August 19, 2026

चित्तौड़गढ़ में 48 घंटे से बारिश नहीं: 65.76% ही बरसा मानसून, 257 MM बारिश कम, उमस से लोग परेशान - Chittorgarh News

अगस्त का आधा महीना गुजर चुका है, लेकिन चित्तौड़गढ़ में मानसून अब भी उम्मीद के मुताबिक नहीं बरसा है। कुछ दिन पहले तक लगातार बारिश से राहत महसूस कर रहे लोगों को अब फिर गर्मी और उमस परेशान करने लगी है। पिछले 48 घंटे से जिले में एक बूंद भी बारिश नहीं हुई

.

750 MM के मुकाबले अब तक 493.17 MM बारिश

धूप बहुत तेज नहीं होने के बावजूद नमी बढ़ने से लोगों को चिपचिपी गर्मी परेशान कर रही है। जिले में अब तक औसत बारिश का करीब 65.76 प्रतिशत पानी ही बरसा है। यानी मानसून का आधे से ज्यादा समय बीतने के बाद भी बारिश सामान्य से पीछे चल रही है।

चित्तौड़गढ़ जिले में पूरे मानसून सीजन की औसत बारिश 750 MM मानी जाती है। इसके मुकाबले अब तक 493.17 MM बारिश दर्ज हुई है। अभी करीब 257 MM बारिश की कमी बनी हुई है। अगस्त को आमतौर पर सबसे ज्यादा बारिश वाला महीना माना जाता है, लेकिन इस बार बीच-बीच में लंबे ब्रेक के कारण बारिश का आंकड़ा उम्मीद के मुताबिक नहीं बढ़ पाया।

अच्छी बारिश नहीं होने से खेतों में नमी कम होने लगी है। जल स्रोतों में पानी की आवक भी धीमी पड़ गई है। किसानों की नजर अब अगले कुछ दिनों के मौसम पर टिकी है, क्योंकि खरीफ फसलों के लिए अगस्त का दूसरा पखवाड़ा काफी अहम माना जाता है।

चित्तौड़गढ़ जिले में पूरे मानसून सीजन की औसत बारिश 750 एमएम मानी जाती है। इसके मुकाबले अब तक केवल 493.17 एमएम बारिश दर्ज हुई है।

चित्तौड़गढ़ जिले में पूरे मानसून सीजन की औसत बारिश 750 एमएम मानी जाती है। इसके मुकाबले अब तक केवल 493.17 एमएम बारिश दर्ज हुई है।

बारिश रुकी तो बढ़ी उमस, तापमान भी चढ़ा

बारिश थमने का असर मौसम पर साफ दिखाई दे रहा है। मंगलवार को जिले का अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान बहुत ज्यादा नहीं होने के बावजूद हवा में नमी बढ़ने से उमस ज्यादा महसूस हो रही है।

दिनभर चिपचिपाहट और रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिलने से लोग परेशान हैं। सुबह और शाम आसमान में बादल नजर आते हैं, लेकिन बारिश नहीं होने से मौसम और भारी महसूस हो रहा है।

बड़े बारिश वाले सिस्टम के संकेत नहीं, हल्की बारिश की उम्मीद

मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल राज्य में कोई मजबूत बारिश का सिस्टम एक्टिव नहीं है। ऐसे में आने वाले दिनों में ज्यादातर क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना कम है। हालांकि चित्तौड़गढ़, उदयपुर संभाग और आसपास के कुछ जिलों में स्थानीय प्रभाव से हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है।

फिलहाल लगातार या तेज बारिश के संकेत नहीं हैं। ऐसे में लोगों को आने वाले कुछ दिन और उमस भरे मौसम का सामना करना पड़ सकता है।