दुर्गा पूजा को लेकर दरभंगा में भक्तिमय माहौल बना हुआ है। जिले में करीब 450 स्थानों पर मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना की जा रही है। रविवार को नवरात्र के अवसर पर विभिन्न पूजा पंडालों और मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
.
लहेरियासराय के नाका नंबर-6, बाकरगंज स्थित गायत्री मंदिर मोहल्ले सहित शहर के विभिन्न पूजा स्थलों पर भक्तों ने मां दुर्गा के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। महिलाओं ने परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। श्रद्धालुओं का मानना है कि मां दुर्गा अपने भक्तों को शक्ति प्रदान करती हैं और उनकी मनोकामनाएं पूरी करती हैं।
इधर, दुर्गा पूजा के अवसर पर जिलाधिकारी कौशल कुमार एवं वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथरड्डी जलरड्डी ने जिले के विभिन्न पूजा मंदिरों का भ्रमण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने माता के मंदिरों में दर्शन कर पूजा-अर्चना की तथा जिले में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
उन्होंने पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं की उपस्थिति और पूजा से संबंधित गतिविधियों का जायजा लिया। प्रशासन की ओर से पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने की प्रतिबद्धता जताई गई। भ्रमण के दौरान संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

पूजा कमिटी के सदस्यों ने माँ की चुनरी देकर सम्मानित किया।
भीड़ बढ़ने के साथ बुनियादी सुविधाओं पर उठे सवाल
एक ओर पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ रही है, वहीं दूसरी ओर कुछ पूजा स्थलों पर बुनियादी सुविधाओं की कमी की शिकायतें भी सामने आई हैं। स्थानीय लोगों और पूजा समिति के सदस्यों के अनुसार, कुछ स्थानों पर पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं दिखी। स्वास्थ्य विभाग की ओर से आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध नहीं होने की बात भी कही गई। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए पूजा स्थलों पर स्वास्थ्य टीम, प्राथमिक उपचार और आपात स्थिति में त्वरित सहायता की व्यवस्था सुनिश्चित करने की जरूरत बताई गई।
पुलिस तैनाती और स्वास्थ्य सुविधा की मांग
संतोष कुमार सहित स्थानीय लोगों ने पूजा के दौरान आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और भीड़भाड़ वाले स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती की जरूरत बताई। लोगों का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ भीड़ नियंत्रण, पेयजल और चिकित्सा सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। सैदनगर काली मंदिर के पास भी आवश्यक व्यवस्थाओं की कमी की शिकायत सामने आई है। काली मंदिर को सिद्धपीठ माना जाता है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में यहां भीड़ के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी है।
पोलो ग्राउंड का मेला बना आकर्षण का केंद्र
उधर, लहेरियासराय स्थित पोलो ग्राउंड में दुर्गा पूजा के अवसर पर लगा मेला लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। मेले में रंग-बिरंगी रोशनी, बड़े-बड़े झूले और मनोरंजन के विभिन्न साधन लगाए गए हैं। यहां शहर के अलावा दूर-दराज के इलाकों से भी लोग पहुंच रहे हैं। शाम होते ही मेले में चहल-पहल बढ़ जा रही है और बच्चे, युवा तथा परिवार के लोग मेले का आनंद ले रहे हैं।

विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण करते हुए अधिकारी
आने वाले दिनों में पूजा पंडालों और मेले में श्रद्धालुओं की भीड़ और बढ़ने की संभावना है। ऐसे में पूजा समितियों और प्रशासन के सामने सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, पेयजल, प्राथमिक उपचार और आपातकालीन सहायता की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने की चुनौती रहेगी।श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए इन व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी जरूरी है।