साय सरकार ने 'बस्तर फाइटर्स' के 5,800 पदों पर भर्ती को मंजूरी दे दी है। पहले चरण में 1,500 पदों पर भर्ती की जाएगी, जिसे दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
CM विष्णुदेव साय और मंत्री केदार कश्यप
- Published: 19 Jul 2026, 06:15 PM IST
- Last Updated: 19 Jul 2026, 06:15 PM IST
लीलाधर राठी- सुकमा। छत्तीसगढ़ सरकार ने बस्तर संभाग के युवाओं को रोजगार और क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा फैसला लिया है। राज्य सरकार ने 'बस्तर फाइटर्स' के 5,800 पदों पर भर्ती को मंजूरी दे दी है। पहले चरण में 1,500 पदों पर भर्ती की जाएगी, जिसे दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
सरकार के अनुसार इस विशेष सुरक्षा बल का उद्देश्य माओवादी प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाना, स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना तथा बस्तर में स्थायी शांति स्थापित करना है। भर्ती प्रक्रिया में बस्तर संभाग के स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। चयनित अभ्यर्थी कानून-व्यवस्था बनाए रखने, नक्सल विरोधी अभियानों में सहयोग करने और ग्रामीण व संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की जिम्मेदारी निभाएंगे।
युवा क्षेत्र की सुरक्षा में निभायेंगे महत्वपूर्ण भूमिका
राज्य सरकार का मानना है कि स्थानीय भाषा, संस्कृति और भौगोलिक परिस्थितियों से परिचित युवा क्षेत्र की सुरक्षा में अधिक प्रभावी भूमिका निभा सकेंगे। भविष्य में केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की संख्या चरणबद्ध तरीके से कम करते हुए सुरक्षा की जिम्मेदारी बस्तर फाइटर्स को सौंपने की योजना है।

मंत्री केदार कश्यप ने सीएम साय और गृह मंत्री शर्मा का जताया आभार
इस फैसले का स्वागत करते हुए वन एवं जलवायु परिवर्तन, सहकारिता मंत्री एवं बस्तर के वरिष्ठ आदिवासी नेता केदार कश्यप ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और गृह मंत्री विजय शर्मा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बस्तर के युवाओं में प्रतिभा और साहस की कोई कमी नहीं है। यह भर्ती उन्हें अपने क्षेत्र की सुरक्षा में भागीदारी का अवसर देने के साथ हजारों युवाओं को सरकारी नौकरी उपलब्ध कराएगी।
युवाओं सशक्तिकरण के लिए उठाए जा रहे प्रभावी कदम
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार बस्तर के समग्र विकास, युवाओं के सशक्तिकरण और माओवाद के स्थायी समाधान के लिए लगातार प्रभावी कदम उठा रही है। बस्तर फाइटर्स भर्ती इसी संकल्प का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जो आने वाले समय में बस्तर की तस्वीर बदलने में अहम भूमिका निभाएगा।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)