August 23, 2026

कौन थी नाजिया खानम? पंखे से लटका मिला रक्षा मंत्रालय की गर्भवती अधिकारी का शव, 4 महीने पहले हुई थी शादी

Time Published: Sunday, August 23, 2026, 13:48 [IST]

Nazia Khanam: दिल्ली के द्वारका में रक्षा मंत्रालय में तैनात एक महिला अधिकारी की मौत का मामला सामने आया है। 21 अगस्त को 30 वर्षीय नाजिया खानम अपने घर में मृत मिलीं। नाजिया करीब तीन महीने की गर्भवती थीं। उनके परिवार ने पति और ससुराल के अन्य लोगों पर लंबे समय से मानसिक और शारीरिक परेशान करने का आरोप लगाया है। परिवार का कहना है कि नाजिया फोन पर कई बार उन्हें अपनी परेशानी बताती थीं और पति के व्यवहार की शिकायत करती थीं।

वहीं, पुलिस को दिए बयान में नाजिया के पति ने बताया कि पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद नाजिया ने खुद को दूसरे कमरे में बंद कर लिया। बाद में उसने खिड़की से नाजिया को पंखे से लटका देखा। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Nazia Khanam

अप्रैल में हुई थी नाजिया की शादी

नाजिया खानम की शादी अजम अली खान से 11 अप्रैल 2026 को हुई थी। परिवार के मुताबिक शादी के कुछ समय बाद ही नाजिया को ससुराल में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। नाजिया के पिता तवाब खान ने एफआईआर में आरोप लगाया है कि उनके दामाद अजम अली खान, सास सामिन निशा, ससुर बाबर अली खान और परिवार के दूसरे लोग उनकी बेटी को लगातार परेशान करते थे। आरोप है कि उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट भी की जाती थी।

ये भी पढ़ें: जेल जाएंगे CJP फाउंडर अभिजीत दीपके? मुस्लिम महिला ने दर्ज कराई FIR! क्या है पूरा मामला

फोन पर परिवार को बताती थीं अपनी परेशानी

नाजिया के पिता का कहना है कि उनकी बेटी ने कई बार फोन करके ससुराल में हो रही कथित ज्यादती के बारे में परिवार को बताया था। उन्होंने आरोप लगाया कि नाजिया को घर से निकालने और जान से मारने की धमकी भी दी जाती थी। परिवार के अनुसार, नाजिया उस समय करीब तीन महीने की गर्भवती थीं। पिता का आरोप है कि बेटी की शिकायतों के बावजूद उसके पति के व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया।

घर में इस तरह हुआ विवाद

पुलिस को दिए बयान में नाजिया के पति अजम अली खान ने घटना से पहले दोनों के बीच बहस होने की बात कही है। उसके मुताबिक, विवाद के बाद नाजिया ने उसे एक कमरे में बंद कर दिया और खुद दूसरे कमरे में चली गई। पति का कहना है कि उसने इसके बाद मकान मालिक को फोन किया। मकान मालिक बालकनी तक आया और सीढ़ी की मदद से उसे कमरे से बाहर निकलने में मदद की।

खिड़की से देखा तो पंखे से लटकी मिलीं

पति ने पुलिस को बताया कि कमरे से बाहर आने के बाद उसने खिड़की से अंदर देखा। वहां नाजिया छत के पंखे से चुन्नी के सहारे लटकी हुई दिखाई दीं। नाजिया को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटना की जानकारी उनके मायके वालों को भी दी।

पिता और भाई ने दर्ज कराया बयान

नाजिया के पिता तवाब खान और उनके भाई ने बाद में कार्यकारी मजिस्ट्रेट दिनेश राणा, बिजवासन के सामने अपने बयान दर्ज कराए। तवाब खान ने अपने बयान में दामाद बाबर अजम खान को बेटी की मौत के लिए जिम्मेदार बताया और उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। परिवार का आरोप है कि नाजिया की मौत के पीछे उसके ससुराल वालों की भूमिका है। वहीं, एफआईआर में दर्ज पति के बयान के मुताबिक उसने नाजिया को पंखे से लटका हुआ देखा था। ऐसे में पुलिस अब परिवार के आरोपों और पति के बयान, दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

इन धाराओं में दर्ज हुआ केस

पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता यानी BNS की धारा 85 और 108 के तहत केस दर्ज किया है। धारा 85 पति या उसके रिश्तेदारों की ओर से महिला के साथ क्रूरता से जुड़ी है, जबकि धारा 108 आत्महत्या के लिए उकसाने से संबंधित है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। नाजिया की मौत की परिस्थितियों, परिवार की शिकायतों और ससुराल पक्ष पर लगाए गए आरोपों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें: '2022 से चल रहा था सॉल्वर गैंग', NEET धांधली के आरोपी रविशंकर ने पूछताछ में खोले कई बड़े राज

मदद बस एक कॉल दूर

पहचान पूर्णतः गोपनीय , पेशेवर परामर्श सेवा

iCALL मेंटल हेल्पलाइन नंबर: 9152987821

सोम - शनि: सुबह 10 बजे - शाम 8 बजे