53 साल की उम्र… हाथों में जुनून, दिल में देशभक्ति और साथ में सिर्फ एक Activa. फिरोजपुर के राणा हरपिंदर पाल सिंह ने कुछ ऐसा कर दिखाया, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया. फिरोजपुर के रहने वाले राणा हरपिंदर पाल सिंह ने अकेले Activa पर 2,342 किलोमीटर का हिमालयी सफर पूरा कर मिसाल कायम की है. 23 सितंबर को शुरू हुई उनकी यह रोमांचक यात्रा 5 अक्टूबर को फिरोजपुर पहुंचने के साथ पूरी हुई.
राणा हरपिंदर पाल सिंह ने इस सफर के दौरान हिमालय के कई चुनौतीपूर्ण और ऊंचाई वाले इलाकों को पार किया. अपनी यात्रा में वह भारत के आखिरी गांव थांग तक भी पहुंचे, जहां उन्होंने तिरंगा लहराकर देशभक्ति का संदेश दिया. इसके साथ ही उन्होंने लोगों को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवन अपनाने के लिए जागरूक भी किया.
2,342 किलोमीटर लंबा सफर
23 सितंबर को फिरोजपुर से शुरू हुई उनकी सोलो हिमालयन यात्रा करीब 2,342 किलोमीटर लंबी रही. सफर की शुरुआत फिरोजपुर से हुई और वह पठानकोट, जम्मू, श्रीनगर और सोनमर्ग होते हुए जोजिला पास पहुंचे. इसके बाद उन्होंने द्रास, कारगिल, बटालिक सेक्टर, लामायुरु और लेह का सफर तय किया. कठिन पहाड़ी रास्तों और बदलते मौसम के बीच राणा हरपिंदर पाल सिंह खारदुंग ला तक भी पहुंचे. इसके बाद उन्होंने भारत के आखिरी गांव थांग पहुंचकर तिरंगा फहराया. इस दौरान उन्होंने नशे से दूर रहने और युवाओं को स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन जीने का संदेश भी दिया.
जुनून के आगे बेदम मुश्किलें
करीब 2,342 किलोमीटर का यह सफर अकेले Activa पर पूरा करना अपने आप में बड़ी चुनौती थी. लेकिन राणा हरपिंदर पाल सिंह ने अपने हौसले और जुनून के दम पर इस चुनौती को पूरा कर दिखाया. 5 अक्टूबर को जब वह फिरोजपुर वापस पहुंचे तो उनके स्वागत में लोग जुटे. 53 साल की उम्र में इस असाधारण सफर को पूरा कर उन्होंने यह संदेश दिया कि मंजिल हासिल करने के लिए उम्र नहीं, बल्कि हौसला और जज्बा मायने रखता है. इसी जुनून और साहस के चलते राणा हरपिंदर पाल सिंह को अब फिरोजपुर का Himalayan Warrior कहा जा रहा है.
रिपोर्ट- सनी चोपड़ा

आशू मोहम्मद
राजनीति से जुड़ी खबरों में दिलचस्पी, नई चीजों को पढ़ने और सीखने की ललख, पाठकों के सामने सरल भाषा व शब्दों में देश दुनिया से जुड़ी खबरों को परोसने का काम टीवी9 के साथ जारी है. वहीं अगर इससे पहले की बात की जाए तो कानपुर में जन्मे आशू मोहम्मद ने साइंस से ग्रेजुएशन करने के बाद कानपुर यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर, टीवी9 भारतवर्ष से 2022 में करियर की शुरुआत की. डिजिटल मीडिया में करीब एक साल का अनुभव, अभी तक यह सिलसिला टीवी9 भारतवर्ष के साथ जारी है. डिजिटल मीडिया की दुनिया में लिखने-पढ़ने, साथ ही 'न्यू मीडिया' की बारीकियों और चुनौतियों को समझने की कोशिश जारी है.
Read More