प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 के लिए आगरा में प्रशासन ने तैयारियां पूरी करने की प्रक्रिया तेज कर दी है। जिले के 49 केंद्रों पर 25 और 30 अक्टूबर के साथ 1 नवंबर को परीक्षा आयोजित की जाएगी। हर पाली में 22,776 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
.
परीक्षा को नकलविहीन और पारदर्शी बनाने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। अभ्यर्थियों को सघन तलाशी के बाद ही प्रवेश मिलेगा। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा और व्यवस्थाओं में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए हैं।

परीक्षा को लेकर डीएम मनीष बंसल ने की बेैठक
अधीनस्थ सेवा चयन आयोग, लखनऊ की ओर से आयोजित परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक चलेगी। जिले में परीक्षा के लिए कुल 1,36,656 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। परीक्षा की व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए 49 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 49 स्टेटिक मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। ये अधिकारी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर चुके हैं।
मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर प्रतिबंध जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे चालू रहें और प्रत्येक अभ्यर्थी की सघन तलाशी ली जाए। मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को परीक्षा केंद्रों में ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा।
पेयजल, शौचालय और परिवहन के इंतजाम परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए केंद्रों पर स्वच्छ पेयजल, शौचालय और हेल्प डेस्क की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। केंद्रों तक पहुंचने में अभ्यर्थियों को परेशानी न हो, इसके लिए यातायात और परिवहन व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा गया है। परीक्षा के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति के साथ स्वास्थ्य विभाग को चिकित्सा और एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
डबल लॉक में रखी गई गोपनीय सामग्री परीक्षा से जुड़ी गोपनीय सामग्री कलेक्ट्रेट स्थित कोषागार के अस्थायी डबल लॉक में सुरक्षित रखी गई है। निर्धारित प्रक्रिया के तहत सेक्टर मजिस्ट्रेट के माध्यम से इसे परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया जाएगा। पुलिस, यातायात, परिवहन, विद्युत और स्वास्थ्य विभाग को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि परीक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।