श्रीगंगानगर जिला पुलिस ने एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया। इसमें 74 टीमों ने 410 स्थानों पर दबिश देकर 149 बदमाशों को पकड़ा। कार्रवाई में 366 पुलिसकर्मी शामिल रहे।
.
एसपी हरिशंकर ने बताया- कार्रवाई में हार्डकोर अपराधियों, सक्रिय हिस्ट्रीशीटर, मादक पदार्थ तस्करों, अवैध हथियार और फायरिंग मामलों में चालानशुदा अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसके साथ ही संपत्ति संबंधी अपराधों, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट में फरार आरोपियों की भी धरपकड़ की।

एरिया डोमिनेशन अभियान के तहत पुलिस ने जिलेभर में कार्रवाई की है।
पुलिस की कार्रवाई
- पिस्टल-कारतूस बरामद- पुलिस थाना जवाहरनगर की टीम ने गश्त के दौरान गुरविंद्र सिंह (22) निवासी चक महाराजका और जसविंद्र सिंह (23) निवासी तेजेवाला, केसरीसिंहपुर को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से एक पिस्टल और 47 कारतूस बरामद किए गए। आरोपियों की बाइक भी जब्त की गई। मामले में सहजप्रीत सिंह निवासी चक महाराजका और परविंद्र सिंह उर्फ पिंदा को नामजद किया गया है। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी सहजप्रीत सिंह विदेश में बैठकर गिरोह का संचालन कर रहा है। मामले में पूछताछ और आगे की जांच जारी है।
- हेरोइन जब्त की- सूरतगढ़ सदर थाना पुलिस ने रोही संघर में कार्रवाई करते हुए सोनू सिंह निवासी संघर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 3.19 ग्राम हेरोइन जब्त की।
- नशीले कैप्सूल बरामद किए- रायसिंहनगर पुलिस ने दो और सूरतगढ़ सदर पुलिस ने एक कार्रवाई करते हुए 3050 प्रतिबंधित प्रेगाबालीन और टेपेन्टाडोल कैप्सूल बरामद किए। इन मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
- आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई- अभियान के दौरान सदर श्रीगंगानगर, समेजाकोठी और रामसिंहपुर थाना पुलिस ने आबकारी एक्ट के तहत चार कार्रवाई की। पुलिस ने 22 लीटर हथकड़ शराब, 45 पव्वे देशी शराब और 200 रुपए बिक्री राशि बरामद कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।
- सट्टा राशि के साथ पकड़ा- करणपुर थाना पुलिस ने आरपीजीओ के तहत कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से 700 रुपए सट्टा राशि बरामद की गई।
- अन्य आरोपियों की धरपकड़- अभियान के दौरान स्थायी वारंटी, उद्घोषित अपराधी, धारा 200 दप्रसं और गिरफ्तारी वारंट वाले कुल 41 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा एक हार्डकोर हिस्ट्रीशीटर, जघन्य अपराध में वांछित एक आरोपी और सामान्य प्रकरणों में वांछित 6 आरोपियों को भी पकड़ा गया।
- निरोधात्मक कार्रवाई की- पुलिस ने 170 बीएनएसएस और अन्य निरोधात्मक कार्रवाई के तहत 88 गैरसायलों को भी गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान कुल 149 आरोपियों-गैरसायलों की गिरफ्तारी हुई है।