September 2, 2026

पठानकोट में समानता के लिए 5 km दौड़े 700 बच्चे: रन फॉर इक्वेलिटी का आयोजन, कैबिनेट मंत्री कटारूचक्क ने दिखाई हरी झंडी - Pathankot News

पठानकोट में आज श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित 5 किलोमीटर की ‘रन फॉर इक्वेलिटी’ मैराथन का आयोजन किया गया। इसे पंजाब के कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक्क ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

.

यह दौड़ पंजाब सरकार, खेल विभाग और जिला प्रशासन के सहयोग से हुई। मिशन चौक से शुरू हुई यह दौड़ डीएवी स्कूल, शनिदेव मंदिर, डलहौजी रोड और रामलीला ग्राउंड से होते हुए वापस मिशन चौक पहुंचकर संपन्न हुई।

पठानकोट में सुबह तेज बारिश हुई, जिससे सड़कें पानी से लबालब हो गईं। मैराथन सुबह 7 बजे शुरू होनी थी। भारी बारिश के कारण करीब एक घंटे की देरी से शुरू हुई। इसके बावजूद बच्चों में उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने मैराथन में हिस्सा लिया। कैबिनेट मंत्री ने बच्चों के उत्साह की सराहना की।

मैराथन को हरी झंडी दिखाते हुए कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक्क।

मैराथन को हरी झंडी दिखाते हुए कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक्क।

700 के करीब बच्चों ने लिया भाग, बारिश के बावजूद दिखा उत्साह

जिला खेल अधिकारी लवजीत सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इस 5 किलोमीटर मैराथन में पठानकोट के विभिन्न स्कूलों और संस्थाओं के करीब 700 बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। खराब मौसम और बारिश के बावजूद बच्चों-शिक्षकों में उत्साह देखने को मिला। दौड़ में हिस्सा लेने वाले सभी छात्रों को प्रशासन की ओर से स्पोर्ट्स किट और पौष्टिक खुराक (डाइट) उपलब्ध कराई गई।

पंजाब सरकार ने 650वें प्रकाश पर्व पर तय किए बड़े कार्यक्रम

मौके पर मौजूद कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक्क ने शहरवासियों और पंजाबवासियों को शताब्दी समारोह की बधाई देते हुए बताया कि गुरु साहिब की विचारधारा को घर-घर पहुंचाने के लिए पंजाब सरकार की ओर से बड़े स्तर पर कार्यक्रम किए जा रहे हैं।

सेमिनार और डॉक्यूमेंट्री फिल्म

विश्वविद्यालयों और अकादमिक संस्थानों में गुरु साहिब के दर्शन और वाणी पर विद्वानों द्वारा सेमिनार करवाए जा रहे हैं। इसके अलावा ड्रोन शो और गुरु साहिब के जीवन पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म पंजाब के सभी गांवों में दिखाई जा रही है।

चार बड़ी नगर कीर्तन यात्राएं

आने वाले दिनों में चार विशाल यात्राएं जम्मू, बठिंडा, जालंधर और गुरु साहिब के जन्म स्थान काशी/वाराणसी से शुरू होकर पूरे देश को संदेश देती हुई श्री खुरालगढ़ साहिब पहुंचेंगी।

समानता का संदेश

मंत्री ने गुरु साहिब की तुक, “ऐसा चाहूं राज मैं जहां मिले सबन को अन्न। छोट बड़ो सब सम बसै रविदास रहै प्रसन्न॥” का जिक्र करते हुए कहा कि यह दौड़ समाज में समानता का संदेश देने के लिए आयोजित की गई है।