October 26, 2026

मनोज जरांगे के 500 करोड़ के ऑडियो विवाद में बड़ा एक्शन, CM फडणवीस ने दिए SIT जांच के आदेश

मराठा आरक्षण एक्टिविस्ट मनोज जरांगे से जुड़े 500 करोड़ रुपये के आरोपों और वायरल ऑडियो क्लिप विवाद में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई पुलिस कमिश्नर को मामले की जांच के लिए एक स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) बनाने का निर्देश दिया है. मुख्यमंत्री का यह निर्देश फॉर्मल जांच की दिशा में एक अहम कदम है. SIT जरांगे के 500 करोड़ रुपए से जुड़े आरोपों की जांच करेगी और विवाद के केंद्र में वायरल ऑडियो रिकॉर्डिंग की जांच करेगी.

जांच से ऑडियो क्लिप की असलियत और कॉन्टेक्स्ट का पता चलने और कथित वित्तीय लेनदेन के संबंध में किए गए दावों के पुष्टि करने की उम्मीद है. यह विवाद तब शुरू हुआ जब जरांगे ने एक कथित ऑडियो क्लिप जारी की, जिसमें कथित तौर पर शिवसेना सांसद श्रीकांत शिंदे के जरिए 500 करोड़ रुपये के भुगतान का जिक्र था. इस क्लिप में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का भी नाम है. जरांगे ने दावा किया है कि रिकॉर्डिंग उनके और मराठा आरक्षण आंदोलन के खिलाफ एक साजिश की ओर इशारा करती है.

जानें मुख्यमंत्री ने क्या आदेश दिए

मनोज जरंगे द्वारा लाए गए कुछ ऑडियो क्लिप में यह जिक्र है कि उन्हें 500 करोड़ रुपये दिए गए थे. इस क्लिप में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का भी नाम है. मामला सामने आने के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई पुलिस आयुक्त को आदेश दिया है. उन्होंने मामले की जांच के लिए एक विशेष जांच समिति (एसआईटी) गठित करने का निर्देश दिया है.

अब एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया जाएगा और जरांगे द्वारा लाए गए कथित ऑडियो क्लिप की जांच की जाएगी. साथ ही, इस ऑडियो क्लिप में किसकी आवाज है, इसकी भी जांच की जाएगी. जांच के बाद ही पता चलेगा कि संबंधित आरोपों में कितनी सच्चाई है.

संजय राउत ने शाह से जांच की मांग की

जरांगे की ऑडियो क्लिप के चलते महायुति में शिवसेना और भाजपा आमने-सामने आ गए हैं. शिवसेना के नेता नरेश म्हस्के और उदय सामंत ने भाजपा की सीधी आलोचना की. भाजपा ने कहा कि हमारा इससे कोई लेना-देना नहीं है, संबंधित ऑडियो क्लिप एआई की मदद से बनाई गई हो सकती है. भाजपा का कहना है कि इसकी प्रामाणिकता की जांच होनी चाहिए. दोनों दलों ने इस मामले की गहन जांच की मांग की है. शिंदे समूह के नेताओं ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर इस संबंध में बयान भी दिया है.

वहीं, इससे पहले मनोज जरांगे ने पैसे लेने के आरोपों को पूरी तरह से खारिज कर दिया था. वहीं, शिवसेना (UBT) के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखा था. उन्होंने पत्र में इसकी जांच प्रवर्तन निदेशालय (ED) से कराने की मांग की थी. राउत ने कहा था कि 500 करोड़ रुपये जैसी बड़ी रकम के कथित लेनदेन के आरोप बहुत ही गंभीर है और इसकी समुचित जांच होनी चाहिए.

इस विवाद पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी शुरू हो गई हैं, जिसमें नेता रिकॉर्डिंग और उसके कंटेंट की जांच की मांग कर रहे हैं. SIT के नतीजे अब 500 करोड़ रुपए के ऑडियो क्लिप विवाद को सुलझाने में अहम हो सकते हैं.

ये भी पढ़ें- क्या BJP के 500 करोड़ आंदोलन खरीदने के लिए जरांगे तक पहुंचे?, संजय राउत ने लगाया आरोप- अमित शाह को लिखा पत्र

जयप्रकाश सिंह

जयप्रकाश सिंह

जयप्रकाश सिंह का नाम देश के चुनिंदा क्राइम रिपोर्टर में आता है. लंबे समय से टीवी जर्नलिस्ट के तौर पर सेवाएं जारीं. करीब तीन दशकों से सक्रिय पत्रकारिता का हिस्सा. प्रोड्यूसर, एंकर और क्राइम रिपोर्टर की भूमिका. फिलहाल टीवी9 भारतवर्ष में एसोसिएट एडिटर के रूप में मुंबई से कार्यरत. इसके पहले 2012 से 2022 तक मुंबई में इंडिया टीवी के ब्यूरो चीफ रहे. 2005 से 2012 तक नेटवर्क18 ग्रुप के आईबीएन7 चैनल में डिप्टी ब्यूरो चीफ की जिम्मेदारी संभाली. 2004 से 2005 तक सहारा समय मुंबई में बतौर सीनियर स्पेशल कॉरस्पॉन्डेंट काम किया. 2002 से 2004 तक मुंबई ब्यूरो में बीएजी फिल्म्स के चीफ रहे. नवभारत टाइम्स मुंबई में 1997 में जॉइन किया और यहां 2 साल काम किया. इससे पहले भी चार संस्थानों में काम किया.

Read More

google button