September 5, 2026

5 चौके और 3 छक्के… रहमानुल्लाह गुरबाज ने CPL में ठोका धमाकेदार अर्धशतक, तोड़ा बाबर आजम का वर्ल्ड रिकॉर्ड

CPL 2026, Rahmanullah Gurbaz: कैरेबियन प्रीमियर लीग के 26वें मुकाबले में गयाना अमेजन वॉरियर्स ने जमैका किंग्समेन के खिलाफ 8 विकेट से शानदार जीत दर्ज की. इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए जमैका की टीम ने 160 रनों का लक्ष्य रखा था, जिसे गयाना की टीम ने 17.2 ओवर में ही हासिल कर मुकाबला अपने नाम कर लिया. यह गयाना की टीम की 5 मैचों लगातार पांचवीं जीत रही.

गयाना की इस जीत के हीरो अफगानिस्तान के स्टार बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज रहे, जिन्होंने 54 रनों की बेहतरीन अर्धशतकीय पारी खेलकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई. इस पारी के साथ गुरबाज ने टी20 क्रिकेट में पाकिस्तान के पूर्व कप्तान बाबर आजम का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया है.

---विज्ञापन---

रहमानुल्लाह गुरबाज ने ठोका शानदार अर्धशतक

इस मुकाबले में गयाना अमेजन वॉरियर्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी. इसके बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी जमैका किंग्समेन की टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 159 रन बनाए. जवाब में उतरी गयाना की टीम को रहमानुल्लाह गुरबाज और मावेंद्र दिंडयाल ने शानदार शुरुआत दिलाई और पहले विकेट के लिए 46 रनों की साझेदारी की. दिंडयाल 17 गेंदों में 4 छक्के और एक चौके की मदद से 33 रन बनाकर आउट हो गए. हालांकि, गुरबाज क्रीज पर टिके रहे और शानदार अर्धशतक जड़ दिया.

गुरबाज ने 35 गेंदों पर 54 रनों की बेहतरीन पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 3 छक्के शामिल रहे. उनके आउट होने के बाद शाई होप और शिमरोन हेटमायर ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए टीम को जीत दिला दी. शाई ने नाबाद 39 रन बनाए, जबकि हेटमायर ने 30 रन जोड़े. गयाना की टीम ने 17.2 ओवर में ही 2 विकेट पर 160 रन बना डाले और मुकाबला 8 विकेट से अपने नाम कर लिया.

---विज्ञापन---

ये भी पढ़ें- IND vs PAK मैच में उतरते ही हरमनप्रीत कौर रच देंगी इतिहास, T20I में 150 मुकाबले खेलने वाली बनेंगी दुनिया की पहली कप्तान

गुरबाज ने तोड़ा बाबर आजम का वर्ल्ड रिकॉर्ड

इस अर्धशतकीय पारी के दौरान रहमानुल्लाह गुरबाज ने एक बड़ी उपलब्धि भी अपने नाम कर ली है. गुरबाज ने अपनी पारी में 8 रन बनाते ही टी20 क्रिकेट में अपने 7000 रन पूरे कर लिए. गुराबज ने यह कारनामा 24 साल और 280 दिन की उम्र में कर दिखाया और पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाद बाबर आजम का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया. बाबर ने 26 साल और 350 दिन की उम्र में ये रिकॉर्ड बनाया था, लेकिन अब गुरबाज ने उन्हें पीछे छोड़ दिया है.

गुरबाज के टी20 करियर की बात करें तो उन्होंने अब तक खेले कुल 275 मैचों की 272 पारियों में 7026 रन बना चुके हैं. इस दौरान उनका औसत 26.1 और स्ट्राइक रेट 149.74 का रहा. उनके नाम टी20 क्रिकेट में 4 शतक और 44 अर्धशतक दर्ज हैं, जिसमें उनका सर्वोच्च स्कोर नाबाद 121 रन का रहा है.

---विज्ञापन---

ये भी पढ़ें- भारत के खिलाफ हार बढ़ा देगी पाकिस्तान की परेशानी, मंडरा रहा वुमेंस एशिया कप से बाहर होने का खतरा