जशपुर पुलिस ने 311 किलोग्राम गांजा तस्करी के बहुचर्चित मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी को मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ से गिरफ्तार कर लिया है। तकनीकी साक्ष्यों, साइबर सेल और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने यह कार्रवाई की। आरोपी लंबे समय से ठिकाने बदल
.
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रूप सिंह यादव (35) निवासी गांधी चौक, झारसुगड़ा (ओडिशा) के रूप में हुई है, जो वर्तमान में मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ में छिपकर रह रहा था।
नाकाबंदी तोड़कर जंगल में छोड़ गया था वाहन
यह मामला 14 जुलाई का है। कुनकुरी थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा से एक इनोवा कार में बड़ी मात्रा में गांजा छत्तीसगढ़ लाया जा रहा है। सूचना पर जयस्तंभ चौक में नाकाबंदी की गई, लेकिन पुलिस को देखकर चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
पुलिस ने पीछा किया तो आरोपी बोडोकछार-पुटपुटीपानी जंगल में इनोवा छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए भाग निकला। वाहन की तलाशी में 295 पैकेटों में भरा 311 किलो 35 ग्राम गांजा, फर्जी नंबर प्लेट और गांजा ढंकने के लिए इस्तेमाल किए गए काले रंग के दो कपड़े बरामद हुए थे। इसके बाद एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
तकनीकी साक्ष्यों से मिला सुराग, टीकमगढ़ से गिरफ्तारी
जाँच के दौरान साइबर सेल और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से फरार चालक की पहचान रूप सिंह यादव के रूप में हुई। पुलिस को सूचना मिली कि वह टीकमगढ़ में छिपा हुआ है। इसके बाद डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर मध्य प्रदेश भेजी गई। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया और उसे जशपुर लाकर पूछताछ की।
निशानदेही पर इनोवा की असली चाबी बरामद
पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर झारसुगड़ा स्थित उसके घर से घटना में प्रयुक्त इनोवा की मूल चाबी भी बरामद कर जब्त कर ली। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपी ने गांजा तस्करी से जुड़े कई अहम सुराग दिए हैं।
अंतर्राज्यीय नेटवर्क पर शिकंजा कसने की तैयारी
पुलिस के अनुसार इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान भी कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। जांच में पूरे अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क, सप्लाई चेन और उससे जुड़े लोगों की भूमिका खंगाली जा रही है।
एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस नशे के कारोबार के खिलाफ "जीरो टॉलरेंस" की नीति पर काम कर रही है। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और सभी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।