August 1, 2026

रामायण से 444 गुना महंगी रणबीर कपूर की रामायणम्, क्या निकाल पाएगी भारी-भरकम लागत

रामानंद सागर की 9 करोड़ की 'रामायण' के मुकाबले रणबीर कपूर की 'रामायणम्' का बजट करीब 4000 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। ऐसे में ट्रेलर को देख सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि क्या ये मूवी अपना बजट निकाल पाएगी?

Ramayan vs Ramaynam Budget Comparison: रामायण पर आधारित निर्देशक नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायणम्' का ट्रेलर 30 जुलाई को रिलीज हुआ। रिलीज के बाद ट्रेलर को ऑनलाइन काफी चर्चा मिली। इसके आधिकारिक ट्रेलर को अब तक 1.1 करोड़ (11 मिलियन) से अधिक व्यूज मिल चुके हैं। हालांकि, सोशल मीडिया पर ट्रेलर को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। जहां कई लोगों ने फिल्म की भव्यता और विजुअल्स की तारीफ की, वहीं कुछ दर्शकों ने इसके कई पहलुओं पर सवाल भी उठाए। अब सभी की नजर इस बात पर है कि इतने बड़े बजट वाली यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कैसा प्रदर्शन करती है।

रामानंद सागर की 'रामायण' और 'रामायणम्' के बजट में कितना अंतर?

साल 1987 में प्रसारित रामानंद सागर की टीवी सीरीज 'रामायण' के कुल 78 एपिसोड बनाने में लगभग 9 करोड़ रुपये खर्च हुए थे। यानी एक एपिसोड पर औसतन करीब 8.60 लाख रुपये की लागत आई थी। वहीं, रिपोर्ट्स के अनुसार नितेश तिवारी की 'रामायणम्' का कुल बजट करीब 4000 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। इस हिसाब से यह बजट रामानंद सागर की पूरी 'रामायण' की लागत से लगभग 444 गुना अधिक है।

ट्रेलर को मिला-जुला रिस्पॉन्स

  • फिल्म का बजट भले ही बहुत बड़ा बताया जा रहा हो, लेकिन ट्रेलर देखने के बाद सोशल मीडिया पर दर्शकों की राय बंटी हुई नजर आई।
  • कुछ लोगों ने फिल्म के VFX, सिनेमैटोग्राफी और भव्य पैमाने की तारीफ की। वहीं कई यूजर्स का मानना है कि ट्रेलर में वह भावनात्मक जुड़ाव दिखाई नहीं देता, जिसकी उम्मीद रामायण जैसी कहानी से की जाती है।
  • कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने फिल्म को मजाक में "AI रामायण" भी कहा। उनका कहना है कि फिल्म में तकनीक और विजुअल इफेक्ट्स पर ज्यादा ध्यान दिया गया है, जबकि भावनात्मक पक्ष अपेक्षाकृत कमजोर महसूस होता है।

सुनील लहरी ने भी जताई थी अपनी राय

रामानंद सागर की 'रामायण' में लक्ष्मण का किरदार निभाने वाले अभिनेता सुनील लहरी ने भी ट्रेलर पर अपनी प्रतिक्रिया दी थी। उनके अनुसार रणबीर कपूर के राम वाले लुक में वह मासूमियत और सहजता कम दिखाई देती है, जिसकी दर्शक इस किरदार से उम्मीद करते हैं।

ट्रेलर को लेकर सोशल मीडिया पर किन बातों पर उठे सवाल?

ट्रेलर रिलीज होने के बाद कई यूजर्स ने अलग-अलग पहलुओं पर अपनी राय दी। प्रमुख प्रतिक्रियाएं इस प्रकार रहीं—

  • ट्रेलर की शुरुआत में रावण का चेहरा शॉल से ढका हुआ दिखाया गया है, जिसे कुछ दर्शकों ने पारंपरिक प्रस्तुति से अलग बताया।
  • कुछ लोगों ने रावण के एक्शन और लड़ाई के अंदाज को आधुनिक शैली का बताया।
  • भगवान राम के रूप में रणबीर कपूर की घोड़े पर एंट्री और आंखों पर पट्टी वाले दृश्य पर भी कुछ यूजर्स ने सवाल उठाए।
  • रणबीर कपूर और साई पल्लवी की डायलॉग डिलीवरी तथा हिंदी उच्चारण को लेकर भी सोशल मीडिया पर मिश्रित प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं।
  • कुछ दर्शकों का मानना था कि सीता के किरदार में साई पल्लवी की आवाज उनके चरित्र की पारंपरिक छवि से अलग महसूस हुई।
  • वहीं, रावण को तेज रफ्तार में दौड़ते और एक एथलीट जैसी शैली में दिखाने पर भी कई लोगों ने अपनी असहमति जताई।

क्या 4000 करोड़ का बजट निकाल पाएगी 'रामायणम्'?

रिपोर्ट्स के मुताबिक, रामानंद सागर की 'रामायण' ने अपने समय में करीब 31.40 करोड़ रुपये की कमाई की थी। अब सवाल यह है कि करीब 4000 करोड़ रुपये के बजट में बन रही 'रामायणम्' बॉक्स ऑफिस पर अपनी लागत निकाल पाएगी या नहीं। इसका जवाब फिल्म की रिलीज के बाद दर्शकों की प्रतिक्रिया और बॉक्स ऑफिस कलेक्शन से ही मिलेगा। फिलहाल, उपलब्ध रिपोर्ट्स के अनुसार, 'रामायणम्' को भारत की सबसे महंगे बजट वाली फिल्मों में से एक माना जा रहा है।