October 17, 2026

सरगुजा के 35 स्कूलों में NEET-JEE के लाइव क्लासेस: ऑनलाइन पढ़ाएंगे एक्सपर्ट टीचर, ढाई हजार से अधिक छात्रों को मिलेगा सीधा लाभ - Ambikapur (Surguja) News

सरगुजा के 35 हायर सेकेंडरी स्कूलों में आज से NEET और JEE की ऑनलाइन क्लास शुरू हो गई है। इन क्लास में कोटा और दूसरे शहरों के एक्सपर्ट टीचर बच्चों को पढ़ाएंगे। छात्र ऑनलाइन पढ़ाई के दौरान शिक्षकों से सीधे सवाल भी पूछ सकेंगे। इससे जिले के ढाई हजार से ज्

.

मंत्री राजेश अग्रवाल, सांसद चिंतामणि महाराज और विधायक प्रबोध मिंज की मौजूदगी में ऑनलाइन क्लास का शुभारंभ किया गया। सरगुजा प्रदेश का पहला जिला बन गया है, जहां स्कूली बच्चों को स्कूल में ही NEET और JEE की तैयारी के लिए ऑनलाइन क्लास की सुविधा मिल रही है। इसके लिए स्कूलों में जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर भी तैयार कर लिया गया है।

सरगुजा के कलेक्टोरेट सभाकक्ष में छात्रों के लिए नीट और जेईई की ऑनलाइन क्लासेस शुरू की गईं। फिलहाल इसके लिए जिले के 35 स्कूलों का चयन किया गया है। इन क्लासेस के लिए जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद से राशि मंजूर की गई है। साथ ही, स्कूलों में जरूरी सुविधाएं भी तैयार की गई हैं।

इन ऑनलाइन क्लासेस टू-वे होंगी। यानी बच्चे ऑनलाइन पढ़ाई के दौरान शिक्षकों से सीधे सवाल पूछ सकेंगे।

ऑनलाइन क्लासेस के शुभारंभ अवसर पर छात्र

ऑनलाइन क्लासेस के शुभारंभ अवसर पर छात्र

ऑनलाइन के बाद रिकार्डेड मोड में भी क्लासेस

कलेक्टर अजीत वसंत ने बताया कि फिलहाल 35 स्कूलों में ऑनलाइन क्लास के लिए सभी इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किए गए हैं। ऑनलाइन क्लास के बाद बच्चों को रिकॉर्डेड क्लास देखने की सुविधा भी मिलेगी। इससे वे अपनी सुविधा के अनुसार दोबारा पढ़ाई कर सकेंगे। जरूरत के हिसाब से भविष्य में इस व्यवस्था का विस्तार भी किया जा सकता है।

उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन बच्चों को टैबलेट, इंटरनेट और पढ़ाई से जुड़ी सामग्री भी उपलब्ध कराएगा, ताकि उन्हें नीट और जेईई की तैयारी करने में आसानी हो।

मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि स्कूलों में ही नीट और जेईई की ऑनलाइन क्लास शुरू करने वाला सरगुजा संभवतः पहला जिला है। यह पहल डीएमएफ की राशि से शुरू की गई है। इन क्लासेस में हिंदी और अंग्रेजी, दोनों माध्यमों से पढ़ाई होगी।

सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने छात्रों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि बच्चे इन ऑनलाइन क्लासेस का पूरा फायदा उठाएं और नीट-जेईई की तैयारी करें। इससे खासकर उन छात्रों को मदद मिलेगी, जो आर्थिक परेशानी के कारण महंगी कोचिंग नहीं कर पाते।

दिल्ली एवं कोटा के टीचर लेंगे क्लासेस

ऑनलाइन क्लास के लिए दिल्ली और कोटा के अनुभवी शिक्षकों को जोड़ा गया है, जो रोज शाम को लाइव क्लास लेंगे और बच्चों के डाउट भी क्लियर करेंगे।

ऑनलाइन क्लासेस के शुभारंभ अवसर पर युवा आयोग अध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर, डीइओ दिनेश झा सहित अधिकारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।