- Hindi News
- Local
- Uttar pradesh
- Shamli
- Shamli Water Tank Operators Protest | DM Demand Salary Payment Complaint
आकाश मलिक | शामली1 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

शामली जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में जल निगम की पानी की टंकियों का संचालन कर रहे ऑपरेटरों ने 31 माह से मानदेय नहीं मिलने का आरोप लगाया है। ऑपरेटरों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर बकाया भुगतान कराने की मांग की है।
ऑपरेटरों का कहना है कि जल निगम और संबंधित कंपनी की ओर से 25 फरवरी 2024 से अगस्त 2026 तक मानदेय का भुगतान नहीं किया गया है। लंबे समय से भुगतान नहीं होने के कारण उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
कंपनी के अधिकारी देते रहे भुगतान का आश्वासन
ऑपरेटरों ने बताया कि वे उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित पानी की टंकियों पर ऑपरेटर के रूप में चयनित हैं। उनके मुताबिक, संबंधित कंपनी के अधिकारियों से कई बार भुगतान की मांग की गई। हर बार जल्द भुगतान कराने का आश्वासन दिया गया, लेकिन बकाया मानदेय नहीं मिला।

तहसील दिवस में भी शिकायत, फिर भी नहीं मिला पैसा
ऑपरेटरों के अनुसार, 17 अगस्त 2026 को शामली में आयोजित तहसील दिवस में भी उन्होंने मानदेय की समस्या को लेकर प्रार्थना पत्र दिया था। उस दौरान जल निगम और कंपनी के अधिकारियों ने 30 अगस्त तक संपूर्ण भुगतान कराने का आश्वासन दिया था। निर्धारित समय बीतने के बाद भी भुगतान नहीं होने का आरोप है।
बोले- अधिकारियों ने लगा दी गलत समाधान रिपोर्ट
ऑपरेटरों ने शिकायत के निस्तारण को लेकर अधिकारियों पर गलत रिपोर्ट प्रस्तुत करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि जल निगम के एक अधिकारी ने उप जिलाधिकारी शामली के समक्ष रिपोर्ट दाखिल कर दी कि टंकी ऑपरेटरों का भुगतान किया जा चुका है। ऑपरेटरों का यह भी आरोप है कि जनसुनवाई पोर्टल पर उनकी शिकायत का गलत समाधान दर्शाया गया है।
जांच कर बकाया भुगतान कराने की मांग
ऑपरेटरों ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की जांच कराने और 31 माह का बकाया मानदेय तत्काल दिलाने की मांग की है। साथ ही गलत समाधान रिपोर्ट प्रस्तुत करने के मामले में संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर नियमानुसार कार्रवाई की अपील की है। प्रार्थना पत्र देने वालों में भवन सिंह, समीप कुमार, सतीश राठी, रानी, सूरज कुमार, मेनपाल, सुशील कुमार सहित अन्य टंकी ऑपरेटर शामिल बताए गए हैं।
.