August 29, 2026

गया-राजगीर जाना आसान, 5 लाख की आबादी को फायदा: मुख्यमंत्री ने मीठापुर-सिपारा एलिवेटेड रोड का उद्‌घाटन किया - Patna News

पटना8 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को मीठापुर-महुली-पुनपुन रोड प्रोजेक्ट के मीठापुर-सिपारा एलिवेटेड हिस्से का उद्घाटन किया। इस 2.10 किलोमीटर लंबे हिस्से की निर्माण लागत 231.23 करोड़ रुपये है। इसके शुरू होने से पटना से गया, गया से बिहारशरीफ, बिहारशरीफ से बख्तियारपुर और बख्तियारपुर से पटना का 4-लेन रोड सर्किट पूरी तरह तैयार हो गया है।

मुख्यमंत्री ने 249 करोड़ रुपये की लागत से बने 1150 मीटर लंबे मीठापुर-करबिगहिया फ्लाईओवर और सर्विस पथ का भी उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि पटना के यातायात को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए ये दोनों प्रोजेक्ट अहम हैं। यह केवल दो सड़कों का उद्घाटन नहीं, बल्कि दक्षिण बिहार की कनेक्टिविटी का बड़ा गेमचेंजर है। मीठापुर-सिपारा हिस्से के शुरू होते ही पटना, गया, बिहारशरीफ और बख्तियारपुर के बीच पूरी तरह से 4-लेन रोड सर्किट तैयार हो गया है।

बाईपास के दक्षिण में रहने वाली 5 लाख से अधिक की आबादी जो रोज़ाना भीषण जाम से जूझती थी, उन्हें मुख्य शहर का सीधा रास्ता मिल गया है। वहीं, करबिगहिया फ्लाईओवर से पटना जंक्शन के दक्षिणी द्वार और कंकड़बाग की सुगम कनेक्टिविटी ने शहर का दम फूलने से बचा लिया है। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेन्द्र, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव व अन्य मौजूद रहे।

1. मीठापुर-महुली-पुनपुन एलिवेटेड रोड

कुल लंबाई और बजट : 11 किमी लंबा है और कुल लागत 1400 करोड़ रुपये है।

तीन चरणों में पूरा हुआ काम

पहले फेज में पटना बाईपास सिपारा से महुली तक 6.7 किमी लंबा एलिवेटेड रोड बना। दूसरे फेज में महुली से पुनपुन तक 2.2 किलोमीटर लंबा हाईवे बना।

तीसरे फेज में मीठापुर आरओबी से सिपारा तक 2.1 किमी का काम पूरा हो गया है।

फायदे

समय की भारी बचत : पटना जीपीओ से पुनपुन जाने में पहले एक घंटे से अधिक समय लगता था, अब यह सफर मात्र 10 मिनट में तय होगा। दक्षिण पटना की 5 लाख से अधिक आबादी को जाम से मुक्ति मिलेगी।

आसान हुआ संपर्क : पटना से जहानाबाद, अरवल, बिहारशरीफ, राजगीर, गया, बोधगया और डोभी का सफर बेहद सुगम हो गया है।

2. मीठापुर-करबिगहिया फ्लाईओवर

कुल लंबाई व बजट : लंबाई 1150 मी. है और निर्माण लागत 249 करोड़ रुपये है।

फायदे

आवागमन हुआ आसान : मीठापुर गोलंबर से नवनिर्मित करबिगहिया गोलंबर और करबिगहिया गोलंबर से मीठापुर के पुराने बस स्टैंड व बाईपास की तरफ जाना अब बेहद आसान हो गया है। रेल यात्रियों को बड़ी राहत : जीपीओ गोलंबर से कंकड़बाग और करबिगहिया स्टेशन (पटना जंक्शन के दक्षिणी द्वार) जाने वाले यात्रियों को अब जाम नहीं झेलना पड़ेगा। जाम से स्थाई मुक्ति : बाईपास से पटना शहर के अंदर प्रवेश करने वाले लोग अब ट्रैफिक जाम में नहीं फंसेंगे। प्रतिष्ठित संस्थानों को फायदा : पुराने बस स्टैंड क्षेत्र के कृषि भवन, सीएनएलयू और निफ्ट कॉलेज के छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों के समय की बड़ी बचत होगी।

.