
21 साल के मुशीर खान का धमाल. (फोटो- PTI)
Duleep Trophy, North Zone vs West Zone: बेंगलुरु के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में नॉर्थ जोन और वेस्ट जोन के बीच खेले जा रहे दलीप ट्रॉफी क्वार्टर फाइनल मुकाबले में भारतीय स्टार बल्लेबाज सरफराज खान के छोटे भाई मुशीर खान अपनी शानदार क्लास का प्रदर्शन किया. नॉर्थ जोन की ओर से दिए गए 287 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए मुशीर खान ने चौथी पारी में 126 गेंदों पर 96 रनों की अहम पारी खेली. हालांकि, वह अपने शतक से सिर्फ 4 रन दूर रह गए, लेकिन उनकी इस पारी ने वेस्ट जोन को 200 के पार पहुंचाकर मैच में मजबूत स्थिति में ला खड़ा किया.
21 साल के मुशीर खान का धमाल
दबाव भरे टारगेट का पीछा करने उतरी वेस्ट जोन की शुरुआत काफी खराब रही. टीम ने 4 रन पर ही पहला विकेट गंवा दिया. फिर मुशीर खान क्रीज पर उतरे. लेकिन टीम ने 84 रन तक पहुंचने में 2 और विकेट गंवा दिए. हालांकि, मुशीर खान ने एक छोर को संभाले रहा. मुशीर ने 126 गेंदों का सामना करते हुए 8 चौके और 2 छक्कों की मदद से 96 रन बनाए. वो शतक की ओर बढ़ रहे थे, तभी निशांत सिंधु की एक शानदार गेंद पर कैच थमा बैठे.
पहली पारी में भी खेलीं 126 गेंदें
इस मैच की दोनों पारियों में मुशीर खान ने अपनी लंबी पारी खेलने की क्षमता साबित की. पहली पारी में उन्होंने भले ही 31 रन बनाए, लेकिन इस दौरान वो 126 गेंदों तक क्रीज पर टिके रहे. मुशीर खान ने इस दौरान नॉर्थ जोन के गेंदबाजों को जमकर परेशान किया. मैच में कुल 252 गेंदों का सामना कर उन्होंने साबित कर दिया कि वो लाल गेंद के क्रिकेट में दबाव झेलने का पूरा हुनर रखते हैं.
फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 46 से ज्यादा का औसत
21 साल की उम्र में ही मुशीर खान का फर्स्ट क्लास क्रिकेट रिकॉर्ड काफी शानदार रहा है. उन्होंने अपने 18 फर्स्ट क्लास मैचों के करियर में अब तक 5 शतक और 4 अर्धशतक जड़े हैं. उनका बल्लेबाजी औसत 46 से ज्यादा का है. वो मुंबई की टीम का अहम हिस्सा हैं और तीनों फॉर्मेट में खेलते हैं. लिस्ट ए में भी उनका औसत 40.83 का है. मुशीर खान का ये प्रदर्शन उनके लिए जल्द ही इंडिया ए का दरवाजा भी खोल सकता है. वो लगातार अच्छा प्रदर्शन करके सेलेक्टर्स का ध्यान अपनी ओर खींच रहे हैं.

मोहिद खान
मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.
Read More