September 2, 2026

सुबह से लाइन में लगे किसान शाम 4 बजे लौटाए: मुरैना में गोदाम प्रभारी पर मोबाइल छीनने और रुपए मांगने का आरोप - Morena News

मुरैना जिले में खाद वितरण व्यवस्था को लेकर किसानों की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है। मंगलवार को मुरैना स्थित DMO खाद गोदाम को निर्धारित समय से करीब एक घंटे पहले ही शाम 4 बजे बंद कर दिया गया।

.

उस समय खाद लेने के लिए किसान पहले से लाइन में खड़े थे। गोदाम बंद होने के बाद किसानों को बिना खाद दिए वापस जाने के लिए कह दिया गया। इससे किसानों में नाराजगी फैल गई।

बताया जा रहा है कि कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ ने खाद वितरण केंद्रों को शाम 5 बजे तक चालू रखने के निर्देश दिए हैं।

इतना ही नहीं, यदि शाम 5 बजे तक किसान केंद्र पर मौजूद हैं तो खाद वितरण बंद नहीं किया जाना है। इसके बावजूद मंगलवार को DMO गोदाम को शाम 4 बजे ही बंद कर दिया गया।

गोदाम प्रभारी पर किसानों के मोबाइल छीनने का आरोप गोदाम बंद किए जाने से नाराज किसानों ने मौके पर वीडियो बनाना शुरू कर दिया। किसानों का आरोप है कि वीडियो बनाए जाने पर गोदाम प्रभारी अभिषेक शर्मा और वहां मौजूद कर्मचारियों ने मोबाइल छीनने का प्रयास किया। किसानों को मौके से चले जाने के लिए भी कहा गया।

किसानों का कहना है कि वे सुबह से खाद लेने के लिए लाइन में खड़े थे। घंटों इंतजार करने के बाद जब खाद मिलने की बारी आई तो समय से पहले ही गोदाम बंद कर दिया गया। इससे किसानों को बिना खाद लिए वापस लौटना पड़ा।

अतिरिक्त पैसे लिए जाने के भी आरोप कुछ किसानों ने खाद वितरण के दौरान निर्धारित राशि से अधिक पैसे लिए जाने के आरोप भी लगाए हैं। किसानों का कहना है कि खाद के लिए उन्हें घंटों लाइन में लगना पड़ रहा है और इसके बाद भी यदि समय से पहले केंद्र बंद कर दिया जाएगा तो उनकी परेशानी और बढ़ेगी।

किसानों ने खाद वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता लाने के साथ ही अतिरिक्त राशि लिए जाने के आरोपों की जांच कराने की मांग की है। अब प्रशासनिक जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि किसानों द्वारा लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है।

कृषि विभाग के अधिकारी ने फोन नहीं उठाया मामले को लेकर दैनिक भास्कर टीम ने डिप्टी डायरेक्टर कृषि अन्नत सड़गैया से फोन पर उनका पक्ष जानने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।

कलेक्टर बोले- जांच कराएंगे, किसानों के रहते केंद्र बंद नहीं होंगे कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ ने कहा कि खाद वितरण केंद्र को लेकर शिकायत मिली है। कृषि अधिकारी और एसडीएम को मामले की जांच के लिए कहा गया है।

किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो, यह सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी खाद वितरण केंद्र किसानों के वहां रहने तक खुले रखे जाएंगे।