प्रयागराज में राम वनगमन पथ परियोजना के तहत बन रही सड़क और पुल के क्षतिग्रस्त होने का मामला सामने आया है. नवाबगंज के श्रृंगवेरपुर धाम के पास करीब 100 मीटर के दायरे में सड़क कई जगह से उखड़ गई है. सड़क के किनारे बना बॉर्डर भी टूट गया है. इसके अलावा पुल के कई हिस्सों में बड़ी-बड़ी दरारें दिखाई दे रही हैं. सड़क और पुल की हालत के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अब मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है.
दरअसल, अयोध्या से चित्रकूट तक करीब 210 किलोमीटर लंबे राम वनगमन पथ का निर्माण कराया जा रहा है. इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर सरकार करीब 4,400 करोड़ रुपये खर्च कर रही है. परियोजना का उद्देश्य भगवान राम के वनवास से जुड़े महत्वपूर्ण स्थलों को सड़क मार्ग से जोड़ना और इन धार्मिक स्थलों तक श्रद्धालुओं की पहुंच आसान बनाना है.

इसी परियोजना के तहत प्रयागराज के नवाबगंज स्थित श्रृंगवेरपुर धाम में भी सड़क और पुल का निर्माण कराया गया है. लेकिन निर्माण के दौरान ही सड़क के कई हिस्सों में दरारें आने और कुछ जगहों पर सड़क के धंसने से इसकी गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं.
सम्बंधित ख़बरें
सड़क पर दिखीं डराने वाली दरारें
मौके पर पहुंचकर जायजा लेने पर सड़क के कई हिस्सों में बड़ी-बड़ी दरारें दिखाई दीं. कुछ स्थानों पर सड़क का हिस्सा दबा हुआ नजर आया, जबकि सड़क किनारे का बॉर्डर भी क्षतिग्रस्त मिला. पुल का भी काफी हिस्सा खराब दिखाई दिया. मौके पर मजदूर मरम्मत के काम में जुटे हुए थे.
सड़क की स्थिति को देखते हुए बड़े वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है. फिलहाल यहां से कुछ दोपहिया वाहन ही गुजर रहे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस परियोजना पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, उसमें निर्माण के दौरान ही इस तरह की खामियां सामने आना गंभीर चिंता का विषय है.
सड़क धंसने पर क्या बोले डिप्टी CM केशव मौर्य?
राम वनगमन पथ की सड़क धंसने को लेकर जब उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि अभी बारिश का मौसम है. अगर सड़क धंस गई है तो उसे बनाया भी जाएगा. वहीं, जिलाधिकारी से फोन पर हुई बातचीत में बताया गया कि अभी इस परियोजना का उद्घाटन नहीं हुआ है और न ही संबंधित पुल को औपचारिक रूप से हैंडओवर किया गया है. ऐसे में निर्माण कार्य पूरा होने और हैंडओवर से पहले ही क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत कराई जा रही है.
इंजीनियर ने बारिश को बताया वजह
निर्माण कार्य से जुड़ी फर्म के इंजीनियर राशिद खान ने सड़क और पुल के क्षतिग्रस्त होने की वजह क्षेत्र में हुई अधिक बारिश को बताया. उनके मुताबिक, ज्यादा बारिश के कारण कुछ स्लैब दब गए हैं. उन्होंने कहा कि समस्या को जल्द ठीक कर लिया जाएगा. हालांकि, स्थानीय लोग इस मामले को निर्माण की गुणवत्ता से जोड़कर देख रहे हैं. उनका कहना है कि सड़क और पुल अगर निर्माण के दौरान ही इस तरह क्षतिग्रस्त हो रहे हैं तो भविष्य में इनके टिकाऊपन को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है.
---- समाप्त ----
ये भी देखें
