Published: Thursday, August 20, 2026, 11:59 [IST]
Kushbu Sundar Transformation: अभिनेत्री और नेता खुशबू सुंदर इन दिनों अपने ट्रांसफॉर्मेशन को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने करीब पांच साल में 40 किलो वजन कम किया है। खास बात यह है कि उन्होंने किसी जल्दबाजी वाले डाइट प्लान के बजाय धीरे-धीरे अपनी लाइफस्टाइल बदली। एक इंटरव्यू में खुशबू ने बताया कि उनका वजन एक समय 98.6 किलो तक पहुंच गया था।
वह कहती हैं कि उन्हें मोटापे से जुड़ी कोई बड़ी बीमारी नहीं थी, लेकिन शूटिंग के दौरान लगी चोटों के कारण घुटनों में दर्द रहने लगा था। सीढ़ियां चढ़ना भी मुश्किल हो गया था। डॉक्टर की सलाह पर उन्होंने वजन कम करने का फैसला किया। 2021 में शुरू हुई उनकी यह कोशिश अब अपने लक्ष्य तक पहुंच चुकी है।
98.6 किलो था वजन
खुशबू सुंदर ने बताया कि वह करीब 98.6 किलो की थीं। उनका कहना है कि ज्यादा वजन और खुशमिजाज व्यक्तित्व को एक जैसा नहीं समझना चाहिए। वजन बढ़ने के बाद उनकी सबसे बड़ी परेशानी घुटनों को लेकर थी। शूटिंग के दौरान लगी चोटों की वजह से घुटनों पर पहले से असर था। सीढ़ियां चढ़ते समय दर्द होता था। यहां तक कि उनके लिए दौड़ना और ठीक से चलना भी मुश्किल होने लगा था। डॉक्टर ने उन्हें सलाह दी कि अगर वजन कम किया जाए तो घुटनों पर पड़ने वाला दबाव कम हो सकता है।
ये भी पढ़ें: Pawan Singh की पहली पत्नी नीलम की कैसे हुई थी मौत? 11 साल बाद एक्टर ने बताया क्या हुआ था उस रात, खूब रोए स्टार
खुशबू ने बताया कि उन्होंने वजन कम करने का सफर 2021 में शुरू किया था। करीब पांच साल की लगातार मेहनत के बाद उन्होंने लगभग 40 किलो वजन कम किया। उनके मुताबिक, यह बदलाव अचानक नहीं आया। समय के साथ वह नए रूटीन की आदी होती चली गईं। उन्होंने यह भी कहा कि जब इंसान अपनी सेहत को लेकर जागरूक होता है तो कई बीमारियों से बचाव की कोशिश की जा सकती है। खुशबू ने बताया कि उन्हें न तो शुगर की समस्या है और न ही ब्लड प्रेशर की, और वह चाहती हैं कि आगे भी ऐसी दिक्कतें न आएं।
परिवार से मिली प्रेरणा
वजन कम करने में खुशबू को अपने परिवार से भी काफी मदद मिली। उन्होंने बताया कि उनके पति और फिल्ममेकर-एक्टर सुंदर सी ने पहले अपनी लाइफस्टाइल में बदलाव शुरू किया था। इसके बाद उनके बच्चों ने भी इसे अपनाया। खुशबू ने भी परिवार के साथ इस बदलाव को शुरू करने का फैसला किया। वह अपने पति के साथ वॉक करने लगीं। इसके अलावा उन्होंने एक्सरसाइज और योग को भी अपनी दिनचर्या में शामिल किया।
ग्लूटेन से परेशानी का भी चला पता
खुशबू ने बताया कि वजन को लेकर उन्हें पहले भी उतार-चढ़ाव का सामना करना पड़ा था। वह वजन कम करती थीं, फिर कुछ समय बाद दोबारा बढ़ जाता था। इसी वजह से उनका वजन लंबे समय तक स्थिर नहीं रह पाया। बाद में उन्हें पता चला कि उन्हें ग्लूटेन इंटॉलरेंस यानी ग्लूटेन से परेशानी है। शरीर में सूजन जैसी समस्या भी रहती थी। इसके बाद उन्होंने अपने खाने में कुछ चीजों को हटाया। उन्होंने बताया कि अब वह चपाती और मैदा नहीं लेती हैं।
ये भी पढ़ें: पहली पत्नी की मौत, दूसरी संग तलाक, अब 40 के Pawan Singh करेंगे तीसरी शादी? इस एक्ट्रेस ने दिया मैरिज प्रपोजल