July 27, 2026

खंडवा के पंधाना में 4 महीने से दहशत फैला रहा था तेंदुआ, वन विभाग ने किया कैद, ग्रामीणों ने ली राहत की सांस| Navbharat Live

विज्ञापन

सार

Khandwa News : खंडवा के पंधाना क्षेत्र में चार महीने से दहशत फैला रहा तेंदुआ वन विभाग के पिंजरे में कैद हो गया। तेंदुए के पकड़े जाने से खरखेड़ी, काकोड़ा और अंबाखेड़ा के ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

Khandwa Leopard Captured

पिंजरे में कैद तेंदुआ (फोटो सोर्स- नवभारत)

विस्तार

Khandwa Leopard Captured: खंडवा जिले की पंधाना तहसील के ग्राम खरखेड़ी, काकोड़ा और अंबाखेड़ा से लगे वन क्षेत्र में पिछले चार महीनों से ग्रामीणों के लिए आतंक का कारण बना तेंदुआ आखिरकार वन विभाग के पिंजरे में कैद हो गया। तेंदुए के पकड़े जाने के बाद क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है। वन विभाग अब उसे सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ने की तैयारी कर रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार तेंदुआ लगातार बकरियों समेत अन्य पालतू पशुओं का शिकार कर रहा था। बीते दिन उसने एक गाय के बछड़े को भी अपना शिकार बनाया था। इसके अलावा कई बार खेतों में काम करने जा रहे किसानों और ग्रामीणों की ओर भी तेंदुए के झपटने की घटनाएं सामने आई थीं। लगातार हो रही घटनाओं के कारण गांवों में भय का माहौल था और लोग शाम होते ही घरों में रहने को मजबूर थे।

चार दिन पहले लगाया था पिंजरा

ग्रामीणों की लगातार शिकायतों और मांग के बाद वन विभाग ने चार दिन पहले प्रभावित क्षेत्र में पिंजरा लगाया था। बीती रात ग्रामीणों ने पिंजरे में मुर्गी रखी, जिसके लालच में तेंदुआ पिंजरे के अंदर चला गया और कैद हो गया। सुबह ग्रामीणों ने तेंदुए को पिंजरे में देखा तो तुरंत वन विभाग को सूचना दी।

सम्बंधित ख़बरें

वन विभाग ने सुरक्षित कब्जे में लिया

सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षा व्यवस्था के बीच तेंदुए को पिंजरे सहित अपने कब्जे में ले लिया। विभाग के अधिकारियों ने बताया कि तेंदुए को सुरक्षित तरीके से दूरस्थ वन क्षेत्र में छोड़ा जाएगा, ताकि वह दोबारा आबादी वाले इलाके में न पहुंचे।

ये भी पढ़ें : EXCLUSIVE: भोपाल में नहीं थम रहा देह व्यापार? होटल से फोन पर भेजी जा रहीं महिलाओं की फोटो, पुलिस पर उठे सवाल

ग्रामीणों में खुशी का माहौल

तेंदुए के पकड़े जाने के बाद खरखेड़ी, काकोड़ा और अंबाखेड़ा सहित आसपास के गांवों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि पिछले चार महीनों से वे भय के साए में जीवन जी रहे थे। अब तेंदुए के पकड़े जाने से बच्चों, किसानों और पशुपालकों को बड़ी राहत मिली है और गांव में सामान्य स्थिति लौटने की उम्मीद जगी है।

Follow Navbharatlive whatsapp