September 27, 2026

37 कार्टन में 1776 बोतलें और 300 खुली बोतल.. बिहार में एम्बुलेंस से शराब की स्मगलिंग, ऐसे खुला राज

Bihar Crime News: शराब तस्करी के खिलाफ बेगूसराय पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में वीरपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने तस्करों के नए हथकंडे का खुलासा करते हुए एंबुलेंस में छिपाकर ले जाई जा रही 373.680 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही एंबुलेंस चालक और शराब के धंधे से जुड़े अन्य लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस ने एंबुलेंस को जब्त कर लिया है और अब शराब की खेप के स्रोत से लेकर उसके संभावित गंतव्य तक की कड़ियां खंगाल रही है।

सदर डीएसपी-2 कुमारी दुर्गा शक्ति के अनुसार, शनिवार देर रात वीरपुर पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एंबुलेंस के जरिए शराब की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और वीरपुर टांरी पुल की ओर जाने वाले रास्ते में वाहन जांच और निगरानी शुरू की गई। इसी दौरान संदिग्ध एंबुलेंस को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान एंबुलेंस के अंदर छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब को जब्त करने के साथ एंबुलेंस को भी अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस की भनक लगते ही चालक समेत शराब कारोबार से जुड़े लोग मौके से फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने फरार आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।

वीरपुर थानाध्यक्ष राजू रंजन कुमार ने बताया कि बरामद शराब में 37 कार्टून में कुल 1776 बोतलें थीं। इसके अलावा 300 खुली बोतलें भी बरामद की गईं। कुल मिलाकर 373.680 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई है। इस मामले में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है। फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की यह खेप कहां से लाई गई थी, इसे कहां पहुंचाया जाना था और इस पूरे नेटवर्क में एंबुलेंस का इस्तेमाल किस तरह किया जा रहा था। पुलिस बरामद शराब के पीछे सक्रिय तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाल रही है।

इधर, बलिया थाना क्षेत्र में भी पुलिस ने शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 187.2 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कमालपुर दियारा स्थित शुभम टेंट हाउस में शराब छिपाकर रखी गई है। सूचना के आधार पर बलिया थाना पुलिस ने शुभम टेंट हाउस में छापेमारी की। तलाशी के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की और मौके से एक कथित शराब कारोबारी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपित की पहचान खगड़िया जिले के महेशपुर थाना क्षेत्र के बन्नी गांव निवासी सुरेश प्रसाद सिंह के पुत्र धर्मेंद्र कुमार के रूप में हुई है।

बलिया पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मद्यनिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। बेगूसराय के वीरपुर और बलिया थाना क्षेत्रों में हुई इन दोनों कार्रवाइयों में कुल 560.88 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई है। एक ओर वीरपुर में पुलिस ने एंबुलेंस के जरिए शराब ढोने के प्रयास का पर्दाफाश किया, वहीं बलिया में टेंट हाउस को शराब छिपाने के लिए इस्तेमाल किए जाने का मामला सामने आया।पुलिस दोनों मामलों में शराब की खेप के स्रोत, गंतव्य और इससे जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है। फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार छापेमारी की जा रही है।