September 27, 2026

बिग बॉस मराठी फेम दिव्या शिंदे पर डॉक्टर से 5 लाख की रंगदारी मांगने का आरोप, मारपीट भी की, FIR दर्ज

बिग बॉस मराठी फेम दिव्या शिंदे पर डॉक्टर से 5 लाख की रंगदारी मांगने का आरोप, मारपीट भी की, FIR दर्ज

बिग बॉस 6 मराठी कंटेस्टेंट दिव्या शिंदे

बिग बॉस मराठी की कंटेस्टेंट और सोशल मीडिया पर रील स्टार दिव्या शिंदे गंभीर मामले में फंसती नजर आ रही हैं. दिव्या पर एक डॉक्टर से 5 लाख रुपये की कथित रंगदारी मांगने और घर में घुसकर मारपीट करने का आरोप लगा है. इस मामले में दिव्या शिंदे और अन्ना ढमढेरे समेत 8 से 10 लोगों के खिलाफ कालेपड़ल पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है.

65 वर्षीय शिकायतकर्ता डॉ. विद्याधर गायकवाड़ पुणे कैंटोनमेंट बोर्ड के पूर्व मुख्य चिकित्सा अधिकारी हैं. वह 2021 में पुणे कैंटोनमेंट अस्पताल से CMO के पद से रिटायर हुए थे. डॉक्टर गायकवाड़ के मुताबिक वह करुणादीप फाउंडेशन से जुड़े हैं. संस्था की ओर से 1 से 3 सितंबर के बीच बालगंधर्व रंगमंदिर में कला आविष्कार महोत्सव आयोजित किया गया था. शिकायत के मुताबिक दिव्या शिंदे की ओर से कथित तौर पर कार्यक्रम का प्रचार करने का दावा करते हुए अगस्त महीने से फोन और मैसेज के जरिए 5 लाख रुपये की मांग की जा रही थी.

17 सितंबर को घरवालों को दी गई धमकी

डॉक्टर गायकवाड़ का आरोप है कि दिव्या शिंदे को कार्यक्रम के लिए संस्था की ओर से कोई आधिकारिक निमंत्रण या जिम्मेदारी ना मिलने के बावजूद भी वे 17 सितंबर को अन्ना ढमढेरे और कुछ अन्य लोगों के साथ डॉक्टर गायकवाड़ के घर पहुंचीं. उस समय डॉक्टर घर पर मौजूद नहीं थे. आरोप है कि उनकी पत्नी और बेटे के साथ धमकी और दबाव बनाने की कोशिश की गई.

पहले धमकी फिर मारपीट

इसके बाद 23 सितंबर को अन्ना ढमढेरे ने फोन कर डॉ. गायकवाड़ को होटल ब्ल्यू नाइन बुलाया. शिकायत के मुताबिक वहां फिर से 5 लाख रुपये की मांग की गई और पैसे नहीं देने पर दो दिन के भीतर घर पर लोगों को भेजकर मारपीट करने की धमकी दी गई. शिकायत के मुताबिक 24 सितंबर की रात करीब 8:30 पर डॉक्टर गायकवाड़ अपने घर में अकेले थे. आरोप है कि अन्ना ढमढेरे वहां पहुंचा और दरवाजा खुलते ही दिव्या शिंदे समेत 8 से 10 लोग भी जबरन घर में घुस गए.

डॉ. गायकवाड़ के आरोपों की मानें तो उनके चेहरे, पेट और पीठ पर लात-घूंसों से मारा गया. शिकायत में डंडे, बेल्ट, लोहे के बर्तनों और धारदार हथियारों के इस्तेमाल की बात भी सामने आई है. डॉक्टर ने आरोप लगाया है कि उन्होंने खुद को लकवे का मरीज बताते हुए मारपीट रोकने की गुहार लगाई लेकिन आरोपी नहीं रुके. शिकायत में घर में तोड़फोड़ किए जाने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है.

ये भी पढ़ें- Bigg Boss 20: काजी तौकीर के खिलाफ ग्रुप बनाने पर भड़कीं गौहर खान, बोलीं- किसी का भी दिमाग

आरोपी उठा ले गए डॉक्टर की कार

मामला यहीं पर नहीं थमा. डॉक्टर साहब के मुताबिक 5 लाख रुपये नहीं देने पर आरोपी डॉक्टर की कार भी लेकर चले गए. मारपीट में घायल हुए डॉ. विद्याधर गायकवाड़ को इलाज के लिए पुणे के ससून अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका उपचार जारी है. कालेपड़ल पुलिस ने दिव्या शिंदे, अन्ना ढमढेरे समेत 8 से 10 लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. सहायक पुलिस निरीक्षक अमित शेटे मामले की आगे की जांच कर रहे हैं और लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी.

पुनीत उपाध्याय

पुनीत उपाध्याय

पत्रकारिता जगत में 7 साल पूरे कर चुके पुनीत उपाध्याय रायबरेली से ताल्लुक रखते हैं. वे टीवी 9 के डिजिटल विंग में साल 2022 से सीनियर सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं. कला, संगीत, सिनेमा, साहित्य पर लिखने का शौक रखते हैं. साथ ही इससे जुड़ी हर छोटी, बड़ी और रोचक खबरें पाठकों तक पहुंचाते हैं. इसके अलावा वे अन्य बीट्स में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं. पुनीत मानते हैं कि कला सिर्फ मनोरंजन का साधन नहीं बल्कि उससे इतर अंतरमन से जुड़ने और समाज से रूबरू होने का एक सार्थक जरिया भी है. CSJM कानपुर युनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन करने के बाद पुनीत ने ITMI (इंडिया टुडे मीडिया इंस्टिट्यूट) से मास कॉम्युनिकेशन में पीजी डिप्लोमा का कोर्स किया है. पुनीत की पहली जॉब आज तक में थी जहां उन्होंने 4 साल सब एडिटर की पोस्ट पर काम किया और मनोरंजन बीट के लिए अपनी सेवाएं दीं. पुनीत की रुचि लिखने में है और वे कलम की धार से समाज में बदलाव लाने में विश्वास रखते हैं. इसके अलावा उनकी रुचि आध्यात्म, साहित्य, गायन, दर्शन, क्रिकेट और मनोविज्ञान में है.

Read More

google button