मंदसौर जिले के दलोदा थाना क्षेत्र में शनिवार रात सड़क हादसे में 40 वर्षीय हेड प्रधान आरक्षक मुकेश सिंह भदोरिया की मौत हो गई। वे ड्यूटी पूरी कर कार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान थाने से करीब 300 मीटर दूर एक ट्रक ने उनकी कार को टक्कर मार दी। डायल-112 की
.
पुलिस के अनुसार, हादसा शनिवार रात करीब 10:30 बजे हुआ। मुकेश सिंह भदोरिया अपनी कार (एमपी-14-सीसी-0888) से दलोदा थाने से घर के लिए निकले थे। कुछ ही दूरी पर ट्रक (आरजे-09-जीएफ-2559) ने उनकी कार को टक्कर मार दी। हादसे के तुरंत बाद डायल-112 की टीम उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंची।
थाने से ड्यूटी के बाद लौट रहे थे
मुकेश सिंह के साथी पुलिसकर्मी यादवेंद्र सिंह सिसोदिया ने बताया कि हादसे से कुछ मिनट पहले तक दोनों थाने में साथ थे। मुकेश घर जाने के लिए निकले थे। करीब पांच मिनट बाद हादसे की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने तक उन्हें अस्पताल ले जाया जा चुका था।
जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में डॉ. मोइन नियारगर ने सीपीआर देकर उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। डॉक्टरों ने बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी। उनके शरीर पर गंभीर बाहरी चोट के निशान नहीं थे। केवल नाक से हल्का रक्तस्राव था। प्रारंभिक जांच में अंदरूनी चोट से मौत की आशंका जताई गई है।
हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और जवान जिला अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने ट्रक और उसके चालक को हिरासत में ले लिया है। शव को जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
आगरा के रहने वाले थे मुकेश सिंह भदोरिया मूल रूप से उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के रहने वाले थे। उनके पिता भी पुलिस विभाग में हेड कांस्टेबल रहे और जेल पुलिस से सेवानिवृत्त हुए थे। परिवार लंबे समय से मंदसौर में रह रहा है।
मुकेश कई वर्षों से जिले के अलग-अलग थानों में सेवाएं दे रहे थे। उनके परिवार में पत्नी, दो छोटे बच्चे, छोटा भाई कमलेश भदोरिया, जो मंदसौर सिटी कोतवाली में हेड कांस्टेबल हैं, और बड़े भाई लोकेश सिंह भदोरिया, जो इंदौर के आजाद नगर थाने में टीआई हैं। घटना की सूचना मिलते ही लोकेश सिंह रात करीब 2:30 बजे मंदसौर पहुंच गए। हेड प्रधान आरक्षक मुकेश सिंह भदोरिया के निधन से पूरे मंदसौर पुलिस महकमे में शोक की लहर है।