ जी का नाडा बिदासरिया41 लाख रुपए

जिले के जर्जर छह स्कूल भवनों के लिए स्कूल शिक्षा परिषद से 10.98 करोड़ रुपए बजट की प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त हुई है। शेष स्कूलों के लिए प्रस्ताव बनाकर राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद को भिजवाए गए हैं। इसके अलावा 18 स्कूलों में कार्य चल रहा है। बजट की राशि प्राप्त होते ही शेष स्कूलों में भी काम शुरू करवाया जाएगा। -कृष्ण कुमार बिश्नोई, एडीपीसी, समग्र शिक्षा