August 28, 2026

नेपाल में अब तक 547 की मौत, 320 भारतीय लापता; 21 काठमांडू से दिल्ली पहुंचे

Aug 28, 2026 05:02 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान

Follow us on Google News

share

21 भारतीय नागरिक काठमांडू से दिल्ली पहुंच चुके हैं, जबकि नेपाल में करीब 320 भारतीय पर्यटकों के लापता होने की सूचना है। मंत्रालय ने बताया कि इन पर्यटकों का पता लगाने और उन्हें सुरक्षित निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं।

21 Indian national arrived in Delhi from Kathmandu MEA on Indians in flood-hit Nepal

तमिलनाडु के 21 तीर्थयात्रियों को नेपाल में बाढ़ से बचाया गया।

विदेश मंत्रालय ने नेपाल में बाढ़ और खराब मौसम के बीच भारतीय नागरिकों को लेकर बड़ी जानकारी दी है। मंत्रालय के अनुसार, 21 भारतीय नागरिक काठमांडू से दिल्ली पहुंच चुके हैं, जबकि नेपाल में करीब 320 भारतीय पर्यटकों के लापता होने की सूचना है। मंत्रालय ने बताया कि इन पर्यटकों का पता लगाने और उन्हें सुरक्षित निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके अलावा, चीन की ओर स्थित क्षेत्र में मौजूद करीब 400 भारतीय नागरिक सुरक्षित हैं। नेपाल में अचानक आई बाढ़ की चपेट में आने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 547 हो गई है।

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने दिल्ली में नेपाल की बाढ़ से बचाए गए तमिलनाडु के 21 तीर्थयात्रियों से मुलाकात की। उन्होंने सोशल मीडिया पर बताया कि इन लोगों को नेपाल में आई बाढ़ से बचाया गया है। जयशंकर ने कहा कि नेपाल के अधिकारियों और नेपाली सेना ने बचाव अभियान चलाया और इन 21 लोगों को भी नेपाली सेना ने सुरक्षित निकाला। उन्होंने नेपाल सरकार और नेपाली सेना के बचाव प्रयासों की सराहना की। साथ ही, भारत की ओर से नेपाल सरकार को हर संभव सहायता देने की बात कही।

कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गए थे भारतीय श्रद्धालु

नेपाल की त्रासदी को लेकर विदेश मंत्री जयशंकर ने कहा कि कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गए भारतीय श्रद्धालुओं के एक समूह को बाढ़ के बाद नेपाली सेना ने सुरक्षित निकाला और उन्हें काठमांडू लाया गया। इसके बाद भारतीय दूतावास ने उनकी भारत वापसी की व्यवस्था की। उन्होंने कहा कि सभी भारतीयों से संपर्क करने के प्रयास जारी हैं। अभी भी 315 से अधिक भारतीयों से संपर्क नहीं हो पाया है, जबकि करीब 85 भारतीयों को अलग-अलग स्थानों से बचाया जा चुका है, जिनमें आज दिल्ली पहुंचे 21 लोग भी शामिल हैं।

एस जयशंकर ने कहा कि भारत नेपाल के राहत और बचाव कार्यों में हरसंभव मदद कर रहा है। एक जलविद्युत परियोजना में सुरंग में लोगों के फंसे होने की आशंका को देखते हुए विशेषज्ञों की टीम भेजी जा रही है। इसके अलावा बेल़ी ब्रिज, मेडिकल टीम और जरूरत पड़ने पर एनडीआरएफ की टीम भी भेजी जाएगी। राहत सामग्री से भरे दो विमान नेपाल पहुंच चुके हैं, जबकि तीसरा विमान आज रवाना होगा।

नेपाल से सुरक्षित लौटने के बाद क्या बोले शख्स

भारत के काठमांडू स्थित दूतावास ने इन यात्रियों की भारत वापसी को सुगम बनाया। समूह के एक सदस्य ने बताया कि वहां स्थिति बेहद गंभीर थी और अभी कई भारतीय लापता हैं। उन्होंने कहा कि बाढ़ का पानी उनसे महज 100 मीटर दूर था, लेकिन भगवान की कृपा से उनकी जान बच गई। उन्होंने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री और मंत्री नारा लोकेश समेत स्थानीय विधायक का भी आभार जताया।

नेपाल में अचानक आई बाढ़ के बाद तलाश और बचाव अभियान के दौरान और शव बरामद होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 547 हो गई। नेपाल पुलिस ने कहा कि आठ जिलों से शव बरामद किए गए हैं। नवलपरासी पूर्व से 134, चितवन से 221, गोरखा से 46 और नुवाकोट से 37 शव बरामद किए गए हैं। इसी तरह, धादिंग से 33, तनहूं से 28, नवलपरासी पश्चिम से 27 और रसुवा से 12 शव बरामद किए गए हैं। इस घटना के तीसरे दिन भी तलाशी और बचाव अभियान जारी रहा। इसके लिए 7,451 सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया, जिनमें नेपाल सेना के 2,391 जवान भी शामिल हैं।