Noida Metro News: ग्रेटर नोएडा वेस्ट (गौर सिटी/नोएडा एक्सटेंशन) में रहने वाले करीब 5 लाख निवासियों के लिए बड़ी राहत की खबर आई है. लंबे समय से अटके एक्वा लाइन मेट्रो विस्तार परियोजना को पब्लिक इन्वेस्टमेंट बोर्ड (PIB) से मंजूरी मिल गई है. नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (NMRC) की 48वीं बोर्ड बैठक में इस महत्वाकांक्षी परियोजना को स्वीकृति दी गई. NMRC के प्रबंध निदेशक कृष्ण करुणेश द्वारा रखे गए इस प्रस्ताव पर बोर्ड की मुहर के बाद अब फाइल अंतिम मंजूरी के लिए केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय भेजी जा रही है.
इस प्रोजेक्ट के तहत नोएडा सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा वेस्ट सेक्टर-4 तक 7.5 किलोमीटर लंबा नया एलिवेटेड ट्रैक बिछाया जाएगा. इस पूरे रूट पर 5 नए मेट्रो स्टेशन बनाए जाएंगे. सेक्टर-61, सेक्टर-70, सेक्टर-122, सेक्टर-123 और ग्रेटर नोएडा वेस्ट सेक्टर-4. इस नए कॉरिडोर के बनने से नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट सीधे मेट्रो नेटवर्क से जुड़ जाएंगे, जिससे ट्रैफिक जाम और प्रदूषण दोनों से बड़ी मुक्ति मिलेगी.
ये भी पढ़ें: अब भाई भी मुझे छोड़कर चला गया, छोटे भाई आबान की मौत पर झांसी जेल में फूट-फूटकर रोया अली; न खाना खाया और न सोया
रोजाना 200-250 रुपये की होगी सीधी बचत
वर्तमान में ग्रेटर नोएडा वेस्ट से नोएडा आने-जाने के लिए लोग कैब, ऑटो, ई-रिक्शा या निजी वाहनों पर निर्भर हैं. इससे रोजाना यात्रियों को 300 से 400 रुपये तक खर्च करने पड़ते हैं और घंटों ट्रैफिक जाम से जूझना पड़ता है. मेट्रो सेवा शुरू होने के बाद यह यात्रा खर्च घटकर 100 से 150 रुपये के बीच रह जाएगा, जिससे नौकरीपेशा लोगों, छात्रों और व्यापारियों को हर महीने भारी आर्थिक राहत मिलेगी.
2 साल की समयसीमा और 1500 करोड़ का बजट
एनएमआरसी ने इस पूरी परियोजना को 2 साल के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा है. इस रूट के निर्माण पर करीब 1500 करोड़ रुपये का खर्च आने का अनुमान है. इस प्रोजेक्ट में केंद्र सरकार, उत्तर प्रदेश सरकार, नोएडा प्राधिकरण और ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण संयुक्त रूप से वित्तीय सहयोग करेंगे. केंद्रीय मंत्रालय से अंतिम मंजूरी मिलते ही जमीन पर निर्माण कार्य तेजी से शुरू कर दिया जाएगा.

नदीम सैफी
नदीम सैफी पिछले 11 साल से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजनीति व क्राइम की खबरों पर मजबूत पकड़ है. कई टीवी चेन्नल्स में बतौर रिपोर्टर काम कर चुके हैं. कोरोना काल में जब लोग घरों में कैद थे तब सड़कों पर उतरकर लोगों को ग्राउंड जीरो से रूबरू करवाया. नोएडा में एक दैनिक समाचार पत्र से शुरुआत की और R9 टीवी, नवतेज टीवी, प्राइम न्यूज़ व जनतंत्र टीवी में काम का अनुभव लिया. फिलहाल TV9 में बतौर डिजिटल रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं.
Read More