October 8, 2026

ठंड में स्कूटर से काम पर पहुंची कर्मचारी तो पसीजा बॉस का दिल, थमा दी 43 लाख की BMW

ठंड में स्कूटर से काम पर पहुंची कर्मचारी तो पसीजा बॉस का दिल, थमा दी 43 लाख की BMW

बॉस ने कर्मचारियों को दिया ऐसा इनाम Image Credit source: South China Morning Post

चीन में एक रेस्टोरेंट मालिक ने अपने दो मेहनती कर्मचारियों को ऐसा इनाम दिया, जिसकी उन्होंने शायद कभी कल्पना भी नहीं की होगी. बॉस ने दोनों कर्मचारियों को नई BMW कार गिफ्ट कर दी. ये पूरा मामला चीन के हेनान प्रांत का है, जहां बीफ हॉटपॉट रेस्टोरेंट चेन चलाने वाली मा यानली ने अपने कर्मचारियों की मेहनत से खुश होकर उन्हें यह खास तोहफा दिया.

दरअसल, मा यानली ने देखा था कि उनके कई कर्मचारी सर्द मौसम में भी इलेक्ट्रिक स्कूटर से काम पर आते हैं. ठंडी हवाओं और मुश्किल मौसम में रोज सफर करने वाले कर्मचारियों को देखकर उन्हें लगा कि जब वह खुद आराम से कार में बैठकर काम पर आती हैं, तो उनके कर्मचारी भी इस सुविधा के हकदार हैं.

कर्मचारियों की मेहनत से खुश हुईं बॉस

इस बात ने उन्हें खास तौर पर अपनी कर्मचारी ली जिए के लिए सोचने पर मजबूर कर दिया. ली पिछले करीब आठ साल से रेस्टोरेंट में काम कर रही थीं और रोज इलेक्ट्रिक स्कूटर से आती-जाती थीं. एक सुबह जब वह काम पर पहुंचीं तो ठंड की वजह से उनका चेहरा लाल हो गया था. उनके कान बैंगनी पड़ गए थे और ठंडी हवा के कारण हाथ भी अकड़ गए थे.

ली को इस हालत में देखकर मा यानली को अपना सफर याद आया. उन्होंने कहा कि वह अपनी कार में गर्मी और आराम के साथ सफर करती हैं, फिर उनके कर्मचारी ऐसा क्यों नहीं कर सकते? इसी सोच के बाद उन्होंने कर्मचारियों को कार गिफ्ट करने का फैसला किया. मा ने बताया कि उनके मन में पिछले साल की सर्दियों से ही अपने कर्मचारियों को कार देने का विचार चल रहा था. आखिरकार 24 सितंबर को उन्होंने अपने कुछ कर्मचारियों को BMW शोरूम चलने के लिए कहा. कर्मचारियों को लगा कि शायद कोई मीटिंग है, लेकिन शोरूम पहुंचने के बाद उन्हें पता चला कि असल में उन्हें नई कार लेने के लिए यहां लाया गया है.

रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों BMW की कीमत करीब 3 लाख युआन यानी लगभग 43 लाख रुपये थी. बताया गया कि मा ने कारों की पूरी रकम कर्मचारियों को सौंपने से करीब दो हफ्ते पहले ही चुका दी थी. ली जिए को सफेद रंग की BMW मिली, जो उसी दिन उनके नाम पर रजिस्टर भी कर दी गई. खास बात यह रही कि कार के बदले ली को न तो कोई पैसा देना पड़ा और न ही किसी तरह का समझौता साइन करना पड़ा. यह उनके लिए इतना बड़ा सरप्राइज था कि उन्हें खुद भी यकीन नहीं हो रहा था.

ली ने कहा कि वह बेहद खुश हैं और उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उन्हें ऐसा तोहफा मिलेगा. उन्होंने बताया कि BMW शोरूम जाते समय बॉस ने सिर्फ इतना कहा था कि वह उन्हें एक बड़ा ‘खिलौना’ गिफ्ट करने वाली हैं. वहीं, दूसरी कर्मचारी लियू यिंगयिंग को ग्रे रंग की BMW दी गई. लियू ने बताया कि उनकी बॉस ने उनसे कहा कि वह बहुत मेहनत करती हैं और उनका प्रदर्शन भी शानदार रहा है, इसलिए वह इस कार की हकदार हैं.

यह भी पढ़ें: फसल के साथ फैशन का भी जलवा, झारखंड के किसान का स्टाइल ने खींचा बॉलीवुड का ध्यान

मा यानली के मुताबिक, इन महंगी कारों को देने का मकसद सिर्फ दो कर्मचारियों की तारीफ करना नहीं था. उनका मानना है कि कंपनी की कामयाबी में हर कर्मचारी की मेहनत शामिल है. उन्होंने कहा कि अगर उन्होंने अपने करियर में सफलता हासिल की है, तो उसके पीछे उनके कर्मचारियों की मेहनत भी है. उनका कहना है कि कंपनी की तरक्की का फायदा कर्मचारियों को भी मिलना चाहिए. यही वजह है कि उन्होंने अपनी सफलता की खुशी अपने कर्मचारियों के साथ इस अनोखे तरीके से बांटने का फैसला किया.

आयुष कुमार

आयुष कुमार

आयुष कुमार, टीवी9 डिजिटल में सीनियर सब एडिटर हैं. अशोक और चाणक्य की धरती बिहार से हैं. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की तालीम हासिल की है. पत्रकारिता में तीन साल से तिल को बिना ताड़ बनाए किसी भी सोशल मुद्दे को 360 डिग्री समझाने की कोशिश करते हैं. अमर उजाला, फिरकी डॉट इन से अपने पत्रकारीय सफर की शुरुआत की है. पाठकों तक सरल शब्दों में खबरें पहुंचाना उद्देश्य रहा है. लेखन की इस दुनिया में दिलचस्पी इसलिए बढ़ गई, क्योंकि बचपन से ही काफी ज्यादा बातूनी रहे हैं. फिलहाल, टीवी9 में फीचर राइटिंग करते हुए सोशल मीडिया की नब्ज पकड़ने में माहिर हो गए है. अजीबोगरीब खबरों को गजब तरीके से लिखकर आप सबके सामने पेश करते हैं.

Read More

google button