August 12, 2026

रिफाइनरी में तेल की हाईटेक सिक्योरिटी, 30KM दूर ही चोरी: प्रेशर सिस्टम, ड्रोन, गार्ड को भी नहीं लगी भनक; गुजरात ATS की कार्रवाई से हुआ खुलासा - Barmer News

बालोतरा में हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) रिफाइनरी में क्रूड ऑयल की हाईटेक सिक्योरिटी के बाद भी चोरी ने सवाल खड़े कर दिए हैं। थ्री-लेयर हाईटेक पाइपलाइन ट्रैकिंग सिस्टम के बाद भी 30 किमी दूर कच्चे तेल की चोरी हो गई।

.

हैरानी की बात है कि एचपीसीएल को चोरी की भनक तक नहीं लगी। जबकि पाइपलाइन पर हथौड़े या जेसीबी से दबाव पड़ने और क्रूड ऑयल का प्रेशर कम होने तक का अलर्ट कंट्रोल रूम में पहुंच जाता है। ड्रोन से निगरानी करने के साथ ही और दिन-रात सिक्योरिटी गार्ड तैनात रहते हैं।

गुजरात में एटीएस की कार्रवाई के बाद मामले का खुलासा हुआ। मामले में 8 आरोपी गिरफ्तार हुए हैं, जिनमें एक राजस्थान का है। पुलिस ने सभी को 17 अगस्त तक रिमांड पर लिया है। पूछताछ में और कई बड़े खुलासे हो सकते हैं।

आरोपियों ने बालोतरा के कालूडी में पाइपलाइन में वाल्व लगाकर दो टैंकर कच्चा तेल चोरी कर लिया। गुजरात की ATS की कार्रवाई के बाद मामले का खुलासा हुआ।

आरोपियों ने बालोतरा के कालूडी में पाइपलाइन में वाल्व लगाकर दो टैंकर कच्चा तेल चोरी कर लिया। गुजरात की ATS की कार्रवाई के बाद मामले का खुलासा हुआ।

गुजरात से पाइपलाइन के जरिए पहुंचता है कच्चा ऑयल

गुजरात के कांडला (मुंद्रा) पोर्ट से करीब 700 किलोमीटर लंबी एएमपीएल (अरब मिक्स पाइपलाइन) के जरिए पचपदरा रिफाइनरी तक क्रूड ऑयल लाया जाता है। वहीं, बाड़मेर के मंगला प्रोसेसिंग टर्मिनल से पचपदरा रिफाइनरी तक 95 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछी है। देखरेख और सुरक्षा का जिम्मा वॉरियर्स सिक्योरिटी एजेंसी के पास है। मामले में सिक्योरिटी साइड इंचार्ज श्रवण कुमार ने जसोल थाने में FIR दर्ज करवाई है।

तेल की सिक्योरिटी के लिए पाइपलाइन का हाईटेक ट्रैकिंग सिस्टम

कांडला पोर्ट से पचपदरा रिफाइनरी तक बिछी पाइपलाइन की नियमित पेट्रोलिंग के साथ दिन और रात में सिक्योरिटी गार्ड भी तैनात रहते हैं। इसके बावजूद आरोपियों ने पाइपलाइन में वाल्व लगाकर कच्चा तेल चोरी कर लिया और दो टैंकर भरकर ले गए।

जहां पाइपलाइन में वाल्व लगाया, वहां दिन-रात गार्ड तैनात रहते हैं

सिक्योरिटी साइड इंचार्ज श्रवण कुमार ने रिपोर्ट में बताया- पाइपलाइन के सीएच 416 से 490 तक रात में सुपरवाइजर ईश्वरलाल और दिन में धन्नाराम की ड्यूटी रहती है। रात में करीब सीएच 460, गांव कालूडी तहसील पचपदरा के पास क्रूड ऑयल पाइपलाइन में वाल्व लगाकर कच्चा तेल चोरी किया गया।

क्रूड ऑयल पाइपलाइन में लगाए गए वॉल्व पॉइंट से 6 किलोमीटर दूर ही पकड़े गए आरोपी ढाबे में रुके हुए थे।

क्रूड ऑयल पाइपलाइन में लगाए गए वॉल्व पॉइंट से 6 किलोमीटर दूर ही पकड़े गए आरोपी ढाबे में रुके हुए थे।

अब पढ़ें … कैसे खुला पूरा मामला

ATS ने क्रूड ऑयल के साथ पकड़ा तो उगला राज गुजरात ATS को सूचना मिली थी कि गुजरात और राजस्थान के कुछ लोग मिलकर बालोतरा में एचपीसीएल रिफाइनरी की पाइपलाइन से क्रूड ऑयल चोरी कर रहे हैं। चोरी किए गए क्रूड ऑयल को अहमदाबाद-राजकोट हाईवे पर बेचने की कोशिश की जा रही है। टीम ने 10 अगस्त को गुजरात के कुवाडवा के पास सोखड़ा गांव जाने वाले रास्ते पर राजकोट जिले के धोराजी निवासी जयराज सिंह (34) को डिटेन किया। उसके कब्जे से क्रूड ऑयल मिला। पूछताछ में उसने बताया कि वह यह क्रूड ऑयल बालोतरा के कालूड़ी गांव से लेकर आया था।

गड्ढा खोदकर लगाया था वॉल्व, 6 किलोमीटर दूर मिले अन्य आरोपी जयराज सिंह को जसोल थाने ले जाकर पूछताछ की गई। उसने बताया कि कालूड़ी गांव की बंजर जमीन में गहरा गड्ढा खोदकर एचपीसीएल की पाइपलाइन में वाल्व लगाया है, जहां से क्रूड ऑयल चोरी किया जाता था। इसके बाद पुलिस ने एचपीसीएल अधिकारियों को सूचना दी। पुलिस टीम के साथ मौके पर जांच की गई तो पाइपलाइन में वाल्व लगा मिला। डिटेन युवक से पूछताछ में सामने आया कि अन्य आरोपी वॉल्व पॉइंट से 6 किमी दूर एक ढाबे पर रुके हुए हैं।

ढाबे से सात लोगों को पकड़ा

एटीएस टीम ने राजस्थान पुलिस की मदद से साजिश में शामिल 7 अन्य आरोपियों को 10 अगस्त की रात ही बालोतरा के टापरा गांव के पास एक ढाबे से डिटेन किया। इनमें गुजरात के महेसाणा के नागलपुर निवासी घनश्याम सोनी (54), चालासण निवासी रमेश ठाकोर (41), महेश ठाकोर (32) और जोटाणा निवासी सुरेजी ठाकोर (32) शामिल हैं। इनके अलावा जालोर के जसवंतपुरा निवासी और हाल अहमदाबाद में रहने वाले मुकेश कुमार मेघवाल (44), गुजरात के गांधीनगर के कालोल निवासी रणजीत चोरसिया (48) और उत्तर प्रदेश के इटावा के आसपुर निवासी दिलीप यादव (35) को भी पकड़ा गया।

17 अगस्त तक पुलिस रिमांड पर एसपी राजेश कुमार कॉवत ने बताया - गिरफ्तार सभी आठ आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें 17 अगस्त तक पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है कि बालोतरा में स्थानीय स्तर पर किसने उनकी मदद की और क्रूड ऑयल चोरी में और कौन-कौन शामिल है। अब तक की पूछताछ में दो टैंकर क्रूड ऑयल चोरी करने की बात सामने आई है।

---

संबंधित ये खबर भी पढ़ें…

राजस्थान रिफाइनरी की पाइपलाइन से 2 टैंकर क्रूड ऑयल चोरी:6 महीने रेकी के बाद गड्ढा खोदकर वाल्व लगाया, 8 आरोपी पकड़े

बालोतरा में एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी की पाइपलाइन से दो टैंकर क्रूड ऑयल चुरा लिया। इसके लिए आरोपी करीब 6 महीने से पाइपलाइन की रेकी कर रहे थे। पूरी खबर पढ़िए