October 10, 2026

सहारनपुर में हथियार तस्करी गिरोह के पिता-पुत्र गिरफ्तार: 4 बंदूकें, 111 कारतूस और 32 लाख रुपए बरामद; बिना नंबर की वैन्यू कार जब्त - Saharanpur News

सहारनपुर में मिर्जापुर थाना पुलिस और एसटीएफ मेरठ की संयुक्त टीम ने अवैध हथियारों की तस्करी और बिक्री करने वाले गिरोह के दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मिर्जापुर पोल निवासी हसन और उसके बेटे अहतशाम के रूप में हुई है। पुल

.

पुलिस के मुताबिक, इस गिरोह के तीन आरोपियों को 1 अक्टूबर को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। जांच के दौरान हसन और अहतशाम के नाम सामने आए थे। दोनों मामले में वांछित चल रहे थे।

खारा पावर हाउस के पास से पकड़े गए पिता-पुत्र

पुलिस के अनुसार, 10 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिलने के बाद खारा पावर हाउस के पास चेकिंग की गई। सुबह करीब 5:40 बजे टीम ने हसन और अहतशाम को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उनके पास से बंदूकें, कारतूस, नकदी, मोबाइल फोन और कार बरामद हुई।

चार बंदूकें और 111 कारतूस मिले

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 12 बोर की 4 डबल बैरल बंदूकें बरामद की हैं। इनमें एक पर बीएसए कॉर्प सुपीरियर, दूसरी पर एनवाईए कश्मीर सिंडिकेट और दो पर भाटी एंड कंपनी लिखा है। इसके अलावा 12 बोर के 111 जिंदा कारतूस मिले हैं। पुलिस हथियारों और कारतूसों के संबंध में जांच कर रही है।

ट्रॉली बैग में रखे थे 32 लाख रुपए

पुलिस को आरोपियों के पास से एक ट्रॉली बैग मिला। इसमें कपड़ों के साथ 500 रुपए के नोटों की 64 गड्डियां रखी थीं। प्रत्येक गड्डी में 100 नोट थे। इस तरह कुल 32 लाख रुपए बरामद हुए। पुलिस नकदी के स्रोत का पता लगाने में जुटी है।

तीन मोबाइल और बिना नंबर प्लेट की कार जब्त

कार्रवाई के दौरान एक सफेद रंग का आईफोन, हरे रंग का मोटोरोला फोन और ग्रे रंग का आईफोन बरामद किया गया। इसके अलावा गहरे नीले रंग की बिना नंबर प्लेट वाली वैन्यू कार जब्त की गई। पुलिस ने कार को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया है।

पहले गिरफ्तार हुए थे तीन आरोपी

पुलिस के मुताबिक, 1 अक्टूबर को मिर्जापुर पुलिस और एसटीएफ मेरठ की संयुक्त टीम ने इसी गिरोह के तीन आरोपियों को अवैध हथियारों और कारतूसों के साथ गिरफ्तार किया था। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर तीनों को जेल भेज दिया गया था। जांच के दौरान हसन और अहतशाम की भूमिका सामने आने के बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया।

हथियारों के नेटवर्क और नकदी के स्रोत की जांच

पुलिस अब बरामद 32 लाख रुपए के स्रोत, हथियारों की खरीद-फरोख्त और तस्करी के नेटवर्क की जांच कर रही है। साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का भी पता लगाया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।